अफ्रीकी देश नाइजीरिया में हिंसा की आग थमती नहीं दिख रही है। उत्तर नाइजीरिया के तीन गांवों में बाइक सवार बंदूकधारियों ने भीषण उत्पात मचाया। 46 लोगों की हत्या करने के बाद कई लोगों को बंधक बना लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक यह तीनों गांव क्वारा और कटसीना प्रदेश के सीमा पर स्थित हैं।
सबसे भीषण रक्तपात कोंकोसो गांव में देखने को मिला। यहां आतंकियों ने 38 लोगों को मौत के घाट उतार दिया। कई घरों को आग के हवाले कर दिया। आशंका है कि जल चुके घरों में कई अन्य शव हो सकते हैं। ऐसे में मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
यह भी पढ़ें: बलूच आर्मी के कब्जे में 7 पाकिस्तानी सैनिक! रिहाई के लिए दिया 7 दिन का अल्टीमेटम
एक ही गांव में 38 की हत्या
नाइजर राज्य के पुलिस प्रवक्ता वासिउ अबियोदुन के मुताबिक बंदूकधारियों ने सबसे पहले तुंगार मेकेरी गांव पर हमला किया। यहां छह लोगों की जान ली। इसके बाद वे कोंकोसो गांव पहुंचे। यहां सुबह करीब छह बजे धावा बोला गया। बंदूकधारियों ने 38 लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी। दोनों गावों में कई घरों को आग के हवाले कर दिया।
थाने में भी आग लगाई
स्थानीय लोगों के मुताबिक बंदूकधारियों ने कोंकोसो के बाद पिस्सा गांव पर हमला किया। यहां एक थाने में आग लगा दी। कोंकोसो गांव से चार महिलाओं का अपहरण भी कर लिया। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक बंदूकधारी 41 बाइक पर सवार होकर आए थे। हर बाइक में दो से तीन बदमाश बैठे थे।
यह भी पढ़ें: बांग्लादेश में 1 सीट जीतने वाली 'BJP' के तारिक रहमान से कैसे हैं रिश्ते?
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक क्वारा और नाइजर सीमा के करीब कैंजी वन क्षेत्र है। यहां आईएसआईएल और बोको हराम जैसे आतंकी संगठन सक्रिय है। वहीं अल-कायदा से जुड़े संगठन ग्रुप फॉर द सपोर्ट ऑफ इस्लाम एंड मुस्लिम्स भी इलाके में हमला कर चुका है। बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक फरवरी महीने में इसी इलाके में बंदूकधारियों ने 100 से अधिक लोगों की हत्या कर दी थी।