तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव का प्रचार अपने अंतिम दौर में पहुंच चुका है। इस बीच एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है। शिवगंगा जिले में सोमवार को चुनाव आयोग की एक टीम से भीड़ ने नकदी छिन ली। इस टीम ने कांग्रेस सांसद कार्ति चिदंबरम के ऑफिस पर छापा मारकर 13.44 लाख रुपये की नकदी जब्त की थी। इस कार्रवाई के कुछ ही समय बाद भीड़ ने इस नकदी को अधिकारियों के हाथों से छीन लिया और पैसा लेकर फरार हो गई। पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
चुनाव आयोग की फ्लाइंग स्क्वॉड को एक गुप्त सूचना मिली थी कि वोटरों में बांटने के लिए सांसद कार्ति चिदंबरम के ऑफिस में कैश रखा है। इस सूचना पर तुरंत कार्रवाई करते हुए चुनाव आयोग की टीम के शिवगंगा के कराईकुडी में स्थित ऑफिस पर छापा मारा। अधिकारियों ने इस छापे में कैश से भरे दो बैग और कपड़ों का एक थैला बरामद किया।
यह भी पढ़ें: गुजरात की शादी में खाना खाने से 400 लोग बिमार, सभी अस्पताल में भर्ती
13 लाख से ज्यादा कैश बरामद
छापे में जब्ती करने के बाद अधिकारी अपनी गाड़ी के पास कैश की जांच कर रहे थे। इसी समय एक व्यक्ति वहां पर आ गया। उस व्यक्ति ने अधिकारियों पर दबाव डाला की कैश की वहीं पर गिनती करें। अधिकारियों ने उसकी बात मानी और कैश की गिनती की गई। कुल रकम 13.44 लाख रुपये निकली। नियमों के अनुसार, इस पूरे प्रोसेस की वीडियोग्राफी भी की गई।
भीड़ ने छिना कैश
कैश की गिनती करने के बाद अधिकारी कैश को अपनी गाड़ी में रखने लगे। इसी दौरान वहां करीब 30 लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई। इस दौरान वहां स्थिति बेकाबू हो गई और अधिकारियों और लोगों में बहस होने लगी। इस बीच अचानक से झपट्टा मारकर नकदी वाले बैग छीन लिए और वहां से गायब हो गए। चुनाव आयोग के अधिकारी उस भीड़ का पीछा भी नहीं कर पाए क्योंकि भीड़ में से किसी ने चुनाव आयोग के अधिकारियों की गाड़ी की चाबी निकाल ली।
यह भी पढ़ें: दिल्ली से यूपी-बिहार तक 40 पार पहुंचेगा पारा, मौसम विभाग ने जारी किया लू अलर्ट
पुलिस ने की कार्रवाई
इस घटना की सूचना चुनाव आयोग के अधिकारियों ने पुलिस प्रशासन को दी। सूचना मिलते ही देवकोट्टई के सब-कलेक्टर आयुष वेंकट वत्स और कराईकुडी के एएसपी आशीष पुनिया तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। उन्होंने स्थिति का जायजा लिया और इसके बाद एक चुनाव अधिकारी की आधिकारिक शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया।
पुलिस ने इस मामले में तुरंत कार्रवाई करते हुए उस व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है जिसने चुनाव अधिकारियों पर कैश की गिनती करने का दबाव बनाया था। पुलिस अब नकदी को बरामद करने के लिए भीड़ में शामिल अज्ञात लोगों की पहचान करने के लिए सर्च ऑपरेशन चला रही है।