महाराष्ट्र के पुणे में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। 34 साल की मुग्धा देशमुख की लाश एक फ्लैट से मिली है। परिवार को लगता था कि मुग्धा लंदन में रहकर MBA की पढ़ाई कर रही हैं, लेकिन हकीकत कुछ और थी। वह अगस्त में ही चुपचाप भारत लौट आई थीं। इतना ही नहीं, उन्होंने पुणे के गहुंजे इलाके में एक फ्लैट किराये पर ले रखा था और वहीं अकेले रह रही थीं। इसी फ्लैट में अब उनकी लाश मिली है।
बताया जा रहा है कि परिवार को इस बात की जानकारी नहीं थी कि मुग्धा भारत लौट आई है। घरवालों को उनकी वापसी का पता तब चला, जब कई दिनों तक बेटी से संपर्क नहीं हो पाया। इसके बाद परिवार परेशान हुआ और उसकी तलाश शुरू कर दी। उसके पिता ने एक-एक कर बैंक से जुड़े लेनदेन की जानकारी खंगालनी शुरू की।
यह भी पढ़ें: 'जिसे दिल्ली नहीं हैंडल कर पाती मैं उसके निशाने पर', हार पर बोले संजयन त्रिपाठी
क्या है पूरा मामला?
परिवार के अनुसार, मुग्धा जुलाई 2025 में MBA की पढ़ाई के लिए लंदन गई थीं। परिवार से उनकी बातचीत होती रहती थी, इसलिए घरवालों को यही भरोसा था कि बेटी विदेश में पढ़ाई कर रही है। लेकिन अगस्त 2026 में वह लंदन छोड़कर भारत लौट आईं। उन्होंने परिवार को इसकी जानकारी नहीं दी।
इस बीच 23 अक्टूबर को उनकी मां से आखिरी बार बातचीत हुई। बताया जाता है कि उन्होंने मां को एक जॉब इंटरव्यू के बारे में बताया था। इसके अगले दिन से उनका फोन बंद आने लगा। परिवार ने कई बार संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। पिता ने लंदन में रहने वाली मुग्धा की एक दोस्त से भी बात की। दोस्त ने बताया कि उसकी मुग्धा से आखिरी बातचीत 22 अक्टूबर को हुई थी। इसी दौरान पता चला कि मुग्धा अगस्त के आखिर में ही ब्रिटेन छोड़ चुकी थीं।
कैसे पता चली लोकेशन?
मुग्धा के इंग्लैंड छोड़ने की जानकारी मिलने के बाद परिवार ने उनके बैंक स्टेटमेंट की जांच की तो कई ऑनलाइन ट्रांजैक्शन दिखाई दिए। स्विगी, जोमैटो, ब्लिंकिट और दूसरे ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर किए गए भुगतान से पता चला कि वह भारत में कहीं मौजूद हैं। इन ट्रांजैक्शन के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।
पुलिस ने मुग्धा की जोमैटो ऑर्डर हिस्ट्री भी खंगाली। ऑर्डर की डिलीवरी से जुड़ी जानकारी ने पुलिस को पुणे के गहुंजे इलाके में स्थित लोढ़ा बेलमोंडो सोसायटी तक पहुंचा दिया। इसके बाद पुलिस टीम उस फ्लैट में पहुंची, जहां मुग्धा के रहने की जानकारी मिली थी। दरवाजा अंदर से बंद था और काफी कोशिश के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला।
यह भी पढ़ें: स्कूल में घुसकर आरी से 10वीं की छात्रा पर किया हमला, देखते रह गए 30 बच्चे
घर के अंदर मिली लाश
पुलिस ने चाबी बनाने वाले की मदद ली और दरवाजा खुलवाया। फ्लैट के अंदर मुग्धा का शव पड़ा था। इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और जांच शुरू कर दी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, मुग्धा फ्लैट में अकेली रहती थीं और पड़ोसियों से उनका ज्यादा मेलजोल नहीं था। पुलिस ने सोसायटी के सुरक्षा गार्ड और आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की है। इस मामले में पुलिस अब जांच में जुट गई है।