पंजाबी सिंगर और लिरिक्स राइटर गुलाब सिद्धू के घर पर शनिवार देर रात फायरिंग हुई। वह पंजाब के बरनाला जिले के गांव फरवाही में रहते हैं। इस घटना का सीसीटीवी वीडियो सामने आया है। वीडियो में मास्क लगाए हुए 3 अज्ञात लोगों ने गुलाब सिद्धू के घर के बाहर 6 से 7 राउंड फायरिंग की थी।
इस हमले में गुलाब सिद्धू को निशाना बनाने की कोशिश की गई थी। इस फायरिंग में किसी को गोली नहीं लगी। सभी लोग सुरक्षित है। गोलीबारी के समय गुलाब सिद्धू अपने घर पर नहीं थे। वह इस समय ऑस्ट्रेलिया में हैं। यह घटना रात 1 से 2 बजे की बीच बताई जा रही है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें: क्या आकांक्षा चमोला ने गौरव से मांगी 10 करोड़ की एलिमनी? खुद बताया सच
पहले भी गुलाब पर हुआ था हमला
इससे पहले कुछ गैंगस्टर्स ने गुलाब को निशाना बनाया था जिसके बाद पुलिस ने उन्हें सुरक्षा के लिए दो गनमैन दिए थे। गुलाब ने पहले सरपंचों के बारे में एक गाना गाया था। इस साल
जनवरी में फरवाही गांव के सरपंच बलजिंदर सिंह (उर्फ किंडा) ने उन्हें गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी थी। इसके बाद पुलिस ने किंडा समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया था।
बरनाला के एसएसपी मोहम्मद सरफराज आलम ने कहा, 'पुलिस को देर रात गायक गुलाब सिद्धू के घर पर गोली चलने की जानकारी मिली थी। गुलाब घर पर नहीं थे। वह अभी ऑस्ट्रेलिया में हैं। उन्हें पहले भी निशाना बनाया गया था और पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।'
यह भी पढ़ें: BB 20 : वीकेंड का वार में हुई काजी की तारीफ, किसे मिली सलमान की डांट?
कौन हैं गुलाब सिद्धू?
गुलाब सिद्धू पंजाबी इंडस्ट्री का जाना माना नाम है। गुलाब सिद्धू को सिद्धू मूसेवाला का करीबी माना जाता है। वह उन्हें अपना मेंटर मानते हैं। गुलाब ने इंस्टाग्राम प्रोफाइल फोटो पर जस्टिस फॉर मूसेवाला लिखा है। उन्होंने दिवंगत सिंगर सिद्धू मूसेवाला के साथ कई गाने बनाए। सिद्धू की मौत के बाद भी वह अपने हर पोस्ट में लगभग सिद्धू मूसेवाला का जिक्र करते हैं। वह कई पंजाबी फिल्मों में ऐक्टिंग भी कर चुके हैं। दो महीने पहले उनका गाना जुदा रिलीज हुआ था जिसमें उनके साथ टीवी ऐक्ट्रेस जैस्मीन भसीन नजर आई थीं।