चीन की एक पटाखा फैक्ट्री में बड़ा धमाका हुआ है। भीषण हादसे में 9 लोगों की जान गई है और 26 लोग घायल हैं। चीनी मीडिया के मुताबिक यह हादसा मध्य चीन के हुनान प्रांत के लिनली काउंटी में सोमवार को हुआ। चीन के सरकारी चैनल सीजीटीएन ने घटना का वीडियो अपनी वेबसाइट पर अपलोड किया। वीडियो में जोरदार धमाके की आवाज सुनाई दे रही है। आसमान में काफी ऊपर तक धुएं का गुबार उठता दिख रहा है। भीषण धमाके से आसपास की इमारतों को भी नुकसान पहुंचा है।
शिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक धमाका हुनान प्रांत के लिनली काउंटी में सोमवार सुबह लगभग 8:23 बजे हुआ। हादसे की जांच के लिए एक समिति का गठन किया है। मौके पर राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। आपातकालीन प्रबंधन मंत्रालय ने बचाव कार्य की निगरानी के लिए एक टीम भी घटनास्थल पर भेजी है। मंत्रालय ने अपने बयान में कहा कि धमाके की वजह का तुरंत पता लगाना चाहिए और जिम्मेदार लोगों को जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
यह भी पढ़ें: 'इजरायल को आत्मरक्षा का अधिकार', जी7 देशों ने दी मौन सहमति
पहाड़ी इलाके में स्थित है फैक्ट्री
चीनी रेडियो चैनल ने बताया कि धमाकों की वजह से राहत एवं बचाव कार्य बेहद कठिन था। पटाखा फैक्ट्री पहाड़ी इलाके में स्थित है। वहां पानी का भी कोई बड़ा सोर्स नहीं था। इस वजह से आग बुझाने में भी दिक्कत आई। लगभग 20 घंटे तक चले राहत एवं बचाव कार्य के बाद आग बुझाने में कामयाबी मिली। हुनान प्रांत के गवर्नर माओ वेइमिंग ने मंगलवार को घटनास्थल का दौरा भी किया।
2017 में हुई स्थापना, 95 लोग करते हैं काम
कंपनियों के बारे में जानकारी देने वाली वेबसाइट क्यूचाचा के मुताबिक धमाका हुनान शांझो फायरवर्क्स कंपनी लिमिटेड की फैक्ट्री में हुआ है। यह फैक्ट्री चांगदे शहर से लगभग 60 किमी की दूरी पर स्थित है। कंपनी का मुख्यालय चांगदे में है और इसकी की स्थापना 2017 में हुई। यहां 95 लोग काम करते हैं। कंपनी विस्फोटक, डेटोनेटर और आतिशबाजी में उपयोग होने वाले रासायन का उत्पादन करती है।
यह भी पढ़ें: ईरानी सेना के नए चीफ ऑफ स्टाफ को भी मार गिराया, इजरायल का दावा
चीन की फैक्ट्रियों में हादसे आम बात
चीन की फैक्ट्रियों में हादसे आम बात है। माना जाता है कि ढीले सुरक्षा नियमों के कारण ऐसा होता है। पिछले महीने शांदोंग प्रांत में एक रासायनिक संयंत्र में धमाका हुआ था। इसमें 5 लोगों की जान गई थी। साल 2015 में तियानजिन शहर में स्थित गोदामों में दो बड़े धमाके हुए थे। इसमें 170 से अधिक लोगों की जान गई थी और 700 लोग घायल हुए थे। 2018 में एक फैक्ट्री में धमाके से 22 और 2019 में रासायनिक प्लांट में विस्फोट से 44 लोगों की मौत हुई थी।