पत्रकार से पोर्न स्टार तक, ट्रंप पर यौन शोषण के कितने आरोप?
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का विवादों से पुराना नाता रहा है। प्लेबॉय छवि वाले ट्रंप पर 26 महिलाएं यौन दुराचार का आरोप लगा चुकी हैं। एलन मस्क ने भी उनका नाम एपस्टीन फाइल्स से जोड़ा है।

मेलानिया और डोनाल्ड ट्रंप। (Photo Credit: X/@MELANIATRUMP)
एलन मस्क और डोनाल्ड ट्रंप की दोस्ती खत्म और दुश्मनी शुरू हो चुकी है। हाल ही में एलन मस्क ने ट्रंप पर बड़ा आरोप लगाया था। मस्क का दावा है कि ट्रंप का नाम एपस्टीन फाइल्स में है। इस वजह से उन्होंने कभी इस फाइल को सार्वजनिक नहीं किया। हालांकि बाद में मस्क ने यह पोस्ट डिलीट कर दी। जेफरी एपस्टीन अमेरिका का कुख्यात यौन अपराधी था। उसकी मौत 10 अगस्त 2019 को हो चुकी है। एपस्टीन के केस से जुड़ी फाइलों में कई प्रमुख हस्तियों के नाम हैं। यह कोई पहली बार नहीं जब डोनाल्ड ट्रंप का नाम यौन अपराध से जुड़े मामले में आया है। ट्रंप के खिलाफ ऐसे मामलों की एक लंबी फेहरिस्त है। 1970 से 2016 तक 26 महिलाएं ट्रंप पर यौन दुराचार के आरोप लगा चुकी हैं।
रियल एस्टेट कारोबारी से राष्ट्रपति बने डोनाल्ड ट्रंप ने 1977 में इवाना मैरी के साथ पहली शादी की थी। इवाना ने ट्रंप ऑर्गनाइजेशन में काम भी किया। शादी के बावजूद डोनाल्ड ट्रंप के मोहब्बत के किस्से अमेरिका में आम थे। उनकी छवि एक प्लेबॉय जैसी थी। 1990 के दशक में ट्रंप मॉडल मार्ला मेपल्स के इश्क में पड़े। अगले साल यानी 1991 में इवाना और ट्रंप का तलाक हो गया। 2022 में 72 साल की उम्र में इवाना की मौत हो चुकी है। इवाना और डोनाल्ड के तीन बच्चे हैं-
- इवांका ट्रंप
- डोनाल्ड जूनियर
- एरिक ट्रंप
मार्ला मेपल्स बनीं ट्रंप की दूसरी दुल्हनिया
डोनाल्ड ट्रंप और मार्ला मेपल्स के बीच कई वर्षों तक प्रेम प्रसंग चलता रहा। इवाना से तलाक के दो साल बाद डोनाल्ड ट्रंप ने 1993 में मार्ला मेपल्स से दूसरी शादी की। हालांकि यह शादी भी ज्यादा दिनों तक टिक नहीं सकी। दोनों की एक बेटी है, जिसका नाम टिफनी ट्रंप है। 1997 में ट्रंप और मार्ला मेपल्स ने अपनी-अपनी राहें अलग कर लीं।
यह भी पढ़ें: इच्छा या मजबूरी, कार्नी ने बताया PM मोदी को G7 में क्यों दिया न्योता?
मेलानिया नॉस से की तीसरी शादी
1998 में डोनाल्ड ट्रंप की मुलाकात मॉडल मेलानिया नॉस से हुई। दोनों के बीच लगभग सात वर्षों तक इश्क चला। 2005 में दोनों ने शादी करने का निर्णय लिया। पिछले 20 वर्षों से दोनों साथ हैं। मेलानिया ने अपने इकलौते बेटे बैरोन ट्रंप को जन्म दिया, जबकि यह डोनाल्ड ट्रंप की पांचवीं संतान है।
गर्भवती मेलानिया को दिया धोखा!
मेलानिया के साथ शादी के रिश्ते में बंधने के बाद भी इश्क मिजाज ट्रंप यही नहीं रुके। उनके कई महिलाओं के साथ रिश्ते बने। ऐसी ही एक महिला हैं प्लेबॉय मॉडल करेन मैकडॉगल। मैकडॉगल का दावा है कि ट्रंप और उनके बीच साल 2006 से ही अफेयर था। उस वक्त मेलानिया गर्भवती थी। यह सब उनके बेटे बैरोन के जन्मदिन से कुछ समय पहले शुरू हुआ था। मतलब डोनाल्ड ट्रंप अपनी गर्भवती पत्नी मेलानिया को धोखा दे रहे थे।
जब फ्लाइट में महिला का किया उत्पीड़न
जेसिका लीड्स नाम की महिला ने 2016 में ट्रंप पर यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया। न्यूयॉर्क टाइम्स से बातचीत में जेसिका लीड्स ने बताया था कि 1980 के दशक में एक फ्लाइट में मैं और ट्रंप अगल-बगल की सीट पर बैठे थे। तभी ट्रंप ने मेरे प्राइवेट पार्ट को छुआ और अपना हाथ स्कर्ट में डालने की कोशिश की। एक ऑक्टोपस की तरह ट्रंप अपने हाथ पूरे बदन में फिरा रहे थे।
डोनाल्ड ट्रंप का भद्दा टेप भी हो चुका जारी
डोनाल्ड ट्रंप रंगीन मिजाज इंसान हैं। 2016 में अमेरिकी राष्ट्रपति चुनाव से ठीक पहले वाशिंगटन पोस्ट ने एक टेप जारी किया। यह टेप सितंबर 2005 का था। इसमें डोनाल्ड ट्रंप 'एक्सेस हॉलीवुड' की होस्ट बिली बुश से बेहद आपत्तिजनक बात कहते हैं। बात इतनी भद्दी थी कि उसे लिखा भी नहीं जा सकता है। 2019 में स्तंभकार ई. जीन कैरोल ने भी ट्रप के खिलाफ यौन उत्पीड़न का आरोप लगाया। कैरोल का कहना है कि ड्रेसिंग रूम में ट्रंप ने उनका यौन उत्पीड़न किया था।
यह भी पढ़ें: 'अभी भी कांप रहा हूं', कनाडा में खालिस्तानियों ने पत्रकार को घेरा
पत्रकार से भी कर चुके छेड़खानी
साल 2016 में पीपुल्स मैगजीन की पत्रकार नताशा स्टोइनॉफ ने ट्रंप पर बड़ा आरोप लगाया। नताशा ने बताया कि मैं 2005 में गर्भवती मेलानिया ट्रंप का इंटरव्यू लेने मार-ए-लागो गई थी। मार-ए-लागो डोनाल्ड ट्रंप का रिसॉर्ट है। यह फ्लोरिडा के पाम बीच में बना आलीशान महल है। ट्रंप इसे ब्रह्मांड का केंद्र भी कहते हैं। नताशा ने बताया कि इसी मार-ए-लागो में जब मैं पहुंची तो ट्रंप ने मुझे दीवार से सटा दिया और अपनी जीभ मेरे गले में फिराने लगे।
पोर्न स्टार से भी थे रिश्ते
स्टेफनी क्लिफोर्ड, जिन्हें दुनिया पोर्न स्टार स्टॉर्मी डेनियल्स के नाम से जानती हैं। डोनाल्ड ट्रंप और डेनियल्स के बीच अदालत में मुकदमा भी चला। अपनी गवाही में डेनियल्स ने बताया था कि दोनों के बीच शारीरिक संबंध थे। ट्रंप फोन करते थे और कई बार मिलने भी आते थे। 2016 में राष्ट्रपति चुनाव से ठीक पहले ट्रंप के वकील माइकल कोहेन ने डेनियल्स को 130000 डॉलर की रकम भी भेजी। यह रकम व्यापारिक अभिलेखों में हेराफेरी के बाद भेजी गई थी। 30 मई 2024 को मैनहट्टन की एक जूरी ने डोनाल्ड ट्रंप को इससे जुड़े सभी 34 मामलों में दोषी पाया। ट्रंप पर कुल 26 महिलाएं यौन दुराचार का आरोप लगा चुकी हैं। हालांकि डोनाल्ड ट्रंप इन सभी आरोपों से इनकार करते हैं।
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap