तमिलनाडु में तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के प्रमुख और सुपरस्टार विजय ने राज्यपाल राजेंद्र अर्लेकर से मुलाकात कर सरकार बनाने का दावा ठोक दिया है। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी TVK ने 108 सीटें जीतकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर सबको चौंका दिया। खास बात यह है कि खुद विजय ने तिरुचिरापल्ली ईस्ट और पेरम्बूर दोनों सीटों से शानदार जीत हासिल की।
दोपहर करीब 3:15 बजे विजय अपने प्रमुख सहयोगियों के साथ राजभवन पहुंचे। राज्यपाल ने भी पुष्टि की है कि उन्हें TVK की ओर से सरकार बनाने का पत्र प्राप्त हुआ है। पार्टी सूत्रों के हवाले से खबर है कि यदि गठबंधन का गणित सही बैठता है तो विजय 7 मई को तमिलनाडु के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं।
यह भी पढ़ें: कांग्रेसियों की जिद ने नहीं होने दिया था TVK से गठबंधन? पढ़िए इनसाइड स्टोरी
बहुमत का गणित
तमिलनाडु की 234 सीटों वाली विधानसभा में सरकार बनाने के लिए 118 सीटें चाहिए होती हैं। अभी TVK के पास 108 सीटें हैं। कांग्रेस के 5 विधायकों का साथ मिलने से यह आंकड़ा 113 तक पहुंच गया है। हालांकि सरकार बनाने के लिए अभी भी 5 सीटों की कमी है। इसी कमी को पूरा करने के लिए विजय की पार्टी ने VCK और वामपंथी दलों से बात शुरू कर दी है, जो फिलहाल DMK गठबंधन में शामिल हैं।
AIADMK पर टिकी नजरें
बहुमत के जादुई आंकड़े को छूने के लिए TVK ने AIADMK के महासचिव एडप्पादी के पलानीस्वामी (EPS) से भी संपर्क साधा है। AIADMK के पास सदन में 47 सीटें हैं, जो सरकार बनाने के लिए पर्याप्त से कहीं अधिक समर्थन दे सकती हैं। यदि पलानीस्वामी समर्थन का हाथ बढ़ाते हैं तो राज्य में एक नया राजनीतिक समीकरण देखने को मिलेगा।
यह भी पढ़ें: सिर्फ 1 वोट से हार गए DMK सरकार के मंत्री, TVK ने मारी बाजी
तमिलनाडु चुनाव परिणाम
विधानसभा चुनाव के नतीजों में सत्ताधारी DMK 59 सीटों पर सिमट गई है, जबकि AIADMK को 47 सीटें मिली हैं। अन्य दलों में PML को 4, आईयूएमएल को 2, और सीपीआई, वीसीके व माकपा को 2-2 सीटें हासिल हुई हैं। BJP, DMDK और AMMK के खाते में केवल 1-1 सीट ही आई है। वर्तमान परिस्थितियों में विजय की पार्टी सबसे बड़े खिलाड़ी के रूप में उभरी है।