बिहार विधानसभा की तारीखें घोषित होने के बाद कांग्रेस ने बीजेपी-जेडीयू सरकार पर हमले तेज कर दिए हैं। गुरुवार को राजधानी पटना स्थित कांग्रेस कार्यालय में पार्टी ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके नीतीश कुमार की सरकार को आड़े हाथों लिया। प्रेस कॉन्फ्रेंस में कांग्रेस ने दिग्गज नेता अशोक गहलोत, भूपेश बघेल, जयराम रमेश, अधीर रंजन चौधरी आदि मौजूद रहे।
जरअसल, कांग्रेस ने बिहार चुनाव को लेकर '20 साल-विनाशकाल' चार्जशीट जारी किया। इसमें पार्टी ने आरोप लगाया कि नीतीश कुमार की सरकार ने 20 साल तक बिहार को लूटा है। अब बदलाव की बारी है और बिहार इस बदलाव के लिए तैयार है।
यह भी पढ़ें: हिमाचल: चलती बस पर गिरा पहाड़ का मलबा, 15 की मौत; रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
चुनाव पूरे देश का भविष्य तय करेगा
बिहार के लिए कांग्रेस के सीनियर ऑब्जर्वर अशोक गहलोत ने कहा कि आने वाला चुनाव सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश का भविष्य तय करेगा। उन्होंने कहा, 'बीजेपी और नीतीश कुमार ने बीते 20 साल में बिहार की जो दुर्दशा की है, वह दुर्भाग्यपूर्ण है। इन वर्षों में नीतीश कुमार राज्य को नहीं बदल पाए, वो सिर्फ पाला बदलते रहे। आज बिहार हर मामले में पिछड़ गया है और इसका कारण गुड गवर्नेंस का न होना है। मंत्रियों पर भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं, लेकिन कोई एक्शन नहीं हो रहा है।'
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी ने बिहार को सौगात देने के नाम पर सिर्फ जुमलेबाजी की है। हालात ऐसे हैं कि शिक्षा, स्वास्थ्य समेत हर क्षेत्र में केवल दुर्दशा ही हुई है।
CAG की रिपोर्ट पर घेरा
राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री गहलोत ने कहा कि NDA की सरकार में बिहार की स्थिति बेहद खराब है। उन्होंने कहा, 'CAG की रिपोर्ट में खुलासा हुआ कि 70,877 करोड़ रुपए का बिहार सरकार के पास हिसाब नहीं है। 49,000 करोड़ रुपए के उपयोगिता प्रमाण पत्र भी नहीं है। शिक्षा, स्वास्थ्य जैसे विभागों में सबसे ज्यादा भ्रष्टाचार है। 5 साल के कार्यकाल में बजट की राशि उपयोग नहीं कर पाए। सरकारी फंड को NGO में ट्रांसफर कर निजी संपत्ति बनाकर घोटाले हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि PM आवास योजना, PM पोषण योजना और मनरेगा तक में घोटाले हो रहे हैं। साथ ही कहा कि NCRB के अनुसार बिहार में 20 साल में 323% अपराध बढ़ गया। हर दिन 8 हत्या, 33 अपहरण और 55 महिलाओं के खिलाफ अपराध हो रहे हैं। उद्योगपतियों की हत्या हो रही है। 3 करोड़ से ज्यादा युवा बिहार से पलायन कर गए।
यह भी पढ़ें: अजीत भारती के खिलाफ पंजाब में क्यों दर्ज हो गई FIR? समझिए पूरा मामला
'मनरेगा पूरी तरह से बंद कर दिया'
वहीं, छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि बिहार में मनरेगा पूरी तरह से बंद कर दिया गया है। किसानों को MSP का कोई लाभ नहीं मिल रहा है। उन्होंने कहा कि बिहार में जो उद्योग पहले से लगे थे, वह बंद हो गए। बीते 20 साल में नए उद्योग नहीं शुरू हुए। आज युवा बेरोजगार हैं, लोगों के पास रोजगार के लिए कोई व्यवस्था नहीं है। प्रदेश की जनता बढ़ते अपराध और गुंडाराज से परेशान है। हालत ये है कि बिहार आर्थिक स्थिति में पूरी तरह से पिछड़ गया और इसकी जिम्मेदार NDA सरकार है।
भूपेश बघेल ने आगे कहा, 'बिहार में आज सरकार महिलाओं को रुपए देने की बात कर रही है। असलियत ये है कि राज्य की करीब 1 करोड़ महिलाएं माइक्रोफाइनेंस के कुचक्र में फंसी हैं, जिसमें उन्होंने कर्ज लिया हुआ है। इस कारण बहुत सारी महिलाओं को पैसा नहीं मिला। NDA सरकार रुपयों की बात कहकर लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रही है, ताकि उनका ध्यान भ्रष्टाचार पर ना जाए। नरेंद्र मोदी और नीतीश कुमार के शासन में बिहार की स्थिति बेहद खराब है। बिहार की जनता इसे बर्दाश्त नहीं करेगी और बदलाव तय है।'