दिल्ली पुलिस ने पंजाब गायक दिलजीत दोसांझ के 30 अक्टूबर को जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होने वाले कॉन्सर्ट की सुरक्षा अनुमति देने से इनकार कर दिया है। पुलिस ने इसकी वजह खतरे से जुड़ी खास सूचनाओं को बताया है। इससे दिल्ली में टिकट बुक करा चुके प्रशंसकों को झटका लगा है।
हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस डिप्टी कमिश्नर (दक्षिण) की ओर से 'बुक माय शो' को इसके बारे में सूचना दी गई है। पत्र में 14 अक्टूबर 2026 को दिए गए आवेदन का जिक्र है। यह आवेदन दिलजीत दोसांझ के 'इंडिया टूर दिल्ली' के आयोजन के लिए था।
यह भी पढ़ें: 'डेविल' गाने में स्टूडेंट्स की आवाज बने दिलजीत दोसांझ, लोगों ने बताया मास्टरपीस
पुलिस ने क्या कहा है?
हिंदुस्तान टाइम्स की एक रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस को खतरे की आशंका है। यही वजह है कि उनके शो को इजाजत नहीं मिल रही है। त्योहार चल रहे हैं और कानून-व्यवस्था से जुड़ी दूसरी अहम जिम्मेदारियों का भी हवाला पुलिस ने दिया है।
पुलिस ने यह नहीं कहा है कि कौन से खतरे हैं। आयोजकों या दिलजीत दोसांझ की ओर से इस फैसले पर कोई प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
यह भी पढ़ें: कहां गायब हैं पंजाब के 25000 गायब लोग? रुला देगी दिलजीत दोसांझ की फिल्म 'सतलुज'
बिक चुके टिकट का क्या होगा?
कॉन्सर्ट के टिकट पहले से बिक चुके हैं और प्रशंसकों को इस शो का इंतजार था। टिकट की वापसी या शो की नई तारीख को लेकर अभी कोई जानकारी नहीं है। दिलजीत दोसांझ ने दिल्ली कॉन्सर्ट से पहले प्रशंसकों को वॉलंटियर स्कैम से सावधान रहने को कहा था। उन्होंने प्रशंसकों से अपनी निजी जानकारी साझा न करने की अपील की थी।