पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजों के बाद तृणमूल कांग्रेस के दफ्तरों में तोड़फोड़ और आगजनी की खबरें सामने आई हैं। आरोप है कि भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कार्यकर्ताओं ने कई जगहों पर तोड़फोड़ की। सोशल मीडिया पर वायरल हुए कई वीडियो में देखा गया कि बीजेपी के झंडे लिए कई लोग टीएमसी दफ्तरों में तोड़फोड़ कर रहे हैं। अब ऐसे लोगों को नसीहत देते हुए बीजेपी के वरिष्ठ नेता और केंद्र सरकार में मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा है कि बीजेपी के लोग टीएमसी जैसे न बनें, वरना बीजेपी उनको नहीं बचाएगी। उन्होंने यह भी कहा है कि बीजेपी राम के लोगों की पार्टी है तो उसे रावण जैसा नहीं बनना है।
पुलिस ने बताया कि सोमवार दोपहर से ही टॉलीगंज, बारुईपुर, कमरहटी, बारानगर, बहरामपुर, हावड़ा और कस्बा स्थित तृणमूल कांग्रेस कार्यालयों में उपद्रवी भीड़ ने तोड़फोड़ की।टॉलीगंज के बिजयगढ़-नेताजी नगर इलाके में तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार और पूर्व मंत्री अरूप बिस्वास के चुनाव कार्यालय में भीड़ ने तोड़फोड़ की। भीड़ में से कुछ लोग टूटे हुए होर्डिंग को लात मारते हुए चले गए। रूबी क्रॉसिंग पर तृणमूल कांग्रेस पार्षद सुशांत घोष के कार्यालय में बीजेपी के झंडे लिए भीड़ ने जमकर उत्पात मचाया। इन घटनाओं की निंदा करते हुए तृणमूल कांग्रेस ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘बीजेपी ने सत्ता में आते ही अपना असली रंग दिखा दिया है।’
यह भी पढ़ें: बंगाल में अमित शाह बने पर्यवेक्षक, 9 मई को शपथ, कौन बनेगा मुख्यमंत्री?
तृणमूल कांग्रेस ने इन घटनाओं पर कहा, 'उनके गुंडों ने मुर्शिदाबाद में हमारे पार्टी कार्यालय पर हिंसक हमला किया। तोड़फोड़ और अराजकता- यही बीजेपी का असली चेहरा है। यह बीजेपी के घटिया राजनीति में उतरने का संकेत है।' सुकांत मजूमदार ने अपने कार्यकर्ताओं से कहा है, 'हम जानते हैं कि आप पर 2018 से अत्याचार हुआ है लेकिन धैर्य रखिए, पुलिस उस पर कार्रवाई करेगी। हमें टीएमसी जैसी नहीं बनना है। राम को रावण नहीं बनना है।' उन्होंने यह भी कहा कि जनता ने टीएमसी को खारिज किया है तो उसकी तरण आचरण मत करिए।
सुकांत मजूमदार ने क्या कहा?
तोड़फोड़ के सवाल पर सुकांत मजूमदार ने कहा है, 'देखिए, ज्यादा घटनाएं तो नहीं घटी हैं लेकिन कुछ घटनाएं घटी हैं जो स्वीकार्य नहीं हैं। पार्टी इसकी पूरी तरह से निंदा करती है। मैं अपने कार्यकर्ताओं को स्पष्ट रूप से बोलना चाहता हूं कि हम टीएमसी के जैसा नहीं बन सकते हैं। टीएमसी नहीं चाहिए इसीलिए जनता ने बीजेपी को चुना है। कहीं पर भी जाकर टीएमसी के पार्टी ऑफिस पर कब्जा करना या उसे जला देने जैसी गतिविधि में शामिल ना हों।'
यह भी पढ़ें: जिन्हें बाहरी बताती थी TMC, उन्होंने ममता के गढ़ में किया खेला, यह हुआ कैसे?
उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं को चेतावनी देते हुए कहा है, 'अगर आप इस तरह की गतिविधि में शामिल होंगे तो पुलिस आप पर कार्रवाई करेगी और हम नहीं बचाएंगे। आदरणीय मोदी जी का जो निर्देश है हमें उसका पालन करना है। भय Out, भरोसा इन। भय के वातावरण को समाप्त करना है। राजनीति से हिंसा को समाप्त करना है। इतनी बड़ी प्रचंड जीत मिली है। जनता ने हमें दोनों हाथ उठाकर आशीर्वाद दिया है। इसको हमें इस तरह से जाया नहीं जाने देंगे। इसलिए मेरा अनुरोध है कि अगर हम टीएमसी बन जाएंगे तो जनता हमें वोट क्यों देगी? रावण, रावण बने रहें, हम तो राम की पार्टी हैं।'