जिया शंकर और एल्विश यादव इस वक्त सोशल मीडिया पर चर्चा का केंद्र बने हुए हैं। सोशल मीडिया पर एल्विश यादव और जिया शंकर की सगाई को लेकर खबरें सामने आ रही थीं, लेकिन अब फैंस के इन कयासों पर पानी फिर गया है, क्योंकि एल्विश यादव ने खुद इसकी सच्चाई बता दी है।
दरअसल, एल्विश यादव और जिया शंकर की सगाई की चर्चा इसलिए शुरू हुई थी, क्योंकि एल्विश यादव ने जिया के लिए एक रोमांटिक स्टोरी शेयर की थी। हालांकि, यह कोई प्रेम प्रसंग नहीं था, बल्कि एक शो का प्रमोशन मात्र था। इस शो का नाम ‘एंगेज्ड 2’ है, जिसे जिया शंकर और एल्विश यादव होस्ट करने वाले हैं। यह शो जियो हॉटस्टार पर देखा जाएगा।
यह भी पढ़ें- FIR, गुस्सा, प्रदर्शन', 'घूसखोर पंडत' पर मचे बवाल के बाद नीरज पांडे ने क्या कहा?
फोटो की क्या है हकीकत?
एल्विश यादव ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर एक रोमांटिक फोटो शेयर की थी, जिसमें वह एक लड़की का हाथ थामे हुए नजर आ रहे थे और उस हाथ में डायमंड रिंग भी दिखाई दे रही थी। इस स्टोरी के कैप्शन में एल्विश यादव ने लिखा, 'प्यार को दूसरा मौका दिया और मुझे मेरा प्यार मिल गया' साथ ही उन्होंने इस स्टोरी में जिया शंकर को टैग भी किया था। इसके बाद जिया शंकर ने भी इस स्टोरी को री-शेयर किया। इस फोटो को देखकर सोशल मीडिया पर यह कयास लगाए जाने लगे कि एल्विश यादव और जिया शंकर ने सगाई कर ली है।
हालांकि, सच्चाई इससे बिल्कुल उलट है। दोनों ने यह फोटो अपने निजी प्रेम संबंधों के कारण नहीं, बल्कि एक शो के प्रमोशन के लिए शेयर की थी। यह फोटो ‘एंगेज्ड 2’ शो के प्रचार का हिस्सा थी, जिसे एक बेहतरीन प्रमोशन रणनीति माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें: 'बॉलीवुड की 90 फीसदी शादियां फेक,' प्रतीक पाटिल को ऐसा क्यों लगता है?
एंगेज्ड 2 शो क्या है
‘एंगेज्ड’ सीजन 2 का थीम 'रोका या धोखा' है। इस सीजन का पहला एपिसोड 14 फरवरी (शनिवार) को रिलीज होने वाला है। यह एक रियलिटी डेटिंग सीरीज है, जो जियो हॉटस्टार पर स्ट्रीम होगी। इस शो में कुछ युवक और युवतियां हिस्सा लेंगे, जिनकी जोड़ियां बनाई जाएंगी। ये जोड़ियां गेम्स और चैलेंज खेलेंगी, जिनके जरिए उनकी लॉयल्टी और रिश्तों की सच्चाई को परखा जाएगा। पिछले सीजन को हर्ष गुजराल और उर्फी जावेद ने होस्ट किया था। उस सीजन में करीब 20 से ज्यादा एपिसोड थे और सिफत सहगल व करण राज की जोड़ी विनर बनी थी। अब इसके दूसरे सीजन को एल्विश यादव और जिया शंकर होस्ट कर रहे हैं।
कौन हैं जिया शंकर?
जिया शंकर का जन्म 17 अप्रैल 1995 को हुआ था। वह मूल रूप से महाराष्ट्र की रहने वाली हैं। जिया शंकर जिंदगी को अपनी शर्तों पर जीना पसंद करती हैं। उनके परिवार वाले, खासकर पिता, जिया को एक्ट्रेस नहीं बनने देना चाहते थे। लेकिन पिता के विरोध के बावजूद भी उन्होंने अपने सपनों को पूरा करने के लिए डटकर मेहनत की। साथ ही उन्होंने अपने नाम से पिता का सरनेम हटाकर शंकर उपनाम रख लिया।
उनकी पहली फिल्म 2013 में रिलीज हुई। यह एक तेलुगु फिल्म थी, जिसका नाम 'एंथा अंदंगा उन्नावे' था। इसके बाद जिया ने कभी पीछे मुड़कर नहीं देखा और अपना एक्टिंग करियर जारी रखा। जिया शंकर ने न केवल तेलुगु फिल्मों में काम किया, बल्कि हिंदी टीवी जगत में भी अपने हुनर के बल पर नाम कमाया। जिया शंकर ने 2015 में टीवी डेब्यू किया। उनका पहला शो बिंदास चैनल का 'लव बाय चांस' था। इसके बाद उन्होंने एंड टीवी के 'क्वींस हैं' में काम किया। जिया शंकर को आखिरी बार सब टीवी के 'काटेलाल एंड संस' में रुहैल सोलंकी के रूप में देखा गया था। अगस्त 2022 से वह कलर्स टीवी के शो 'पिशाचिनी' में हर्ष राजपूत के साथ पवित्रा की भूमिका निभा रही हैं।