पश्चिम बंगाल के 24 परगना जिले में डायमंड हार्बर इलाके में वोटरों को धमकाने की घटना पर पुलिस ने चुनाव आयोग के निर्देश पर एफआईआर दर्ज कर ली है। यह जानकारी अधिकारियों ने रविवार को दी।
चुनाव आयोग को शिकायत मिली थी कि डायमंड हार्बर के काकद्वीप इलाके में कुछ लोग वोटरों को डरा रहे हैं। शिकायत में बताया गया कि बाइक रैली निकाली गई थी, जिसमें वोटरों के खिलाफ धमकी भरे नारे लगाए जा रहे थे। चुनाव आयोग ने स्थानीय चुनाव अधिकारी और पुलिस को तुरंत जरूरी कार्रवाई करने का आदेश दिया था। उन्हें रविवार शाम तक इस मामले में एक्शन लेने को कहा गया था।
यह भी पढ़ें: चुनाव करा रहे लेकिन बंगाल में वोट नहीं डाल सकते 65 अधिकारी, ऐसा कैसे हो गया?
दर्ज हुई एफआईआर
शिकायत मिलने के कुछ घंटों के अंदर ही डायमंड हार्बर पुलिस स्टेशन में बदमाशों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी गई। अधिकारियों के अनुसार, एफआईआर में कई गंभीर धाराएं लगाई गई हैं। इनमें वोटरों को धमकाना, डराना, शांति भंग करने की कोशिश और सरकारी काम में बाधा डालने जैसे आरोप शामिल हैं।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि कुछ बदमाश बाइक पर सवार होकर डायमंड हार्बर में खुलेआम वोटरों को धमका रहे थे। उन्होंने कहा था कि 4 मई के बाद उन पर 'कार्रवाई' की जाएगी।
चुनाव आयोग उठा रहा कदम
चुनाव आयोग पहले से ही कई कदम उठा रहा है ताकि वोटर बिना किसी डर के वोट डाल सकें। पहला चरण का मतदान 23 अप्रैल को हुआ था, जो ज्यादातर शांतिपूर्ण रहा। आयोग अब दूसरे चरण के मतदान में किसी भी तरह की अशांति न हो, इसके लिए पूरी कोशिश कर रहा है। वोटों की गिनती 4 मई को होगी।
गौरतलब है कि शुक्रवार को चुनाव आयोग ने डायमंड हार्बर के पांच पुलिस अधिकारियों को निलंबित कर दिया था। इनमें एडिशनल सुपरिंटेंडेंट ऑफ पुलिस और सब-डिविजनल पुलिस अधिकारी (SDPO) भी शामिल हैं। आयोग ने राज्य के मुख्य सचिव को बताया कि इन अधिकारियों पर आचार संहिता का गंभीर उल्लंघन करने और निष्पक्षता बनाए रखने में नाकाम रहने के आरोप में कार्रवाई की जा रही है।
डायमंड हार्बर लोकसभा सीट तृणमूल कांग्रेस के महासचिव अभिषेक बनर्जी की है। इस सीट में सात विधानसभा क्षेत्र आते हैं।
क्या बोली टीएमसी?
इस वीडियो को लेकर मीडिया का कहना है, ‘हमें डायमंड हार्बर से जुड़ा एक वीडियो मिला है, जिसे ECI मीडिया को दे रहा है। इसमें दावा किया गया है कि TMC नेता लोगों को डरा-धमका रहे हैं। चुनाव प्रचार रात 10 बजे तक करने की अनुमति है, और यह मोटरसाइकिल रैली रात करीब 9:51-52 बजे हुई थी। इस रैली में कोई भी भड़काऊ नारा नहीं लगाया गया था, लेकिन 'जय बांग्ला' के नारों से 'बांग्ला-विरोधी' लोग ज़रूर घबरा जाते हैं।’
यह भी पढ़ें: 93% के पार पहुंचा बंगाल में वोटिंग का आंकड़ा, तमिलनाडु में कुल 85.1% मतदान
टीएमसी ने आगे कहा, ‘हम ECI से यह पूछना चाहते हैं कि उस पुलिस ऑब्ज़र्वर के खिलाफ क्या कार्रवाई की गई है, जिसे डायमंड हार्बर के होटल सागरिका में एक 'BJP उम्मीदवार' के साथ गुपचुप तरीके से मिलते हुए पकड़ा गया था? क्योंकि BJP नेताओं की पोल खुल रही है, और मंदिरबाज़ार इलाके में BJP के लोग पैसे बांटते हुए पकड़े जा रहे हैं। इसी वजह से डायमंड हार्बर में यह निलंबन किया गया है।’