बॉलीवुड सितारों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर चिंता बढ़ गई है।
टाइगर श्रॉफ
पर हुई फायरिंग की घटना के बाद फिल्म इंडस्ट्री के बड़े सितारों को लेकर सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, मुंबई पुलिस ने कई बड़े बॉलीवुड सितारों को भीड़भाड़ वाली जगहों पर जाने, सार्वजनिक कार्यक्रमों में ज्यादा देर रुकने और फैंस के साथ नजदीक जाकर सेल्फी लेने से बचने की सलाह दी है। पुलिस की इस कथित सलाह के पीछे सितारों की सुरक्षा को लेकर बढ़ती चिंताएं बताई जा रही हैं। खासकर ऐसे कार्यक्रमों को लेकर सतर्क रहने को कहा गया है, जहां किसी भी व्यक्ति का एक्टर्स तक आसानी से पहुंचना संभव हो सकता है।
दरअसल, 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी हुई थी। बताया गया कि टाइगर एक फुटबॉल मैच से लौट रहे थे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उनकी कार को निशाना बनाकर गोलियां चलाईं। इस घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और कुछ ही समय में कथित शूटर्स को गिरफ्तार कर लिया। बाद में इस मामले से जुड़े दूसरे लोगों को भी हिरासत में लिया गया।
यह भी पढ़ें: गौरव गुप्ता ही नहीं, इन कॉमेडियंस के जोक्स पर मचा था बवाल, 2 को जाना पड़ा था जेल
जांच के दौरान क्या पता चला?
टाइगर पर हुए हमले की जांच के दौरान पुलिस को शक हुआ कि हमलावरों ने टाइगर को निशाना बनाने से पहले बॉलीवुड के कुछ दूसरे सितारों के घरों की भी रेकी की थी। जांच में हुए इस खुलासे के बाद कई सितारों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठने लगे और पुलिस ने सक्रियता बढ़ा दी।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, जांच में
अमिताभ बच्चन
,
सलमान खान
,
आमिर खान
और
अक्षय कुमार
जैसे बड़े सितारों के घरों की रेकी किए जाने की बात सामने आई। बताया गया कि आरोपियों ने उन सितारों को निशाना बनाने की योजना पर विचार किया था, जिनकी सुरक्षा व्यवस्था अपेक्षाकृत कमजोर थी। जांच एजेंसियां इस बात की भी पड़ताल कर रही हैं कि इस हमले का संबंध लॉरेंस बिश्नोई गैंग से है या नहीं। इस घटना के बाद फिल्म इंडस्ट्री के कई लोगों ने सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है।
मुंबई पुलिस ने क्या कहा?
न्यूज एजेंसी आईएएनएस ने मुबंई पुलिस सूत्रों का हवाला देते हुए बताया कि पुलिस अधिकारियों का साफ कहना है कि जब तक हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो जाते, तब तक एक्टर्स को बहुत संभलकर रहना होगा। एडवाइजरी के तहत कलाकारों को यह सलाह दी गई है कि वे भीड़भाड़ वाली पब्लिक जगहों पर जाने से बचें। इसके अलावा फैंस के साथ सीधे मिलने-जुलने वाले कार्यक्रमों और पब्लिक इंटरेक्शन पर भी फिलहाल रोक लगाने या सावधानी बरतने की बात कही गई है।
यह भी पढ़ें: पीट हेगसेथ बहाना, असली नफरत ट्रंप से? अमेरिका में महाभियोग प्रस्ताव पर सियासत
सुरक्षा को लेकर सतर्क स्टार्स
इस बीच स्टार्स की सुरक्षा में बदलाव भी देखने को मिले हैं। अमिताभ बच्चन अपने मुंबई स्थित घर जलसा के बाहर फैंस का अभिवादन करते समय बुलेटप्रूफ कांच के पीछे नजर आए। आमतौर पर अमिताभ हर रविवार अपने घर के बाहर प्रशंसकों से मिलते हैं। वहीं, अक्षय कुमार के घर के बाहर भी सुरक्षा बढ़ाए जाने और बुलेटप्रूफ सुरक्षा पैनल लगाए जाने की खबरें सामने आईं। सलमान खान को पहले से ही वाई प्लस सुरक्षा मिली हुई है। इन बदलावों से अंदाजा लगाया जा सकता है कि हालिया घटनाओं के बाद फिल्मी सितारे अपनी सुरक्षा को लेकर ज्यादा सतर्क हो गए हैं।