तमिलनाडु चुनाव में अब कुछ ही दिनों का समय रह गया है और पार्टियों ने अपने उम्मीदवारों को मैदान में उतार दिया है। तमिलनाडु की मुख्य विपक्षी पार्टी ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (AIADMK) ने उम्मीदवारों की एक लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में पार्टी ने कुल 23 सीटों पर उम्मीदवारों का एलान किया है। इसमें कई बड़े नाम भी शामिल हैं।
AIADMK की ओर से जारी की गई लिस्ट में पार्टी ने अपने प्रमुख नेता और तमिलनाडु विधासभा में नेता प्रतिपक्ष के पलानीस्वामी को एक बार फिर सेलम जिले के एडप्पाडी विधानसभा क्षेत्र से उम्मीदवार बनाया है। वह 23 अप्रैल को होने वाले विधानसभा चुनावों में एक बार फिर अपने गृह जिले की सीट से मैदान में उतरेंगे। ॉ
यह भी पढ़ें: स्टालिन से भिड़कर DMK गठबंधन से बाहर हुए वेलमुरुगन, कितने ताकतवर हैं?
इन नेताओं को भी मिला टिकट
पार्टी अध्यक्ष के पलानीस्वामी के अलावा पार्टी ने कई बड़े नेताओं और कई मौजूदा विधायकों और पूर्व विधायकों को भी उनके पारंपरिक निर्वाचन क्षेत्रों से दोबारा टिकट दिया है। पूर्व मंत्री और चेन्नई शहर के प्रमुख नेता डी. जयकुमार को उत्तर चेन्नई के रॉयापुरम से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं, राज्यसभा सांसद और पूर्व मंत्री सी. वी. शन्मुगम को विल्लुपुरम जिले के माइलम से मैदान में उतारा गया है। AIADMK सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे और मौजूदा विधायक सी विजयबास्कर को वीरालिमलाई से टिकट दिया गया है।
इस लिस्ट में के.पी. मुनुसामी, दिंडीगुल सी. श्रीनिवासन और नथम आर. विश्वनाथन कई नेताओं को टिकट दिया है। इसके अलावा पार्टी ने पश्चिमी क्षेत्र के प्रमुख नेताओं एसपी वेलुमणि और पी थंगामणि को भी टिकट दिया है। वेलुमणि थोंडामुथुर से और थंगामणि कुमारपालयम से चुनाव लड़ेंगे। पार्टी ने अपने उम्मीदावरों की पहली लिस्ट में ही अपने ज्यादातर बड़े नेताओं को मैदान में उतार दिया है।
NDA गठबंधन का हिस्सा
तमिलनाडु में केंद्र की सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी का संगठन मजबूत नहीं है। ऐसे में नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (NDA) की कमान ऑल इंडिया अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम के पास ही है। AIADMK ही इस गठबंधन का नेतृत्व कर रही है। AIADMK और बीजेपी के बीच हुए समझौते के अनुसार, AIADMK गठबंधन में सबसे ज्यादा 178 सीटों पर चुनाव लड़ेगी और बीजेपी 27 सीटों पर चुवनाव लड़ेगी।
कौन-कौन सी पार्टियां गठबंधन में शामिल?
एनडीए गठबंधन में AIADMK सबसे बड़ी पार्टी है। इस पार्टी के अलावा कुछ अन्य पार्टियां भी गठबंधन में शामिल हैं, जिन्हें कुछ सीटें भी दी गई हैं। गठबंधन में शामिल पट्टाली मक्कल काची (PMK) 18 सीटों पर और अम्मा मक्कल मुनेत्र कड़गम (AMMK) 11 सीटों पर अपनी किस्मत आजमाएंगी।
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु में NDA का सीट बंटवारा फाइनल, AIADMK और BJP कितनी सीटों पर लड़ेंगी?
कब हैं चुनाव?
चुनाव आयोग ने तमिलनाडु विधानसभा चुनाव की घोषणा कर दी है और राज्य की सभी 234 विधानसभा सीटों पर 23 अप्रैल को मतदान होगा। इसके साथ ही पड़ोसी केंद्र शासित प्रदेश पुडुचेरी की 30 सीटों पर भी चुनावी बिगुल बज चुका है, जहां 9 अप्रैल को वोट डाले जाएंगे। इसके अलावा असम, पश्चिम बंगाल और केरल में भी विधानसभा चुनाव होंगे।