पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी इस बार भी विधानसभा का चुनाव हार गईं। पिछली बार उन्हें नंदीग्राम से चुनाव हराने वाले सुवेंदु अधिकारी ने इस बार ममता को भवानीपुर से भी हरा दिया। ममता बनर्जी के साथ-साथ उनकी सरकार के कई मंत्री और प्रमुख चेहरे भी अपना चुनाव हारे हैं और इसी का नतीजा है कि पिछली बार 200 से ज्यादा सीटें जीतने वाली तृणमूल कांग्रेस इस बार सौ सीटें भी नहीं जीत पाई। ममता बनर्जी सरकार के कुछ मंत्रियों को जीत भी मिली है लेकिन कई मंत्री अपनी ही विधानसभा सीट पर चुनाव हार गए हैं। चुनाव हारने वाले में मलय घटक और शशी पांजा जैसे नाम प्रमुख हैं।
इस बार ममता बनर्जी अपने गृह क्षेत्र भवानीपुर में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सुवेंदु अधिकारी से 15,105 वोटों से हार गईं। उनकी सरकार में मंत्री रहे शोवनदेब चट्टोपाध्याय, फिरहाद हाकिम और जावेद खान अपनी-अपनी सीट से जीत हासिल की है। जावेद खान ने दक्षिण कोलकाता के कस्बा निर्वाचन क्षेत्र से लगातार चौथी बार जीत हासिल की, उन्होंने बीजेपी के संदीप मुखर्जी को 20,974 वोटों से हराया। वहीं, दक्षिण कोलकाता की प्रतिष्ठित बॉलीगंज विधानसभा सीट पर शोवनदेब चट्टोपाध्याय ने बीजेपी के अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सतरूप को 61,476 मतों से हराया।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस को यूं ही नहीं 'मुस्लिम लीग' बता गए बदरुद्दीन अजमल, आंकड़े देखिए
कोलकाता के महापौर और निवर्तमान ममता बनर्जी मंत्रिमंडल में शहरी विकास मंत्री रहे फिरहाद हाकिम ने कोलकाता पोर्ट सीट पर बीजेपी के राकेश सिंह को 56,000 से अधिक मतों से हराया। ममता बनर्जी के भरोसेमंद सहयोगी फिरहाद हाकिम ने लगातार चौथी बार यह सीट जीती है। TMC सांसद सुदीप बंदोपाध्याय की पत्नी नयना बंदोपाध्याय ने चौरंगी सीट पर बीजेपी प्रत्याशी और अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी संतोष पाठक को 22,002 मतों से हराया।
कौन-कौन हारा?
तृणमूल कांग्रेस के मंत्री उदय गुहा दिन्हाटा सीट पर बीजेपी के अजय राय से 17,000 से ज्यादा वोटों से हार गए। महिला एवं बाल कल्याण मंत्री शशि पांजा को श्यामपुकुर विधानसभा क्षेत्र में बीजेपी की पूर्णिमा चक्रवर्ती ने 14,633 मतों से हरा दिया। तृणमूल के आसनसोल उत्तर निर्वाचन क्षेत्र से उम्मीदवार और मंत्री मलय घटक भाजपा के कृष्णेंदु मुखर्जी से 11,615 मतों से हार गए। मलय ने तीन बार इस सीट पर जीत दर्ज की थी।
यह भी पढ़ें: 'तुष्टीकरण' से 'कट मनी' तक, 5 वजहें जिनके चलते दरक गई ममता बनर्जी की जमीन
बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा के 294 विधानसभा सीटों में 293 पर चुनाव के नतीजे आ गए हैं और एक सीट फालता पर फिर से वोटिंग कराई जाएगी। 293 में से 207 सीटें जीतकर बीजेपी ने प्रचंड बहुमत हासिल किया है। वहीं, तृणमूल कांग्रेस सिर्फ 80 सीटें जीत पाई है। कांग्रेस को दो और लेफ्ट गठबंधन को भी दो सीटों पर जीत मिली है।