आंध्र प्रदेश के अनंतपुर जिले से एक ऐसी घटना सामने आई है, जिसने सभी को हैरान और परेशान कर दिया है। इसके साथ ही स्कूलों में लड़कियों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां राप्ताडु मंडल के एक सरकारी स्कूल में 10वीं कक्षा की छात्रा पर एक युवक ने पेड़ काटने वाली इलेक्ट्रिक आरी से हमला कर दिया। हमले में छात्रा के चेहरे, सिर और पीठ पर गंभीर चोटें आई हैं। उसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, छात्रा को बचाने के लिए आगे आई दूसरी लड़की भी हमले में घायल हो गई।
यह घटना राप्ताडु मंडल मुख्यालय स्थित जिला परिषद हाई स्कूल की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुबह करीब 10 से 10:30 बजे के बीच स्कूल में पढ़ाई चल रही थी। इसी दौरान आरोपी हाथ में चेनसॉ यानी आरी लेकर 10वीं कक्षा के कमरे में पहुंचा और गोपिका नाम की छात्रा पर हमला कर दिया। उसने छात्रा के चेहरे के अलावा सिर और पीठ पर भी कई वार किए।
यह भी पढ़ें: ईंट से मारा, बेंच पर पटका; स्कूल में तीसरी के छात्र ने किया KG की बच्ची पर हमला
दूसरी छात्रा भी घायल
बताया जा रहा है कि जिस समय आरोपी ने हमला किया उस समय स्कूल में 30 से ज्यादा बच्चे मौजूद थे। गोपिका के साथ पढ़ने वाली लक्ष्मी नाम की एक छात्रा ने उसे बचाने की कोशिश की लेकिन आरोपी ने उस पर भी हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि इस हमले में उसे भी चोटें आई हैं। इस घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना के बाद स्कूल के शिक्षकों और दूसरे छात्रों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल छात्राओं को पहले नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। बाद में उन्हें बेहतर इलाज के लिए अनंतपुर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस हादसे में गोपिका की हालत काफी गंभीर बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि गोपिका की गर्दन और कानों पर गहरे घाव आए हैं और दाहिने हाथ को भी गंभीर नुकसान पहुंचा है।
बेंगलुरु में होगा इलाज
छात्रा की गंभीर हालत देखते हुए उसे इलाज के लिए बेंगलुरु लाया जाएगा। रिपोर्ट्स के अनुसार, दोनों लड़कियों को इमरजेंसी इलाज के लिए सीधे अनंतपुर के सरकारी जनरल अस्पताल ले जाया गया। उनमें से एक की वहां गंभीर सर्जरी चल रही है और उसे एयर एम्बुलेंस के जरिए बेंगलुरु के एक अस्पताल में शिफ्ट किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: 'आइए, बिहार में निवेश करिए', आनंद महिंद्रा ने की तारीफ, CM सम्राट ने दिया न्योता
कौन है आरोपी?
आरोपी गोपिका का दूर का रिश्तेदार था और काफी समय से उसे परेशान कर रहा था। बताया गया है कि गोपिका ने उसे दूर रहने की चेतावनी दी थी। उसने यह भी कहा था कि अगर वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आया तो इसकी शिकायत अपने माता-पिता से करेगी। आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर युवक ने स्कूल में घुसकर उस पर हमला कर दिया। वारदात के बाद वह स्कूल से फरार हो गया था। हालांकि, पुलिस ने उसे धर्मावरम रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया है।