क्रिकेटर युजवेंद्र चहल और एक्ट्रेस तानिया चटर्जी चर्चा का केंद्र बन गए हैं। तानिया चटर्जी ने युजवेंद्र चहल को लेकर दावा किया है कि युजवेंद्र चहल ने उनके खिलाफ मानहानि का केस दायर किया है। तानिया ने 13 अप्रैल को पैपराजी के सामने अपने और युजवेंद्र चहल के इंस्टाग्राम मैसेज शेयर किए थे, जिसके बाद सोशल मीडिया पर तानिया चटर्जी सुर्खियां बटोर रही थीं। इस मैसेज को लेकर युजवेंद्र चहल ने कोई सफाई नहीं दी थी। उसी को लेकर तानिया चटर्जी ने आरोप लगाया है कि चहल की टीम उन पर मैसेज डिलीट करने के लिए दबाव डाल रही है। तानिया के मुताबिक उन्होंने मैसेज डिलीट नहीं किया, इसी वजह से उनके खिलाफ मानहानि का केस किया गया है।
एक्ट्रेस तानिया चटर्जी ने पिछले दिनों पैपराजी को खुद बताया था कि साल 2023 में युजवेंद्र चहल ने उन्हें मैसेज में 'क्यूट'कहा था। इसके बाद तानिया ने कैमरे पर वह मैसेज दिखाया, जिसके बाद से ही वह सोशल मीडिया पर वायरल हो गई थीं। अब तानिया के नए आरोपों ने सोशल मीडिया पर इस मुद्दे को और चर्चा में ला दिया है। जहां कुछ लोग युजवेंद्र चहल पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं कई लोग तानिया चटर्जी को ट्रोल कर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: आशा भोसले की कुछ जानी-अनजानी कहानियां जो बहुत कम लोग जानते हैं, जान लीजिए
क्या है तानिया चटर्जी का दावा?
तानिया चटर्जी ने पैपराजी को बताया कि युजवेंद्र चहल की टीम ने उन्हें मानहानि का नोटिस भेजा है। इसके बाद तानिया ने कहा, 'दरअसल पिछली बार मैंने जो बातें कही थीं, वह इतना वायरल हो जाएंगी, मुझे नहीं पता था। सोशल मीडिया पर मुझे ज्यादा ट्रोल किया जा रहा है। उनका तो ठीक है लेकिन मैं ज्यादा बदनाम हो रही हूं। युजवेंद्र चहल के खिलाफ कोई कुछ नहीं बोल रहा है, सब लोग मेरे खिलाफ हैं और मानहानि का केस उन्होंने मुझे भेजा है।'
इसके बाद तानिया ने कहा, 'मतलब मैसेज उन्होंने किया, ‘क्यूट’ उन्होंने कहा लेकिन ट्रोल मैं हो रही हूं। लोग मुझे गलत बोल रहे हैं। मानहानि का नोटिस मुझे बेहद गलत लगा क्योंकि मैंने उन्हें डिफेम नहीं किया है। डिफेमेशन का मतलब होता है किसी की बेइज्जती करना या उसके बारे में गलत बातें कहना, जबकि मैंने ऐसा कुछ नहीं किया। इसलिए डिफेमेशन का केस बनता ही नहीं है।' अभी तक इस मुद्दे पर युजवेंद्र चहल की तरफ से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।