मशहूर पॉडकास्टर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रणवीर अल्लाहबादिया (BeerBiceps) ने आखिरकार अपनी लव लाइफ को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर विराम लगा दिया है। रणवीर ने इंस्टाग्राम पर अपनी लेडीलव के साथ रोमांटिक तस्वीरें शेयर कर अपने रिश्ते का ऑफिशियल खुलासा कर दिया है। केन्या के मसाई मारा नेशनल पार्क की इन तस्वीरों ने इंटरनेट पर सनसनी मचा दी है। उनकी गर्लफ्रेंड का नाम जूही भट्ट है।
रणवीर अल्लाहबादिया ने अपनी पोस्ट में जूही भट्ट के साथ तीन तस्वीरें शेयर की हैं, जिनमें वे मसाई मारा की खूबसूरत वादियों का लुत्फ उठाते नजर आ रहे हैं। इस पोस्ट के साथ रणवीर ने एक बेहद भावुक कैप्शन भी लिखा, जिसमें उन्होंने जूही को अपनी दुनिया की 'रोशनी' बताया। उन्होंने लिखा, 'सूरज, चांद, सितारे और इनके बीच की हर चीज... क्या आप कभी किसी ऐसे इंसान से मिले हैं जिसकी रोशनी दुनिया की सारी नकारात्मकता को मिटा दे? मैं मिला हूं।'
यह भी पढ़ें: 'शक्ति शालिनी' के सेट से वायरल हुआ अनीत का वीडियो, स्कूल गर्ल बनीं सैयारा गर्ल

कौन हैं जूही भट्ट?
रणवीर अल्लाहबादिया के इस खुलासे के बाद हर कोई यह जानना चाहता है कि जूही भट्ट आखिर कौन हैं। जूही मुंबई में रहने वाली एक जानी-मानी अभिनेत्री और कंटेंट क्रिएटर हैं। मूल रूप से उत्तराखंड के देहरादून की रहने वाली 29 वर्षीय जूही टीवी की दुनिया का चर्चित चेहरा रही हैं। उन्हें 'तुमसे ना हो पाएगा' और 'भय: द गौरव तिवारी मिस्ट्री' जैसे टीवी शोज में उनके बेहतरीन अभिनय के लिए पहचाना जाता है।
जूही केवल अभिनय ही नहीं, बल्कि फिटनेस और एडवेंचर की भी शौकीन हैं। वह अक्सर पिलाटेस और सर्फिंग करते हुए अपनी तस्वीरें शेयर करती रहती हैं। इंस्टाग्राम पर करीब 5 लाख फॉलोअर्स वाली जूही एक डॉग लवर भी हैं और अक्सर अपने पालतू डॉगी के साथ समय बिताती नजर आती हैं। एक सफल कंटेंट क्रिएटर के तौर पर जूही ओप्पो (OPPO) और स्केचर्स (Skechers) जैसे कई बड़े इंटरनेशनल ब्रांड्स के साथ काम कर चुकी हैं।
यह भी पढ़ें: 'क्योंकि सास...' में हुई अंश की वापसी, शो में नए ट्विस्ट को देखकर भड़के लोग
पहले भी साथ में दिखे थे रणवीर और जूही
दोनों के रिश्ते की खबरें सबसे पहले तब तेज हुई थीं, जब उन्हें हाल ही में मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस (MI) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के बीच IPL मैच के दौरान साथ देखा गया था। उस समय रणवीर ने एक फैन को फोटो देने से मना करते हुए कहा था कि वह अपनी 'गर्लफ्रेंड' के साथ हैं। अब इस पोस्ट पर ओरी और फराह खान जैसी दिग्गज हस्तियों ने भी कमेंट कर जोड़े को शुभकामनाएं दी हैं। अब तक इस पोस्ट को 7 लाख से ज्यादा लाइक्स मिल चुके हैं।