बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना अपने देश लौटना चाहती हैं। वह 16 दिसंबर को बांग्लादेश लौट सकती हैं। उनके एलान के बाद देश के कई जिलों में राजनीतिक तनाव बढ़ गया है। जगह-जगह आगजनी, देसी बम से धमाकों और झड़पों की नई वारदातें सामने आईं हैं। शेख हसीना के गृह जिले गोपालगंज में बाजार बंद करने और बस सेवाएं रोकने का फैसला किया गया है।
शेख हसीना ऐसे वक्त में बांग्लादेश लौट रहीं हैं, जब उन्हें बांग्लादेशी अदालत ने मौत की सजा सुना दी है। साल 2024 में छात्र प्रदर्शनकारियों पर हुई घातक कार्रवाई के मामले में गैर-मौजूदगी में मौत की सजा सुनाई गई थी। शेख हसीना ने कहा है कि वह 1971 में पाकिस्तान पर जीत की सालगिरह पर बांग्लादेश लौटना चाहती हैं। उनके इस एलान की वजह से 7 जिलों में बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश की 120 पल्टनें तैनात की गईं हैं।
यह भी पढ़ें: '16 दिसंबर तक बांग्लादेश पर कब्जा कर लेंगे', बंगाल के मंत्री अर्जुन सिंह का दावा
किन जगहों पर हालात तनावपूर्ण हैं?
सबसे ज्यादा संवेदनशील इलाके ढाका, गाजीपुर, नारायणगंज, मयमनसिंह, गोपालगंज, चटगांव और कॉक्स बाजार में हैं। यहीं बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश के जवानों की सबसे ज्यादा तैनाती है। अकेले गोपालगंज में 56 पल्टनें आईं हैं। एक पल्टन में आमतौर पर 30 से 40 जवान होते हैं। बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश के मुख्यालय पर ड्रोन, बॉडी कैमरों और दूसरे उपकरणों की लाइव फुटेज से अभियान की निगरानी कर रहा है।
शेख हसीना के गढ़ में कैसे हालत हैं?
गोपालगंज हसीना का गढ़ माना जाता है। समाचार एजेंसी AFP के मुताबिक वहां मोबाइल बैंकिंग सेवाएं बंद हैं और ढाका के लिए सीधी ट्रेन सेवा रुकी है। कुछ थाने काम नहीं कर पा रहे हैं। स्थानीय लोगों ने कहा कि शेख हसीना से जुड़े होने की वजह से उन्हें सुरक्षा पाबंदियों और राजनीतिक हिंसा का सामना करना पड़ रहा है। शेख हसीना 15 साल सत्ता में रहीं हैं। अपने खिलाफ उग्र आंदोलनों और हत्या के डर से वह प्रधानमंत्री पद पर रहते हुए ही 5 अगस्त 2024 को भारत आ गईं थीं।
आवामी लीग ने लॉकडाउन का किया एलान
अवामी लीग ने 29 और 30 नवंबर को लॉकडाउन का एलान किया है। डेली स्टार की एक रिपोर्ट के मुताबिक शनिवार रात गोपालगंज में लोग मशाल लेकर सड़कों पर उतर आए। मार्केट कमेटी ने हिंसा और लूट के डर से दो दिन दुकानें बंद रखने का फैसला किया है। ढाका और गोपालगंज के बीच बस सेवाएं शनिवार दोपहर से बंद हैं।
ग्रामीण बैंक ने कहा कि इस महीने 100 से ज्यादा शाखाओं को आगजनी का निशाना बनाया गया। गोपालगंज की एक शाखा के सुरक्षा गार्ड ने AFP से बात की। उसने बताया कि हमलावर मुहम्मद यूनुस के उस आदेश का बदला लेना चाहते हैं, जिसमें शेख मुजीबुर रहमान का घर गिराने को कहा गया था।
यह भी पढ़ें: 'हथकड़ी में ही लौट सकती हैं', शेख हसीना को बांग्लादेश का दो टूक जवाब
आगजनी और बम धमाकों से सुलगा बांग्लादेश
नेत्रकोना में अवामी लीग के केंद्रीय संगठन सचिव और पूर्व सांसद अहमद हुसैन का गांव का घर शनिवार रात जला दिया गया। पुलिस के मुताबिक पहले जुबो दल के एक नेता पर हमला हुआ था। भीड़ ने बाद में जुबो लीग नेता रफीक का घर जलाया और फिर अहमद हुसैन के घर में आग लगाई। पांच-छह घर क्षतिग्रस्त हुए। सिलहट में पूर्व सांसद हबीबुर रहमान हबीब के घर में शनिवार शाम तोड़फोड़ और आगजनी हुई।
अधिकारियों ने हाल की फ्लैश रैलियों, देसी बम धमाकों और आगजनी के लिए अवामी लीग समर्थकों को जिम्मेदार ठहराया है। एएफपी के मुताबिक हाल के हफ्तों में कम से कम 72 फ्लैश रैलियां और 100 से ज्यादा पेट्रोल बम हमले हुए। ढाका के उत्तरा और कुर्मीटोला में शनिवार रात देसी बम फटे। मोहम्मदपुर और मीरपुर में दो वाहनों में आग लगाई गई। सावर और आशुलिया में शुक्रवार रात तीन खड़ी बसें जलाई गईं। किसी हादसे में जनहानि की खबर नहीं है।
यह भी पढ़ें: BSF जवान को हिरासत में लेकर की गई बदसलूकी, बांग्लादेश से वीडियो आया सामने
दिसंबर बांग्लादेश पर भारी पड़ेगा?
बांग्लादेश में बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की सरकार है। बीएनपी, जमात-ए-इस्लामी और नेशनल सिटीजन पार्टी नहीं चाहती हैं कि अवामी लीग की गतिविधियां दोबारा शुरू हों। ये राजनीतिक दल, हर कोशिश कर रहे हैं कि BNP दोबारा न पनपन पाए। इन्हीं दलों के समर्थक सड़कों पर उतर गए हैं। सत्तारूढ़ बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी ने 1 दिसंबर को ढाका के सुहरावर्दी उद्यान में बड़ी रैली बुलाई है।
प्रधानमंत्री और बीएनपी अध्यक्ष तारिक रहमान वहां पार्टी का महीने भर का कार्यक्रम घोषित कर सकते हैं। नेशनल सिटीजन पार्टी ने 31 दिसंबर तक 39 दिन के कार्यक्रम का एलान किया है। यह 64 जिलों और 13 महानगरों में होगा। जमात ने भी दिसंबर में 40 दिन का अलग कार्यक्रम घोषित किया है। शेख हसीना 16 दिसंबर को लौटने की योजना बना रहीं हैं। बांग्लादेश सुलगने की कगार पर खड़ा है।