तृणमूल कांग्रेस की मुखिया और पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी ने चुनावी माहौल के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इस्तीफा मांग लिया है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ के कोलकाता पर हमले की धमकी के बहाने ममता बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को आड़े हाथ लिया है। ममता बनर्जी ने पूछा है कि प्रधानमंत्री बंगाल में अपनी रैलियों में इस मुद्दे को क्यों नहीं उठा रहे हैं? उन्होंने पूछा है कि जब पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ने कोलकाता पर हमले की धमकी दी तो प्रधानमंत्री ने सख्त कार्रवाई करने की बात क्यों नहीं की? ममता बनर्जी ने कहा है कि इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को इस्तीफा दे देना चाहिए।
चुनावी माहौल में भारतीय जनता पार्टी (BJP) और पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल काग्रेस (TMC) के बीच जुबानी जंग जारी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समत तमाम बीजेपी नेता TMC की सरकार पर तरह-तरह के आरोप लगा रहे हैं। वहीं, टीएमसी लगातार कह रही है कि बीजेपी के इशारे पर केंद्रीय चुनाव आयोग राज्य में कई तरह की गड़बड़ियां कर रहा है। उन्होंने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) को भी पश्चिम बंगाल के चुनाव में बड़ा और अहम मुद्दा बनाने की कोशिश की है।
यह भी पढ़ें: SIR में नाम कटा, ट्रिब्यूनल ने बहाल किया, कांग्रेस के महताब शेख छा क्यों गए?
PM मोदी पर क्या बोलीं ममता बनर्जी?
ममता बनर्जी ने नदिया जिले में एक चुनावी रैली में कहा, ‘आप (प्रधानमंत्री) चुनावी रैलियों में बंगाल को निशाना बनाते हैं लेकिन जब पाकिस्तान बंगाल पर हमले की बात करता है तो आप एक शब्द भी नहीं कहते। आपको इस्तीफा दे देना चाहिए।’ उन्होंने पश्चिम बंगाल के कूचबिहार में मोदी की एक चुनावी रैली के एक दिन बाद कहा, 'प्रधानमंत्री ने बंगाल में अपनी रैली के दौरान इस मुद्दे को क्यों नहीं उठाया? जब पाकिस्तान के रक्षा मंत्री कहते हैं कि वे कोलकाता पर हमला करेंगे तो प्रधानमंत्री ने यह क्यों नहीं कहा कि हम कड़ी कार्रवाई करेंगे’?’
PM मोदी पर निशाना साधते हुए ममता बनर्जी ने कहा, ‘जैसे हम देश पर किसी भी खतरे को स्वीकार नहीं करते हैं, वैसे ही हम कोलकाता को दी गई धमकी को भी बर्दाश्त नहीं करेंगे।' चुनावी माहौल में ममता बनर्जी सीधे प्रधानमंत्री से पूछ रही हैं कि वह इस मामले पर चुप क्यों हैं?
यह भी पढ़ें: 50 प्रतिशत से ज्यादा मुस्लिम आबादी वाला मालदा जिला इस बार किसे वोट करेगा?
दरअसल, पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने शनिवार को भारत को चेतावनी दी थी कि वह भविष्य में किसी भी प्रकार के दुस्साहस की कोशिश का जवाब कोलकाता पर हमले के रूप में देंगे। ख्वाजा आसिफ ने सियालकोट में पत्रकारों से बात करते हुए कहा था, 'अगर भारत इस बार हमें जिम्मेदार ठहरा कर कोई (सैन्य) ऑपरेशन करने की कोशिश करता है, तो हम कोलकाता तक निशाना साधेंगे।'