logo

मूड

पुलिस और मीडिया के सामने भिड़े TMC-BJP के नेता, नॉर्थ 24 परगना में हंगामा

पश्चिम बंगाल में चुनाव प्रचार के आखिरी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नॉर्थ-24 परगना में प्रचार करने वाले हैं। उनके पहुंचने से पहले ही यहां टीएमसी और बीजेपी नेताओं में जमकर मारपीट हुई।

clash in bhatpara

थाने के सामने ही हुआ हंगामा, Photo Credit: ANI

शेयर करें

google_follow_us

पश्चिम बंगाल में चुनाव के आखिरी वक्त में नॉर्थ 24 परगना जिले की भाटपारा विधानसभा सीट पर रविवार देर रात जमकर हंगामा हुआ। तृणमूल कांग्रेस (TMC) और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कार्यकर्ता पुलिस स्टेशन के सामने और मीडिया के कैमरों के सामने ही भिड़ गए। अब दोनों एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। बीजेपी का कहना है कि टीएमसी की ओर से गोलीबारी हुई जिसमें केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) के एक जवान को चोट भी आई है। उधर, टीएमसी ने बीजेपी नेता और पूर्व सांसद अर्जुन सिंह पर आरोप लगाए हैं कि वह थाने में घुसकर गुंडई कर रहे हैं। टीएमसी का यह भी कहना है कि अगर ये लोग सत्ता में आ गए तब भी यही करेंगे। 

 

यह मामला भाटपारा विधानसभा का है, जहां से पहले अर्जुन सिंह विधायक हुआ करते थे। जब वह टीएमसी छोड़कर बीजेपी में गए तो उपचुनाव में अपने बेटे पवन सिंह को चुनाव लड़वाया। 2019 के उपचुनाव और फिर 2021 के चुनाव में पवन सिंह ही यहां से चुनाव जीते और अभी वही यहां के विधायक हैं। टीएमसी ने उनके सामने युवा नेता अमित गुप्ता को उम्मीदवार बनाया है। बता दें कि यह विधानसभा क्षेत्र उसी बैरकपुर लोकसभा क्षेत्र में आता है जहां से अर्जुन सिंह 2019 से 2024 तक सांसद थे लेकिन 2024 में चुनाव हार गए। यह घटना चुनाव प्रचार के आखिरी दिन से पहले हुई है। चुनाव प्रचार के आखिरी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी इस क्षेत्र में बीजेपी का प्रचार करने आने वाले हैं।

 

यह भी पढ़ें: UCC, गो-तस्करी पर रोक, हर महीने 3000 का वादा, बंगाल में क्या वादा कर गए शाह?

भाटपारा में क्या-क्या हुआ?

एक वीडियो में देखा जा सकता है कि अर्जुन सिंह अपने कुछ समर्थकों और सुरक्षाकर्मियों के साथ आ रहे हैं। उनके साथ चल रहा एक शख्स ईंट उठा लेता है। कुछ ही सेकेंड बाद दूर से एक पत्थर आकर वहां गिरता है और शोर मच जाता है। देखते ही देखते दर्जनों कैमरों के सामने दोनों पक्षों में धक्का-मुक्की होने लगती है। सुरक्षाक्रमी बीच-बचाव करते दिखते हैं लेकिन बात नहीं बनती। कुछ लोग एक शख्स को पकड़कर मारते भी दिखते हैं।

एक दूसरे वीडियो में देखा जा सकता है कि अर्जुन सिंह सामने से आते हैं और एक शख्स को धक्का देते हैं और मारपीट शुरू हो जाती है। कुछ देर की धक्का-मुक्की के बाद मुश्किल से मामला शांत हुआ। यह सबकुछ जगद्दल थाने के बाहर ही हो रहा था और धक्का-मुक्की भी थाने के गेट पर हुई।

 

यह भी पढ़ें: बंगाल में धमकाने का वीडियो हुआ वायरल तो EC ने लिया ऐक्शन, जांच शुरू

TMC नेता ने क्या कहा?

इस मामले में भाटपारा से टीएमसी के उम्मीदवार अमित गुप्ता ने कहा है, 'हमारे कार्यकर्ता बिट्टू बैनर और फ्लेक्स लगा रहे थे। वहां हमारा पार्टी ऑफिस भी है। वहां गुड्डू सिंह और पिंटू सिंह ने हमारे कार्यकर्ता को मारा। हमारे फ्लेक्स फाड़ दिए। हमारे पार्टी ऑफिस में जाकर हंगामा किया। इसी को लेकर हम थाने में शिकायत करने गए थे। जब हम थाने में ही थे उसी समय अर्जुन सिंह अपनी CISF सिक्योरिटी लेकर आए और पुलिस के सामने थाने के अंदर ही हमारे लोगों पर हमला कर दिया। हम तो अंदर थे लेकिन मीडिया के जरिए देखा कि अर्जुन सिंह ने गुंडागर्दी की। यह कोई नई बात नहीं है। ऐसे ही 200 केस उनके खिलाफ पेंडिंग नहीं हैं। यह उनका नेचर है।'

अर्जुन सिंह के बहाने बीजेपी को आड़े हाथ लेते हुए टीएमसी के अमित गुप्ता ने कहा है, 'अगर यही लोग पावर में आए तो यही चीज हर जगह होगी। जो लोग थाने में घुसकर क्राइम कर सकता है। वह कहीं पर कुछ भी कर सकते हैं। हमने चुनाव आयोग से शिकायत की है, उच्च नेतृत्व को भी खबर दी है। हमें उम्मीद है कि प्रशासन कार्रवाई करेगा।'

BJP ने लगाए गोली चलाने के आरोप

इसी मामले पर बीजेपी के उम्मीदवार पवन कुमार सिंह ने कहा है, 'कल से ही झमेला शुरू हुआ था। हमारी मीटिंग हो रही थी तब टीएमसी के नेता आए और 17 नंबर वॉर्ड के पार्षद मनोज पांडे आए और वहां झमेला करने लगे। फिर हमने पुलिस के पास जाकर शिकायत की। उन्होंने बोला कि हम ऐक्शन लेंगे। आज देखने को मिला कि जब हम पीएम मोदी के स्वागत के लिए फोटो लगा रहे थे तब उनके कुछ लड़के डिस्टर्ब कर रहे थे। फिर वही लोग थाने में जाकर प्रतिवाद करने लगे। उसके बाद हमारे पिता जी गए, उनके बीच क्या हुआ मुझे नहीं पता चला लेकिन जब मैं गया तो मामला शांत हो गया।'

 

यह भी पढ़ें: चुनाव करा रहे लेकिन बंगाल में वोट नहीं डाल सकते 65 अधिकारी, ऐसा कैसे हो गया?

पवन कुमार सिंह ने आगे बताया, 'जब हम वापस आए और ऊपर गए ही थे तो देखा कि पहले पत्थर चला और फिर बम चला। फिर फायरिंग होने लगी और सीआईएसएफ के एक जवान को पैर में गोली लग गई। पीएम मोदी आ रहे हैं इसलिए माहौल खराब करने की कोशिश हो रही है।'


और पढ़ें