आप के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने पश्चिम बंगाल के बालीगंज में एक जनसभा को संबोधित किया। यहां उन्होंने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और बीजेपी ने पश्चिम बंगाल की वोटर लिस्ट से 27 लाख वोटरों के नाम हटा दिए हैं।
केजरीवाल ने कहा, 'सोशल मीडिया पर देखिए लोग पीएम मोदी के खिलाफ हैं, उनके खिलाफ मीम बना रहे हैं। मोदी जी ईमानदारी से चुनाव नहीं जीत सकते।'
उन्होंने आगे कहा, 'मोदी जी के तीन यार, ईडी, सीबीआई और ज्ञानेश कुमार। मुझे पता चला है कि यहां पूरे देश से मिलिट्री बुला रखी है। मिलिट्री की क्या जरूरत है। बंगाल के लोग क्या आतंकवादी हैं? यह बंगाल के लोगों का अपमान है।'
यह भी पढ़ें: माली के रक्षा मंत्री की हत्या, पुतिन के लिए कितना बड़ा झटका?
बंगाल आने में क्या डर लगता है?
केजरीवाल ने आगे दावा किया कि बंगाल में साढ़े तीन लाख सैनिकों को तैनात किया गया है। आगे सवाल पूछा कि मोदी और अमित शाह को बंगाल में आने से क्या डर लगता है? इन्होंने ईडी, सीबीआई, ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग को लगा दिया है। उसके बाद भी अगर मोदी जी चुनाव हार गए तो बंगाल की जनता पूछना चाहती है कि मोदी जी इस्तीफा दोगे।
टीएमसी के पक्ष में मांगा वोट
केजरीवाल ने लोगों से टीएमसी को वोट देने की अपील की। उन्होंने कहा, 'जाओ और अपने दोस्तों, रिश्तेदारों और पड़ोसियों से कहो कि इस चुनाव में टीएमसी उम्मीदवारों को वोट दें। दीदी को बीजेपी के खिलाफ यह लड़ाई जीतनी है। आगे यह भी कहा कि याद रखना, वे (BJP) आपके नागरिकता दस्तावेजों, जैसे- राशन कार्ड को रद्द करवा देंगे। सिर्फ ममता बनर्जी ही आपकी मदद कर सकती हैं। वह आपके साथ खड़ी रहेंगी।
यह भी पढ़ें: सत्यनिष्ठ आर्य निकला बांग्लादेशी, सनीउर रहमान है असली नाम
'एजेंसियों का इस्तेमाल कर रही बीजेपी'
रैली में केजरीवाल ने बीजेपी पर विरोधियों के खिलाफ केंद्रीय एजेंसियों के इस्तेमाल का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, 'एक साल पहले उन्होंने मेरे खिलाफ भ्रष्टाचार का मामला दर्ज किया और मुझे छह महीने के लिए जेल में डाल दिया। एक साल बाद अदालत ने कहा कि मनगढ़ंत आरोपों के खिलाफ सबूत का एक भी टुकड़ा नहीं था। इस बदले की भावना वाली सरकार को पश्चिम बंगाल में सत्ता में न आने दें।'
अरविंद केजरीवाल ने दावा किया कि अगर मोदी सरकार सत्ता में आती है तो दीदी के सारे काम रद्द कर देगी। यह भी कहा कि मोदी ने विधानसभा चुनाव से पहले दिल्ली की हर महिला को 2,500 रुपये देने का वादा किया था, लेकिन बाद में वे अपने वादे से मुकर गए।