पश्चिम बंगाल की राजनीति में इस बार बड़ा उलटफेर देखने को मिला। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता सुवेंदु अधिकारी ने दो सबसे चर्चित सीटों भवानीपुर और नंदीग्राम से चुनाव लड़ा और दोनों जगह जीत दर्ज की। भवानीपुर सीट पर उन्होंने मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को भी हराया। दिलचस्प बात यह है कि 5 साल पहले भी सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को मात दी थी। वहीं, 2026 के विधानसभा चुनाव में TMC को बड़ा झटका लगा है और BJP ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रचंड जीत हासिल कर ली है।
चुनाव आयोग की वेबसाइट के मुताबिक, BJP ने अब तक 195 सीटें जीत ली हैं और 12 सीटों पर आगे चल रही है। वहीं TMC को 68 सीटों पर जीत मिली है और 12 सीटों पर वो भी बढ़त बनाए हुए है। कांग्रेस और हुमायुन कबीर की पार्टी AJUP को 2-2 सीटें मिली हैं। वहीं CPI(M) और AISF ने भी 1-1 सीट पर जीत दर्ज की है।
यह भी पढ़ें: 'मेरी बेटी पूरे बंगाल में कमल खिलाएगी', जीत पर बोलीं RG केस की पीड़िता की मां
सुवेंदु ने दो सीटों पर चुनाव लड़ा
चुनाव आयोग के आखिरी आंकड़ों के मुताबिक, नंदीग्राम सीट पर सुवेंदु अधिकारी ने 9,665 वोटों से जीत दर्ज की। उन्हें कुल 1,27,301 वोट मिले, जबकि TMC के पवित्र कर को 1,17,636 वोट हासिल हुए। वहीं भवानीपुर सीट पर भी बड़ा उलटफेर देखने को मिला, जहां ममता बनर्जी को 15,105 वोटों से हार का सामना करना पड़ा। इस सीट पर सुवेंदु अधिकारी को 73,917 वोट मिले, जबकि ममता बनर्जी को 58,812 वोट ही मिल सके।
यह भी पढ़ें: 'बंगाल में कमल खिल गया…' प्रचंड जीत के बाद PM मोदी ने किया पोस्ट
सुवेंदु ने ममता को 5 साल में दूसरी बार हराया
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2021 में ममता बनर्जी ने दो सीटों भवानीपुर और नंदीग्राम से चुनाव लड़ा था। हालांकि उन्हें जीत सिर्फ भवानीपुर से ही मिली। नंदीग्राम में उनका सीधा मुकाबला सुवेंदु अधिकारी से था, जहां उन्हें हार का सामना करना पड़ा। इस सीट पर सुवेंदु अधिकारी ने 1956 वोटों से जीत दर्ज की थी। उन्हें कुल 1,10,764 वोट मिले थे, जबकि ममता बनर्जी को 1,08,808 वोट हासिल हुए थे।