पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले की दो विधानसभा सीटों के 15 बूथों पर शनिवार को पुनर्मतदान संपन्न हो गया है। शाम पांच बजे तक मगराहाट पश्चिम विधानसभा सीट पर 86 फीसद से अधिक और डायमंड हार्बर में लगभग 88 फीसद वोटिंग रिकॉर्ड की गई। चुनाव गड़बड़ी की रिपोर्ट के बाद चुनाव आयोग ने शुक्रवार को दोबारा मतदान का ऐलान किया था।
चुनाव आयोग के मुताबिक दोपहर तीन बजे तक दोनों विधानसभा सीटों के 15 बूथों पर करीब 72 फीसद से अधिक मतदान रिकॉर्ड किया गया। बता दें कि मगराहाट पश्चिम विधानसभा सीट के 11 और डायमंड हार्बर के चार पोलिंग बूथों पर दोबारा वोटिंग प्रक्रिया शांतिपूर्ण रही।
यह भी पढ़ें: क्रूज हादसा: दिल्ली के प्रदीप ने बचाई कई जान, मगर परिवार के 3 लोगों को खोना पड़ा
चुनाव ड्यूटी में लगे अधिकारियों ने बताया कि सुबह 7 बजे मतदान शुरू हुआ। शाम छह बजे तक लोगों ने वोटिंग की। दोपहर 3 बजे तक 72.43 प्रतिशत वोट पड़ चुके थे। मगराहाट पश्चिम में 72.50 प्रतिशत और डायमंड हार्बर में 72.36 प्रतिशत वोट पड़े। इन सीटों पर दूसरे चरण के तहत 29 अप्रैल को वोटिंग हुई थी। बाद में गड़बड़ी की शिकायत मिलने के बाद चुनाव आयोग ने दोबारा मतदान कराने का फैसला किया था।
एक बूथ में हुआ हंगामा
दोबारा मतदान के दौरान डायमंड हार्बर सीट के चंदा प्राइमरी स्कूल के बूथ नंबर 179 पर विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। यहां टीएमसी ने केंद्रीय बलों पर एक दिव्यांग वोटर और उसकी मां को परेशान करने का आरोप लगाया। टीएमसी ने आरोप लगाया कि केंद्रीय बलों ने महिला के बेटे को काफी देर तक रोक कर रखा। पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोगों ने भी विरोध प्रदर्शन किया।
यह भी पढ़ें: तरबूज निकला बेकसूर! मुंबई में एक ही परिवार में हुई 4 मौतों ने पुलिस को उलझाया
कौन-कहां से मैदान में
मगराहाट पश्चिम विधानसभा सीट से बीजेपी ने गौरसुंदर घोष को उतारा है। उनके सामने टीएमसी के मोहम्मद शमीम अहमद मोल्ला की चुनौती है। कांग्रेस ने अब्दुल मजीद हलदर और आईएसएफ ने अब्दुल अजीज अल हसन को अपना प्रत्याशी बनाया है। डायमंड हार्बर विधानसभा सीट से पन्ना लाल हलदर टीएमसी के उम्मीदवार हैं। उनका सामना बीजेपी दीपक कुमार हलदर से है। कांग्रेस ने गौतम भट्टाचार्य और सीपीएम ने समर नैया पर दांव खेला है।