कांग्रेस नेता कन्हैया कुमार एक बार फिर से विवादों में आ गए हैं। कन्हैया का एक पुराना वीडियो अब चर्चा में आ गया है जिसको लेकर भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) भड़क गई है। यह वीडियो असम के बोंगईगांव का बताया जा रहा है और यह भाषण कन्हैया कुमार ने 5 अप्रैल को दिया था। इसमें वह कह रहे हैं कि सारे चोर बीजेपी में आ गए हैं और इन चोरों के सरदार जय शाह के पिताजी हैं। कन्हैया के इस बयान पर बीजेपी ने कहा है कि कांग्रेस के नेता गुजरात के लोगों को अनपढ़, गवार और घुसपैठिया बता रहे हैं। बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा है कि यह बयान कांग्रेस की गुजरात विरोधी मानसिकता को दिखाता है।
रोचक बात है कि कन्हैया कुमार का यह वीडियो असम में मतदान हो जाने के बाद सामने आया है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को गुजरात के लोगों से जोड़ दिया है। बीजेपी का आरोप है कि कन्हैया कुमार और कांग्रेस के तमाम नेता गुजरात के लोगों को अपमानित कर रहे हैं। इससे पहले कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान को लेकर भी बीजेपी ने सवाल उठाए थे और तब खड़गे ने माफी मांग ली थी।
कन्हैया कुमार ने कहा क्या था?
वायरल हुए वीडियो में कन्हैया कुमार कह रहे हैं, 'यह सिर्फ सरकार बदलने का चुनाव होता तो हम इतनी ताकत से चुनाव नहीं लड़ रहे होते। यह चुनाव अहोम संस्कृति को बचाने का चुनाव है। हम यह बात इसलिए कह रहे हैं क्योंकि पूरा का पूरा जो सिंडिकेट है, वह पहाड़ काट रहा है, रेत की चोरी कर रहा है, खदान की चोरी कर रहा है, हर जगह पर गुंडागर्दी, कमीशन, भ्रष्टाचार और लूट है। सारा का सारा चोर इकट्ठा होकर बीजेपी में शामिल हो गया है। इन चोरों का सरदार जय शाह का पिताजी है, उसका नाम आप जानते हैं न?'
उन्होंने आगे कहा, 'हम आए तो एक पत्रकार ने कहा कि घुसपैठिया का मुद्दा है। हमने उससे कहा कि सबसे बड़ा घुसपैठिया गुजरात से आया है। हिमंता बिस्व सरमा के साथ उसे भी भगाने की जरूरत है। हमारे जिले और गांव के लोग यहां काम करते हैं लेकिन फिर भी हम कहते हैं कि यहां की संपत्ति पर असम के लोगों का अधिकार है।'
कन्हैया कुमार ने कहा, 'राजबंशियों को ST का स्टेटस दिलाने का काम कांग्रेस पार्टी करेगी। हम इन चोरों से समझौता नहीं करेंगे। आज चुनाव में आ करके हिमंता बिस्व सरमा को 'जय अहोम' याद आ रहा है, जब स्कूल खोल रहे थे तो उसका नाम अहोम क्यों नहीं रखा? उसका नाम तो इंटरनेशनल रखा है, बच्चा इंटरनेशनल पढ़ेगा, चोरी करके माल इंटरनेशनल जमा किया जाएगा विदेशी खाते में। जुबीन दा की मौत हुई विदेश में तो उनको अभी तक न्याय नहीं दिलाया गया है।'
भड़क गई बीजेपी
कन्हैया कुमार के इस बयान पर पलटवार करते हुए बीजेपी प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने कहा है, 'जनता का अपमान, गुजरातियों का अपमान, यही बन चुकी है कांग्रेस पार्टी की पहचान। हमने पहले देखा कि खड़गे जी ने उत्तर भारतीयों और गुजरातियों को अशिक्षित, अनपढ़ और गंवार कहा। फिर उन्होंने माफी मांगने का ढोंग किया। अब जो कन्हैया कुमार है, जो राहुल गांधी की गैंग से है, वह भी गुजरात के लोगों का, असम के लोगों का अपमान करता है और कहता है कि ये घुसपैठिया है।'
उन्होंने आगे कहा, 'एक तरफ तो कांग्रेस पार्टी का दिल घुसपैठियों के लिए धड़कता है लेकिन ये लोग महात्मा गांधी और सरदार पटेल की भूमि गुजरात को घुसपैठियों की भूमि और अनपढ़-गंवार बता रहे हैं। यह कोई पहली बार नहीं है। सुरजेवाला ने जनता को राक्षस बोलने का काम किया है। यह मोहब्बत की दुकान नहीं, ये नफरत के भाईजान हैं।'
BJP ने शेयर किया एक वीडियो
बीजेपी ने इसी भाषण का एक हिस्सा शेयर करते हुए लिखा है, 'कांग्रेस को देश की सुरक्षा के लिए खतरा बने घुसपैठिए अपने लगते हैं और जो 24×7 देश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने में जुटे हैं, वही इन्हें बाहरी नजर आते हैं। अनपढ़, गंवार और अब घुसपैठिए, भारतवासियों को सिर्फ चंद वोटों के लिए अलग कर दे रहे हैं कांग्रेसी'