logo

मूड

'हमारे लोग मर जाएंगे लेकिन...', ECI और BJP पर भड़क गईं ममता बनर्जी

मतदान के दिन सुबह से ही अलग-अलग बूथों पर घूम रही ममता बनर्जी ने फिर से आरोप लगाए हैं कि चुनावी पर्यवक्षेक बीजेपी के इशारे पर काम कर रहे हैं।

mamata banerjee visiting polling booths

बूथों पर जा रही हैं ममता बनर्जी, Photo Credit: PTI

शेयर करें

google_follow_us

पश्चिम बंगाल में दूसरे चरण की 142 विधानसभा सीटों पर जारी मतदान के बीच ममता बनर्जी ने फिर से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और चुनाव आयोग पर आरोप लगाए हैं। तृणमूल कांग्रेस (TMC) की मुखिया ममता बनर्जी का कहना है कि बीजेपी के इशारे पर उनकी पार्टी के कार्यकर्ताओं को मारा-पीटा गया और उन्हें घर से नहीं निकलने दिया जा रहा है। भवानीपुर से उम्मीदवार ममता बनर्जी ने कहा है कि उनके कार्यकर्ता मरने को तैयार हैं लेकिन वे अपनी जगह नहीं छोड़ेंगे। उधर ममता बनर्जी के खिलाफ चुनाव लड़ रहे बीजेपी नेता सुवेंदु अधिकारी ने कहा है कि ममता बनर्जी अब चुनाव हार चुकी हैं।

 

ममता बनर्जी बुधवार को अपने भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग मतदान केंद्रों पर गईं और आरोप लगाए कि केंद्रीय बल और चुनाव पर्यवेक्षक बीजेपी के इशारे पर काम कर रहे हैं। भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र ममता बनर्जी का राजनीतिक गढ़ माना जाता है, जहां उनका मुकाबला नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी से हो रहा है। इस मुकाबले को नंदीग्राम की लड़ाई की तरह ही देखा जा रहा है, जहां 2021 में सुवेंदु ने ममता बनर्जी को हरा दिया था। बता दें कि तृणमूल कांग्रेस की मुखिया आमतौर पर मतदान के दिन दोपहर में अपने कालीघाट स्थित आवास से निकलकर मित्रा इंस्टीट्यूशन स्कूल में वोट डालने जाती हैं। हालांकि, इस बार वह सुबह 8 बजे से पहले ही भवानीपुर विधानसभा क्षेत्र के अलग-अलग मतदान केंद्रों का दौरा करने निकल पड़ीं, जिनमें दक्षिण कोलकाता के चेतला इलाके के मतदान केंद्र भी शामिल हैं।

 

यह भी पढ़ें: 'TMC ने फर्जी वोटिंग के लिए नकली अंगुलियां खरीदी हैं', सुवेंदु अधिकारी का आरोप

ममता बनर्जी ने लगाए आरोप

 

बाद में वह भवानीपुर के चक्रबेड़िया स्थित एक मतदान केंद्र के बाहर बैठीं और पत्रकारों से बात करते हुए अनियमितताओं का आरोप लगाया। ममता बनर्जी ने अपने एक फोन पर एक वीडियो दिखाते हुए कहा, 'देखिए हमारे कार्यकर्ताओं को कैसे पीटा है। यह क्या  गुंडाराज चल रहा है? ऐसे कभी वोट होता है क्या? वोट शांति से होता है। बीजेपी जबरदस्ती चुनाव को अपने पक्ष में करना चाहती है। हमारे कार्यकर्ता जान देने को तैयार हैं लेकिन वे अपनी जगह नहीं छोड़ेंगे।'

ममता बनर्जी ने आगे कहा, 'कई पर्यवेक्षक बाहर से आए हैं और बीजेपी के निर्देशों पर काम कर रहे हैं। लोगों को मतदान करना है - क्या इस तरह मतदान हो सकता है? तृणमूल कांग्रेस के सभी पार्टी झंडे पहले ही हटा दिए गए और बाहरी लोग मतदान प्रक्रिया में दखल दे रहे हैं। वे वार्ड नंबर 70 के पार्षद को बाहर निकलने नहीं दे रहे हैं। वे हमारे सभी कार्यकर्ताओं को पकड़ रहे हैं। अभिषेक और मैं पूरी रात जागते रहे।’ ममता बनर्जी ने दावा किया कि राज्य के बाहर से कुछ लोग निर्वाचन क्षेत्र में अशांति फैलाने की कोशिश कर रहे हैं और उन्होंने निर्वाचन आयोग से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की।

 

यह भी पढ़ें: 'हमें पैदल भेजा, धूप में चक्कर आ गया', PM मोदी की सभा में गई छात्राओं की शिकायत 

क्या बोली बीजेपी?

 

हालांकि, बीजेपी ने उनके आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सत्तारूढ़ पार्टी जनता के गुस्से को भांपकर भ्रम फैलाने की कोशिश कर रही है। तृणमूल में दूसरे नंबर के नेता माने जाने वाले अभिषेक बनर्जी ने दावा किया कि तृणमूल 2021 की तुलना में ज्यादा सीटें जीतकर सत्ता में लौटेगी। डायमंड हार्बर से सांसद अभिषेक बनर्जी ने मित्रा इंस्टीट्यूशन में मतदान करने के बाद विभिन्न स्थानों पर चुनाव पर्यवेक्षकों पर मनमानी करने का आरोप लगाया। उन्होंने पत्रकारों से कहा, 'फिर भी इन बातों से कोई फर्क नहीं पड़ेगा, हम इस चुनाव में पहले से ज्यादा सीटें जीतेंगे।’

 

वहीं, सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत् ममता बनर्जी यह चुनाव हार जाएंगी। विपक्ष के नेता सुवेंदु ने भवानीपुर के खिदिरपुर इलाके में दो मंदिरों में पूजा-अर्चना की। उन्होंने कहा कि लोग बड़ी संख्या में मतदान करने के लिए बाहर निकल रहे हैं और चुनाव आयोग ने स्वतंत्र एवं निष्पक्ष चुनाव सुनिश्चित करने के लिए उचित व्यवस्थाएं की हैं। ममता बनर्जी के सुबह-सुबह बाहर निकलने के बारे में पूछे जाने पर सुवेंदु अधिकारी ने कहा, ‘कोई फर्क नहीं पड़ता, वह हार जाएंगी।’

 

यह भी पढ़ें: ठाकुरों का जमघट और बृजभूषण की चेतावनी, अब अपनों से घिर रही है BJP?

 

बता दें कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में 142 सीटों पर अभूतपूर्व सुरक्षा व्यवस्था के बीच मतदान जारी है। मतदान सुबह 7 बजे शुरू हुआ और कोलकाता, हावड़ा, उत्तर और दक्षिण 24 परगना, नदिया, हुगली और पूर्व बर्धमान जिलों के मतदान केंद्रों के बाहर मतदाताओं की लंबी लाइनें देखी गईं। इस चरण का परिणाम महत्वपूर्ण होने की उम्मीद है क्योंकि इसमें दक्षिण बंगाल शामिल है, जिसे तृणमूल का पारंपरिक गढ़ माना जाता है और जहां बीजेपी पैठ बनाने की कोशिश कर रही है।


और पढ़ें