बॉलीवुड एक्ट्रेस नुसरत भरूचा का इंडोनेशिया के बाली में एक्सीडेंट हुआ। इस दुर्घटना की वजह से नुसरत भरूचा को गंभीर चोटें आईं और उनकी रीढ़ की हड्डी में फ्रैक्चर हो गया। एक्सीडेंट के बाद नुसरत को बाली के एक अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उन्हें भारत लाया जा रहा है, मुंबई के अस्पताल में उनका इलाज होगा। नुसरत की टीम ने नुसरत की सेहत को लेकर ऑफिशियल स्टेटमेंट भी दी है।
नुसरत की टीम के मुताबिक, डॉक्टरों की मेडिकल जांच के बाद नुसरत की हड्डी की सर्जरी होगी। इसके साथ ही नुसरत की टीम ने जानकारी दी कि नुसरत को एयर एंबुलेंस के जरिए मुंबई लाया जा रहा है। उसके बाद मुंबई के अस्पताल में ही उनकी रीढ़ की सर्जरी की जाएगी। जानकारी के लिए बता दें कि नुसरत काम और छुट्टियां मनाने के लिए बाली गई थीं।
यह भी पढ़ें: पल-पल बदल रही तेज प्रताप यादव की दोस्ती, 'राइज एंड फॉल' में भी कर रहे सियासत?
नुसरत की टीम ने क्या कहा?
नुसरत की टीम ने कहा कि फिलहाल नुसरत को बाली से मुंबई लाने की व्यवस्था की जा रही है। गंभीर चोट और फ्रैक्चर की वजह से उन्हें आराम करना होगा, ताकि वह पूरी तरह से ठीक हो सकें। इस एक्सीडेंट की वजह से नुसरत अपने पेंडिंग वर्क कमिटमेंट पूरे नहीं कर पाएंगी। इस वजह से उन्हें लाखों रुपये का नुकसान झेलना पड़ सकता है।
टीम ने की प्राइवेसी की अपील
नुसरत की टीम ने लोगों से अपील की है कि सभी लोग नुसरत की प्राइवेसी का सम्मान करें, ताकि नुसरत अपने इलाज पर ध्यान दे सकें और जल्द से जल्द ठीक हो सकें। इसके बाद टीम ने बताया कि नुसरत की सेहत से जुड़ा अपडेट जल्द ही बताया जाएगा। नुसरत के एक्सीडेंट के बारे में जानकर उनके फैन्स दुखी हैं।
यह भी पढ़ें: शहजाद पूनावाला के कपड़े फाड़ने वाले सिवेत कौन हैं? Rise and Fall में हंगामा
नुसरत ने अपनी दमदार एक्टिंग के जरिए बॉलीवुड में खास जगह बनाई है। उन्होंने 'प्यार का पंचनामा' और 'प्यार का पंचनामा 2' फिल्म में शानदार एक्टिंग की थी। इसके बाद उन्होंने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा। इसके बाद नुसरत 'सोनू के टीटू की स्वीटी' फिल्म में नजर आईं। यह फिल्म बॉक्स ऑफिस पर हिट रही, जहां नुसरत की एक्टिंग को खूब पसंद किया गया। इसके बाद वह 'ड्रीम गर्ल' फिल्म में नजर आई थीं। खबरों के मुताबिक, वह कुछ फिल्मों में नजर आएंगी।