राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ विवाद के बाद उद्योगपति एलन मस्क ने अपनी नई सियासी पार्टी का गठन किया है। एलन मस्क ने इसकी घोषणा अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किया है। एलन मस्क के नए राजनीतिक दल का नाम 'अमेरिका पार्टी' है। अमेरिकी चुनाव में अभी तक रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक पार्टी का दबदबा होता है। मगर अब जनता के सामने तीसरी पार्टी का विकल्प होगा। एलन मस्क ने एक्स पर लिखा, 'हमारे देश को जब बर्बादी और भ्रष्टाचार से दिवालिया बनाने की बात आती है तो हम एक पार्टी सिस्टम में रहते हैं, लोकतंत्र में नहीं। आज 'अमेरिका पार्टी' आपको आपकी आजादी वापस दिलाने की खातिर बनाई गई है।'
एलन मस्क डोनाल्ड ट्रंप के सबसे करीबी थे। मगर 'बिग ब्यूटीफुल बिल' के मुद्दे पर दोनों के बीच दूरियां काफी बढ़ गईं। एक्स पर दोनों के बीच मचे घमासान को भी दुनिया ने देखा है। एक समय ऐसा भी था जब ट्रंप की जीत पर एलन मस्क मंच पर नाचते थे। 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में मस्क ने डोनाल्ड ट्रंप को सबसे अधिक 300 मिलियन डॉलर का चंदा दिया था, लेकिन ट्रंप के साथ बढ़ते मतभेद के साथ एलन मस्क ने एलान किया था कि अगर 'बिग ब्यूटीफुल बिल' पारित होता है तो वह नए सियासी दल का गठन करेंगे। अब बिल पारित होने के बाद मस्क ने अपनी पार्टी का एलान कर दिया है।
यह भी पढ़ें: मदद लेने गए और जान गंवाई, गाजा में एक महीने में 613 मौतें
अभी नहीं की कागजी कार्रवाई
न्यूयॉर्क टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक एलन मस्क ने शनिवार तक अपनी पार्टी से जुड़ी कोई कागजी कार्रवाई नहीं की। अपने एक्स पोस्ट पर भी एलन मस्क ने पार्टी से जुड़ा अधिक ब्योरा नहीं दिया। हालांकि एक पोस्ट में उन्होंने बताया कि अगले साल अमेरिका पार्टी चुनाव लड़ेगी। एलन मस्क ने अपने दोस्तों से पार्टी गठन के बारे में गहन चर्चा की और इसके बाद सियासी दल का एलान किया।
क्या आसान है नई पार्टी खड़ा करना?
अमेरिका की सियासत में अघोषित तौर पर द्विदलीय व्यवस्था है। इसमें जगह बनाना एलन मस्क के लिए आसान नहीं होगा। उन्हें सियासी ध्रुवीकरण, राज्यों के कड़े कानून और जटिल व महंगी मतपत्र योग्यता प्रक्रियाओं का सामना करना होगा। अमेरिका की प्रतिनिधित्व प्रणाली हर जिले में सबसे अधिक मत पाने वालों पर आधारित है। यह सिस्टम रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक पार्टियों के साथ प्रतिस्पर्था करने का कम मौका देता है। वहीं अधिकांश अमेरिकी मतदाता रिपब्लिकन और डेमोक्रेटिक पार्टी के बीच बंटे हैं। अब इन्हें किसी तीसरे पार्टी के पक्ष में करने की चुनौती भी मस्क के सामने होगी।
यह भी पढ़ें: बिग ब्यूटीफुल बिल को ट्रंप ने दी मंजूरी, बोले- ‘वादा किया और निभाया’
पोल में 65 फीसदी लोगों का मिला साथ
एलन मस्क का फोकस कुछ कांग्रेस सीटों पर रहेगा। उन्होंने खुद कहा कि सिर्फ 2 या 3 सीनेट सीटों और 8 से 10 हाउस जिलों पर ध्यान केंद्रित करना होगा। अमेरिकी आजादी के 249वीं वर्षगांठ पर एलन मस्क ने एक पोल प्रकाशित किया। इसमें उन्होंने अपने फॉलोअर्स से पूछा कि क्या उन्हें रिपब्लिकन और डेमोक्रेट दोनों के खिलाफ़ लड़ने अमेरिकी पार्टी बनाने पर आगे बढ़ना चाहिए या नहीं। शनिवार सुबह तक लगभग 12 लाख लोगों ने अपनी प्रतिक्रिया दी। इसमें 65 फीसदी से अधिक ने हां में उत्तर दिया।