कनाडा की लेखिका और कवयित्री ऐन कार्सन को 2026 का साहित्य नोबेल पुरस्कार दिया गया है। गुरुवार को नोबेल समिति ने उनके नाम की घोषणा कर दी है। नोबेल समिति ने उन्हें ऐसी रचनाओं के लिए सम्मानित किया है, जिनमें उन्होंने पुराने यूनानी-रोमन साहित्य को आज की जिंदगी, प्यार, रिश्तों और दुख से जोड़ा है।
स्वीडिश अकादमी ने गुरुवार को इस प्रतिष्ठित पुरस्कार का एलान करते हुए कहा कि ऐनी कार्सन को उनके साहसी और कल्पनाशील लेखन के लिए यह सम्मान दिया गया है। समिति ने कहा कि कार्सन की खासियत यह है कि वह पुरानी कहानियों को सिर्फ दोबारा नहीं लिखतीं, बल्कि उनमें अपनी कल्पना और आज की जिंदगी की भावनाएं जोड़ देती हैं।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में प्रदर्शन की वजह से कौन-कौन ट्रेनें रद्द हुईं? देखिए लिस्ट
कौन हैं ऐन कार्सन ?
ऐन कार्सन का जन्म 1950 में कनाडा के टोरंटो में हुआ था। उन्होंन प्राचीन रोमन और यूनानी साहित्य में पढ़ाई की है और 1981 में उन्होंने इसी टॉपिक पर अपनी डॉक्टरेट की थीसिस भी पब्लिश की थी। उन्होंने अपने पूरे करियर के दौरान कविता लिखने के साथ-साथ अनुवाद का काम भी किया और अलग-अलग यूनिवर्सिटीज में पढ़ाया भी।
पति पर लिखी किताब
ऐन कार्सन की सबसे चर्चित किताबों में से एक 'द ब्यूटी ऑफ द हसबैंड' है। यह किताब 2001 में प्रकाशित हुई। यह एक ऐसे पति की कहानी है, जो अपनी पत्नी को धोखा देता है। कहानी की पात्र महिला अपने पति की खूबसूरती से प्रभावित है, लेकिन धीरे-धीरे उसे उसके झूठ, बेवफाई और धोखा देने की आदतों का सामना करना पड़ता है। इसके बावजूद वह अपने पति से भावनात्मक रूप से जुड़ी रहती है और उसके प्रति अपने प्यार को आसानी से खत्म नहीं कर पाती। यह किताब शादी, आकर्षण और टूटते भरोसे के बीच फंसी एक महिला की उलझनों को सामने लाती है। इसे 29 हिस्सों में लिखा गया है।
यह भी पढ़ें: अपने फैंस पर ध्यान दें जूनियर NTR, हैदराबाद पुलिस कमिश्नर ने क्यों की अपील?
राक्षस को अलग तरीके से दिखाया
ऐन कार्सन की दूसरी सबसे चर्चित किताबों में ‘ऑटोबायोग्राफी ऑफ रेड: ए नॉवेल इन वर्स’ शामिल है। साल 1998 में प्रकाशित यह किताब हजारों साल पुरानी यूनानी कथा पर आधारित है। इसमें गेरियोन नाम का एक पंखों वाला लाल राक्षस है, जिसे अब तक सभी ने एक राक्षस के रूप में ही जाना था। ऐन कार्सन ने इस पुराने मिथक को बिल्कुल नए तरीके से अपने अंदाज में लिखा। उनकी कहानी में गेरियोन सिर्फ एक राक्षस नहीं, बल्कि अपनी मां से प्यार करने वाला संवेदनशील युवक है। इस तरह लेखिका एक पुरानी कहानी को प्यार और संवेदनशीलता से जोड़कर दिखाती है।
इसके अलावा 'मेन इन द ऑफ ऑवर्स' और 'नॉर्मा जीन बेकर ऑफ ट्रॉय', 'ग्लास एंड गॉड', 'डिक्रिएशन','इरोज द बिटरस्वीट' भी उनकी प्रमुख रचनाओं में शामिल है। इसके साथ ही 'नॉक्स' किताब उनके बेहद ही निजी अनुभवों पर है। इसमें उन्होंने अपने भाई की मौत को याद किया है।