• MUMBAI
25 Jun 2026, (अपडेटेड 25 Jun 2026, 1:43 PM IST)
'मिर्जापुर' का धमाकेदार टीजर रिलीज हो गया है। एक बार फिर मुन्ना भैया और गुड्डू पंडित के बीच में खूनी दंगल होने वाला है। यह फिल्म 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
'मिर्जापुर' का भौकाल अब बड़े पर्दे पर नजर आने वाला है। इस फिल्म के टीजर का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार था। मुन्ना त्रिपाठी और गुड्डू पंडित के बीच की खून की लड़ाई अब बड़े पर्दे पर दिखने वाली है। अमेजन प्राइम वीडियो के शो 'मिर्जापुर' पर ही फिल्म का प्रीक्वल बनाया गया है। फिल्म में मुन्ना भैया के रोल में दिव्येंदु शर्मा वापसी कर रहे हैं और बबलू पंडित के रोल में 'पंचायत' के सचिव जी यानी जितेंद्र कुमार नजर आएंगे। इस फिल्म में
रवि किशन
भी मुख्य भूमिका में नजर आएंगे।
फिल्म के टीजर ने कंफर्म कर दिया है कि मिर्जापुर का भौकाल पहले से बड़ा होने वाला है। पूर्वांचल की गलियों से लेकर राजस्थान के रेगिस्तान तक इस खूनी दंगल की जड़े फैलती हुई दिखाई दे रही हैं। मेकर्स ने फिल्म के टीजर को शेयर करते हुए कैप्शन लिखा, 'एक जबरदस्त और अनकही कहानी देखें। बड़े पर्दे पर भौकाल के लिए तैयार हो जाइए। मिर्जापुर द मूवी 4 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।' आप इस फिल्म को हिंदी और तेलुगु में देख सकेंगे। आइए जानते हैं मिर्जापुर का टीजर दर्शकों को कैसा लगा?
टीजर की शुरुआत पंकज त्रिपाठी के साथ होती है। वह कहते हैं, 'काबिल औलाद बहुत किस्मत से मिलती है और कभी किसी को नहीं भी मिलती है।' इसके बाद गुड्डू पंडित को दिखाया जाता है जो मिर्जापुर का टॉप का गैंगस्टर बनना चाहता है। बबलू पंडित अपने भाई के साथ मिलकर 'गद्दी' नहीं 'एम्पायर' खड़ा करना चाहते हैं। टीजर में रवि किशन को भी दिखाया जाता है जो महत्वपूर्ण भूमिका में नजर आएंगे। उन्हें देखना दर्शकों के लिए दिलचस्प होने वाला है।
'मिर्जापुर' के टीजर में कलाकारों ने उसी इंटेसिटी के साथ शानदार डायलॉग डिलीवरी दी है। आपको टीजर देखने के बाद मिर्जापुर सीरीज की याद आएगी। इस फिल्म में अभिषेक बनर्जी, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर, हर्षिता गौर, राजेश तैलंग, कुलभूषण खरबंदा, सोनल चौहान, सुशांत सिंह, मोहित मलिक, शीबा चड्ढा मुख्य भूमिकाओं में है। इस फिल्म को फरहान अख्तर ने प्रोड्यूस किया है।