अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की जान गई है। पुलिस ने 21 वर्षीय भारतीय युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी युवक की पहचान जशनप्रीत सिंह के तौर पर हुई है। वह साल 2022 में अवैध तरीके से अमेरिका आया था। 2022 के मार्च महीने में कैलिफोर्निया के एल सेंट्रो सेक्टर में बॉर्डर पेट्रोल ने उसे हिरासत में लिया था। हालांकि जो बाइडेन सरकार ने सीमा नीति के तहत उसे रिहा कर दिया था।
रिहा होने के बाद जशनप्रीत ट्रक चलाने लगा। मंगलवार को उसने कई गाड़ियों पर टक्कर मारी। उस पर नशे में तीन लोगों की जान लेने का आरोप लगा है। होमलैंड सुरक्षा विभाग ने बताया कि उसके पास कोई वैध आव्रजन नहीं है। अमेरिकी आव्रजन एवं सीमा शुल्क प्रवर्तन ने गिरफ्तारी के बाद उसके खिलाफ आव्रजन निरोधक के तहत मामला दर्ज किया है। अमेरिकी मीडिया के मुताबिक यह दुर्घटना मंगलवार दोपहर को 10 फ्रीवे पर हुई है। हादसे में तीन लोगों की जान गई और 4 अन्य घायल हुए हैं।
यह भी पढ़ें: तेजस्वी के नाम का एलान करके महागठबंधन ने पूछा सवाल- NDA का चेहरा कौन है?
जशनप्रीत के ट्रक पर लगे डैशकैम वीडियो में पूरा हादसा कैद हो गया। वीडियो में दिख रहा है कि एक तेज रफ्तार ट्रक एसयूवी को टक्कर मारता है। इसके बाद आगे चल रहीं अन्य वाहनों को भी कुचलता आगे बढ़ जाता है। जोरदार भिड़ंत होने से वाहनों में आग लग जाती है। हादसे में कुल 8 कारें क्षतिग्रस्त हुई हैं। अमेरिकी पुलिस का दावा है कि जशनप्रीत ने हादसे से पहले ब्रेक का इस्तेमाल नहीं किया। एक अधिकारी ने बताया कि जांच में सामने आया है कि हादसे के वक्त आरोपी नशे की हालत में था।
यह भी पढ़ें: महिलाओं के लिए 'जिहादी कोर्स' चलाएगा जैश-ए-मोहम्मद, मसूद अजहर की बहन करेगी लीड
अमेरिका के फ्लोरिडा में अगस्त महीने में भारतीय नागरिक हरजिंदर सिंह की गलती के कारण तीन लोगों की जान सड़क हादसे में गई थी। हरजिंदर भी अवैध तरीके से साल 2018 में अमेरिका आए थे। इसके बाद वहां ट्रक चलाने लगे। जांच में सामने आया कि वह अंग्रेजी और रोड साइन से जुड़ी परीक्षा में फेल गए थे। बावजूद इसके उन्हें कैलिफोर्निया में व्यावसायिक ड्राइविंग लाइसेंस मिल गया।