logo

मूड

तमिलनाडु में NDA का सीट बंटवारा फाइनल, AIADMK और BJP कितनी सीटों पर लड़ेंगी?

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग 23 अप्रैल को होनी है। NDA ने अब सीट शेयरिंग का अपना फॉर्मूला फाइनल कर लिया है। समझौते के तहत, AIADMK 178 सीटों पर चुनाव लड़ेगी।

NDA finalises seat sharing in Tamil Nadu

नरेंद्र मोदी के साथ एडप्पादी के पलानीस्वामी। (Photo Credit: PTI)

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की सरगर्मियों के बीच नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) ने अपनी चुनावी बिसात बिछा दी है। सोमवार को चेन्नई में आयोजित एक अहम बैठक में गठबंधन के बीच सीटों के बंटवारे के फॉर्मूले पर अंतिम मुहर लग गई। समझौते के मुताबिक, सूबे की राजनीति में बड़े भाई की भूमिका निभा रही अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) सबसे अधिक 178 सीटों पर चुनाव लड़ेगी जबकि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के खाते में 27 सीटें आई हैं।

 

इस चुनावी समझौते को आधिकारिक रूप देने के लिए केंद्रीय मंत्री और BJP के प्रदेश प्रभारी पीयूष गोयल और AIADMK प्रमुख पलानीसामी ने दस्तावेजों पर हस्ताक्षर किए। गठबंधन में अन्य सहयोगियों को भी जगह दी गई है, जिसमें पट्टाली मक्कल काची (PMK) 18 सीटों पर और अम्मा मक्कल मुनेत्र कड़गम (AMMK) 11 सीटों पर अपनी किस्मत आजमाएंगी। इस तालमेल के साथ ही NDA ने राज्य की सभी 234 सीटों पर DMK-कांग्रेस गठबंधन को कड़ी चुनौती देने का एलान कर दिया है।

 

यह भी पढ़ें: कन्नूर: LDF के किले में कैसे सेंध लगा पाएगा UDF? समझिए समीकरण

 

सीटों के ऐलान के बाद पीयूष गोयल आत्मविश्वास से लबरेज दिखे। उन्होंने विपक्षी INDIA गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि जिस तरह महाराष्ट्र, हरियाणा, बिहार और दिल्ली की जनता ने कांग्रेस और उसके सहयोगियों को नकारा है, वही कहानी तमिलनाडु में भी दोहराई जाएगी। गोयल ने दावा किया कि तमिलनाडु की जनता अब परिवारवाद और भ्रष्टाचार की राजनीति से ऊब चुकी है और DMK-कांग्रेस के अधर्म के शासन को उखाड़ फेंकने के लिए तैयार है।

विकास और बेहतर शासन का दावा

पीयूष गोयल ने कहा कि DMK सरकार की गलत नीतियों के कारण राज्य की अर्थव्यवस्था चरमरा गई है और तमिल संस्कृति को भी ठेस पहुंची है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजनरी नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि जनता अब सुशासन और युवाओं के लिए बेहतर अवसर चाहती है। गोयल के मुताबिक, AIADMK के नेतृत्व में बनने वाली आगामी सरकार विशेष रूप से किसानों और समाज के हर वंचित वर्ग के उत्थान के लिए समर्पित होगी, ताकि तमिलनाडु के गौरव को वापस लौटाया जा सके।

 

यह भी पढ़ें: AIADMK की मालिक BJP है, तमिलनाडु में ऐसा शोर क्यों मचा है?

कब होना है चुनाव?

सीटों का गणित सुलझने के बाद अब सभी दल उम्मीदवारों के चयन और प्रचार अभियान में जुट गए हैं। गौरतलब है कि तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों पर एक ही चरण में 23 अप्रैल को मतदान होना है। इसके साथ ही पड़ोसी केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की 30 सीटों पर भी चुनावी बिगुल बज चुका है, जहां 9 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। पीयूष गोयल ने भरोसा जताया कि तमिलनाडु और पुडुचेरी दोनों ही जगहों पर NDA क्लीन स्वीप करेगा और एक मजबूत सरकार का गठन होगा।


और पढ़ें