तमिलनाडु और पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के लिए हुए मतदान के अंतिम आंकड़े अब जारी कर दिए गए हैं। चुनाव आयोग की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में पहले चरण की 152 विधानसभा सीटों पर 93.19 प्रतिशत मतदान हुआ। इसका मतलब है कि कुल 3.61 करोड़ मतदाताओं में से 3.36 करोड़ लोगों ने अपने वोट डाले। इसी तरह तमिलनाडु में कुल 4.87 करोड़ यानी 85.1 प्रतिशत लोगों ने अपने वोट डाले।
चुनाव आयोग की ओर से जारी किए गए अंतिम आंकड़ों के मुताबिक, तमिलनाडु के करूर जिले में सबसे ज्यादा 92.6 प्रतिशत वोटिंग हुई है। विधानसभा सीटों के हिसाब से देखें तो करूर में 93.4 प्रतिशत और सलेम की वीरापांडी विधानसबा सीट पर 93.4 प्रतिशत मतदान हुआ है। बता दें कि तमिलनाडु की सभी 234 विधानसभा सीटों पर मतदान एक ही चरण में हुआ था और अब चुनाव के नतीजे 4 मई को बाकी राज्यों के साथ ही आएंगे।
यह भी पढ़ें: केजरीवाल के 'भरोसेमंद सिपाही' रहे राघव चड्ढा का जाना AAP के लिए कितना बड़ा झटका?
पश्चिम बंगाल में टूट गए रिकॉर्ड
चुनाव आयोग ने बताया है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के पहले चरण में 93.19 प्रतिशत मतदान हुआ, जो राज्य में अब तक का सबसे अधिक मत प्रतिशत है। चुनाव आयोग ने यह भी बताया कि पश्चिम बंगाल में मतदान करने वालों में 1.65 करोड़ महिलाएं और 1.71 करोड़ पुरुष थे। सबसे ज्यादा मतदान कूच बिहार जिले में 96.2 प्रतिशत दर्ज किया गया, उसके बाद दक्षिण दिनाजपुर में 95.44 प्रतिशत और मालदा में 94.79 प्रतिशत मतदान हुआ।
जलपाईगुड़ी में 94.76 प्रतिशत, बीरभूम में 94.51 प्रतिशत और उत्तर दिनाजपुर में 94.16 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। मुर्शिदाबाद में 93.67 प्रतिशत, अलीपुरद्वार में 93.2 प्रतिशत, पूर्वी मेदिनीपुर में 92.75 प्रतिशत, बांकुड़ा में 92.55 प्रतिशत, झाड़ग्राम में 92.26 प्रतिशत, पश्चिम मेदिनीपुर में 92.19 प्रतिशत और पुरुलिया में 91.59 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पश्चिम बर्धमान में 90.32 प्रतिशत मतदान हुआ। दार्जिलिंग में 88.98 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया जबकि कलिम्पोंग में सबसे कम 83.04 प्रतिशत मतदान हुआ।
यह भी पढ़ें: उद्धव ठाकरे से हुई सीक्रेट मीटिंग? देवेंद्र फडणवीस ने बता दी सच्चाई
चुनाव आयोग की ओर से दिए दिए आंकड़ों के अनुसार, इससे पहले सबसे अधिक मतदान 84.72 प्रतिशत था, जो 2011 के विधानसभा चुनावों में दर्ज किया गया था, जिसमें तृणमूल कांग्रेस ने शानदार जीत हासिल की थी। बता दें कि पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण में 29 अप्रैल को 7 जिलों की 142 सीट के लिए मतदान होगा।