प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को पश्चिम बंगाल में आचार संहिता लगने से पहले राज्य की जनता के लिए ऑडियो संदेश जारी किया। इससे पहले उन्होंने बैरकपुर में एक रैली को संबोधित किया। बंगाल में 29 अप्रैल यानी बुधवार को 142 सीटों के लिए दूसरे राउंड के मतदान होने हैं। इससे पहले राज्य में पहले चरण के मतदान 152 सीटों के लिए 23 अप्रैल को हुए थे। उन्होंने अपने ऑडियो संदेश में बीजेपी की जीत का भरोसा जताते हुए बंगाल में कमल खिलाने की अपनी बात दोहराई।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि बंगाल की जनता सरकार बदलने के लिए मन बना चुकी है और उन्होंने कहा कि मेरा भाग्य और मेरी जिम्मेदारी बंगाल की सेवा करना और उसकी सुरक्षा सुनिश्चित करना है। मोदी ने कहा, 'पिछले कुछ दिनों में, मैंने बंगाल के विकास और उज्ज्वल भविष्य के लिए बीजेपी का खाका प्रस्तुत किया।'
उन्होंने अपनी पिछली यात्राओं को याद करते हुए कहा कि मां काली के भक्तों के बीच रहने पर मुझे दिव्य ऊर्जा का अनुभव हुआ। बंगाल में रोड शो और रैलियां तीर्थयात्रा के समान थीं। साथ ही कहा कि बंगाल के आम लोग डर को ना कह रहे हैं, बीजेपी के भरोसे को हां कह रहे हैं।
यह भी पढ़ें: पुलिस और मीडिया के सामने भिड़े TMC-BJP के नेता, नॉर्थ 24 परगना में हंगामा
'बंगाल में कमल खिलेगा'
पीएम मोदी ने बैरकपुर में एक रैली में कहा, 'मुझे भरोसा है कि यहां का माहौल देखकर यह पक्का है कि इस बार बंगाल में कमल खिलेगा। पहले जब भारत खुशहाल था, तो उसके तीन मजबूत पिलर थे। अंग, बंग और कलिंग। इसका मतलब बिहार, बंगाल और ओडिशा। आज, जब भारत डेवलप्ड देश बनने के लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है, तो इसके लिए अंग, बंग और कलिंग को मजबूत होना जरूरी है।' अंग, बंग और कलिंग मतलब बिहार, बंगाल और ओडिशा है।
4 मई को बंगाल आने का किया वादा
प्रधानमंत्री मोदी ने विश्वास जताया कि विधानसभा चुनाव के बाद बीजेपी पश्चिम बंगाल में अगली सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि 4 मई को परिणाम घोषित होने के बाद वह शपथ ग्रहण समारोह के लिए फिर आएंगे। प्रधानमंत्री ने विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के तहत प्रचार के आखिरी दिन उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर में एक रैली को संबोधित किया।
उन्होंने सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस पर तीखा हमला करते हुए उस पर 'सिंडिकेट राज' चलाने, राजनीतिक हिंसा करने और राज्य में आर्थिक पिछड़ेपन का आरोप लगाया। मोदी ने कहा, 'पश्चिम बंगाल में मैंने जो माहौल महसूस किया है, उससे मैं कह सकता हूं कि चार मई के बाद भाजपा सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में मुझे फिर से आना होगा।'
यह भी पढ़ें: UCC, गो-तस्करी पर रोक, हर महीने 3000 का वादा, बंगाल में क्या वादा कर गए शाह?
टीएमसी पर किया हमला
बैरकपुर के ऐतिहासिक महत्व का जिक्र करते हुए, प्रधानमंत्री ने कहा कि इस भूमि ने 1857 में भारत के पहले स्वतंत्रता संग्राम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी और अब यह पश्चिम बंगाल में राजनीतिक परिवर्तन का आधार तैयार कर रही है। उन्होंने कहा कि भारत के समग्र विकास के लिए पश्चिम बंगाल की प्रगति आवश्यक है। उन्होंने जोर दिया कि पूर्वी क्षेत्र का उदय देश के भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है।
उन्होंने कहा, 'पश्चिम बंगाल की सेवा करना, उसे सुरक्षित रखना और उसे बचाना मेरी नियति और कर्तव्य है।' पड़ोसी राज्यों में भाजपा की जीत का उदाहरण देते हुए मोदी ने कहा, 'ओडिशा और बिहार के बाद इस बार पश्चिम बंगाल में भी कमल खिलेगा। तृणमूल कांग्रेस ने अपने मूल नारे मां, माटी, मानुष की अवहेलना की और राज्य के विकास के लिए उसके पास कोई दूरदृष्टि नहीं है।'