अभिनेता नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने इस बार मेडिकल मिस्ट्री सीरीज की दुनिया में कदम रखा है। वह अमेरिका के पॉपुलर शो 'हाउस' के भारतीय एडेप्टेशन में ह्यू लॉरी वाला किरदार निभा रहे हैं। मेकर्स ने हाल ही में वेब सीरीज 'डॉक्टर हसन' का ट्रेलर रिलीज कर दिया है। इस सीरीज में वह अपनी टीम के साथ नाममुकिन केस को सुलझाते हैं और साथ ही अपने जूनियर्स और मरीजों के साथ उलझे हुए रिश्तों को भी संभालते हैं।
ट्रेलर की शुरुआत जानकी दास रुइया अस्पताल से होता है जहां कुछ मेडिकल मिस्ट्रीज हैं जिनका कोई जवाब नहीं है। इन मामलों को सुलझाने वाला इकलौता व्यक्ति मेडिकल जीनियस डॉक्टर हसन हो सकता है जिसका रोल नवाजुद्दीन सिद्दीकी ने निभाया है। उनमें ऐसी चीजों को पकड़ने की काबिलियत है जिन्हें अक्सर दूसरे लोग अनदेखा कर देते हैं।
ट्रेलर में दिखाया जाता है कि 'डॉक्टर हसन' अपनी टीम और मरीजों से बेबाक होकर बात करता है। इस वजह से उनके साथ काम करना काफी मुश्किल हो जाता है। अपनी प्रतिभा के कारण वह अस्पताल के जरूरी हिस्सा बन जाते हैं।
अस्पताल की कमान चीफ मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर पलक जैन (दीया मिर्जा) के हाथों में है। वह हसन की क्लासमेट रह चुकी हैं और उसकी क्षमताओं को बाकी लोगों से बेहतर समझती हैं। हसन की अपनी एक विश्वसनीय टीम है। नवाजुद्दीन ने अपने किरदार में हाजिरजवाबी और मजाकियां अंदाज का तड़का लगाया है। एक सीन में हसन नेपो किड्स पर तंज भी कसते करते हुए कहते हैं, 'बहुत बढ़िया ऋषि, तुम कमान संभालो। लोगों को लगता है कि नेपो किड्स के पास दिमाग नहीं होता है।
इसका निर्देशन रोहन सिप्पी ने किया है। 'डॉक्टर हसन' हिट सीरीज 'हाउस' पर आधारित है जिसे डेविड शो ने बनाया था। इस सीरीज के 8 सीजन आ चुके हैं। इस सीरीज ने 5 प्राइमटाइम एमी अवार्ड्स, 2 गोल्डन ग्लोब अवार्ड्स,1 पीबॉडी अवार्ड और 9 पीपल्स चॉइस अवार्ड्स समेत कई पुरस्कार जीते थे। यह सीरीज 11 दिसंबर को जियोहॉटस्टार पर रिलीज होगी।