हरियाणा राज्य महिला आयोग ने मशहूर सिंगर आदित्य प्रतीक सिंह सिसोदिया उर्फ बादशाह के नए हरियाणवी गाना 'टटीरी' में इस्तेमाल किए गए आपत्तिजनक शब्दों पर कड़ा संज्ञान लिया है। आयोग की अध्यक्ष रेनू भाटिया के निर्देश पर बादशाह को आधिकारिक तौर पर समन जारी किया गया है, जिसके तहत उन्हें 13 मार्च 2026 को सुबह 11:30 बजे पानीपत के जिला उपायुक्त कार्यालय (DC Office) के कॉन्फ्रेंस हॉल में व्यक्तिगत रूप से पेश होना होगा।
इस पूरे विवाद की शुरूआत पानीपत की सामाजिक कार्यकर्ता सविता आर्य और शिव कुमार ने दर्ज कराई गई शिकायत से हुई है। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि बादशाह के नए गीत टटीरी में ऐसी भाषा और शब्दों का प्रयोग किया गया है जो हरियाणवी संस्कृति की गरिमा के खिलाफ हैं। उनके अनुसार यह गाना महिलाओं के सम्मान को ठेस पहुंचाता है और समाज में गलत संदेश फैलाता है, जिसके कारण गायक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की गई है।
यह भी पढ़ें: बुलंदशहर में डीजे बजाने पर दलित परिवार पर हमला, 12 लोग हुए गिरफ्तार
महिला आयोग का नोटिस और सख्त आदेश
हरियाणा राज्य महिला आयोग ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए 'हरियाणा राज्य महिला आयोग अधिनियम, 2012 के तहत नोटिस जारी किया है। गाने के बोल में 'छोरी तू पक्की टटीरी' जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया है, जिसे लेकर विवाद खड़ा हो गया है। शिकायत करने वालों का कहना है कि गाने में जिस तरह से 'टटीरी' शब्द का प्रयोग किया गया है, वह महिलाओं के लिए अपमानजनक है और सुनने में भद्दा लगता है।
आयोग ने न केवल बादशाह को पक्षकार बनाया है, बल्कि पानीपत के पुलिस अधीक्षक (SP) को भी विशेष निर्देश दिए हैं। पुलिस को यह सुनिश्चित करने के लिए कहा गया है कि सुनवाई की तय तारीख यानी 13 मार्च को बादशाह और शिकायतकर्ता दोनों पक्ष अनिवार्य रूप से उपस्थित रहें ताकि मामले की उचित जांच की जा सके।
आयोग और प्रशासन ने साफ कर दिया है कि मनोरंजन या कला के नाम पर किसी भी समाज की संस्कृति या महिलाओं की इज्जत के साथ खिलवाड़ नहीं किया जा सकता। अगर 13 मार्च को होने वाली सुनवाई के दौरान यह साबित हो जाता है कि गाने के बोल गलत हैं, तो सिंगर बादशाह पर कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
यह भी पढ़ें: होली से पहले हल्दीराम के गोदाम पर छापा, 112KG एक्सपायरी मिठाइयां मिलीं
बादशाह के पुराने गानों से जुड़े विवाद
बादशाह के लिए विवादों में रहना कोई नई बात नहीं है, उनके गानों पर पहले भी कई सवाल उठ चुके हैं। जैसे उनके मशहूर गाने गेंदा फूल को लेकर काफी हंगामा हुआ था। उन पर आरोप लगा था कि उन्होंने एक गरीब कलाकर की लाइन्स चुराई हैं और उन्हें क्रेडिट नहीं दिया। इसके अलावा, उनके कुछ और गानों को लेकर भी लोग नाराज रहे हैं।
उनमें महिलाओं के लिए गलत शब्दों का इस्तेमाल किया गया था। इन वजहों से बादशाह को पहले भी कई बार लोगों के गुस्से और कानूनी परेशानियों का सामना करना पड़ा है।