फिल्म और टेलीविजन कलाकार संघ (CINTAA) सुर्खियों में आ गया है। इस कमेटी से 11 लोगों ने अचानक इस्तीफा दे दिया। इस्तीफा देने वाले मेंबर्स ने कमेटी के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन मेंबर्स का कहना है कि अध्यक्ष पूनम ढिल्लों और उपाध्यक्ष पद्मिनी कोल्हापुरे अपने अधिकारों का गलत इस्तेमाल कर रही थीं। CINTAA में इस्तीफे की जानकारी कमेटी की जनरल सेक्रेटरी उपासना सिंह ने दी है, जिन्होंने इस्तीफे से जुड़ी कई बातें बताई हैं।
उपासना सिंह ने मीडिया एजेंसी से बात करते हुए बताया कि जिन 11 मेंबर्स ने इस्तीफा दिया है, उनमें से 8 चुने हुए मेंबर्स थे। इन 8 मेंबर्स के नाम मुकेश, साहिला चड्ढा, हेतल परमार, हेमंत पांडे, पुनीत इस्सर, विकास वर्मा, विंदा दारा सिंह और दीपक पाराशर हैं। इन सभी लोगों ने अपना लिखित इस्तीफा सौंप दिया। जिसके बाद कमेटी भंग हो गई।
यह भी पढ़ें: खून, खराबा और एक्शन, 'टॉक्सिक' का ट्रेलर लोगों को कैसा लगा?
क्यों दिया इस्तीफा?
CINTAA की जनरल सेक्रेटरी उपासना सिंह ने मीडिया एजेंसी को बताया कि पूनम ढिल्लों और पद्मिनी की वजह से मेंबर्स ने इस्तीफा दिया। सभी ने अपने रिजाइन लेटर में कमेटी छोड़ने की वजह बताई थी। रिजाइन लेटर्स में मेंबर्स ने बताया कि पूनम और पद्मिनी अपने अधिकारों का अपने लाभ के लिए इस्तेमाल कर रही थीं। इसी सिलसिले में उपासना ने मीडिया एजेंसी से कहा, इस्तीफा देने वाले मेंबर्स ने आरोप लगाया है कि पद्मिनी और पूनम मनमाने तरीके से कमेटी में काम करती थीं। वह कभी कमेटी के सदस्यों की बात नहीं सुनती थीं, साथ ही अपनी मर्जी के मुताबिक शो-कॉज नोटिस जारी कर देती थीं।
इसके साथ मेंबर्स ने दावा किया कि पद्मिनी और पूनम CINTAA की ईमेल आईडी के बजाय अपने पर्सनल मेल आईडी से दूसरे एसोसिएशन को मेल करती थीं। साथ ही किसी भी सदस्य का अचानक रोल बदल दिया जाता था और एक्टर्स की मेंबरशिप का कार्ड रद्द किया जाता था।
यह भी पढ़ें: 'बंटवारा 1947' से पहले विभाजन का दर्द दिखाने वाली फिल्में कौन सी हैं?
उपासना सिंह ने इस मामले को लेकर कहा कि यह पहली बार नहीं हुआ है, जब मेंबर्स ने पद्मिनी और पूनम की शिकायत की हो। इससे पहले भी कुछ सदस्यों ने इस्तीफा लेटर दिया था, जिसे स्वीकार नहीं किया गया। नियमों के मुताबिक, अगर कमेटी में आधे से ज्यादा लोग इस्तीफा देते हैं तो कमेटी भंग हो जाती है। जिसके बाद अगला चुनाव किया जाता है। इसी नियम के तहत जल्द ही CINTAA में चुनाव होगा।