नीदरलैंड यूरोप का बेहद ही सुंदर देश है। इसके कई शहरों के नाम के आखिर में 'डैम' शब्द जुड़ा होता है। आपने एम्स्टर्डम, रॉटरडैम और ज़ानडैम जैसे नाम जरूर सुने होंगे। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि इन शहरों के नाम में 'डैम' क्यों आता है? दरअसल, डच भाषा में भी डैम का मतलब बांध ही होता है। इन शहरों के नाम उन बांधों से जुड़े हैं, जिनके आसपास कभी बस्तियां बसी थीं। धीरे-धीरे ये बस्तियां बड़े शहरों में बदल गईं।
बता दें कि नीदरलैंड का बड़ा हिस्सा समुद्र तल से नीचे या उसके काफी करीब है। इसके चलते यहां के कई इलाके दलदली हैं। इन इलाकों में पुराने समय में बाढ़ का खतरा हमेशा बना रहता था। परिणामस्वरूप लोगों ने पानी को रोकने और जमीन को सुरक्षित रखने के लिए नदियों पर बांध बनाए। बांध बनने के कारण लोगों ने जमीन को खेती और रहने लायक बनाया।
बांधों के पास बसने लगे बाजार और शहर
पुराने समय में नदियां ही सामान लाने-ले जाने का बड़ा जरिया थीं। जब किसी नदी पर बांध बनाया जाता था, तो नावों को वहां रुकना पड़ता था। इस दौरान लोग नावों से सामान उतारते थे। धीरे-धीरे बांधों के पास बाजार लगने लगे। व्यापार बढ़ा और लोगों ने वहीं रहना शुरू कर दिया। इस तरह छोटी बस्तियां बड़े शहर में तब्दील होती गईं।
यह भी पढ़ें: 'मेरी मां को अपनी बात कहने का हक', BJP के सवालों पर प्रियंका गांधी ने दिया जवाब
जब शहरों के नाम रखने की बारी आई तो लोगों ने नदी और डैम जोड़कर शहर का नाम रखना शुरू कर दिया। नाम रखने का यह तरीका बेहद ही सरल था। नीदरलैंड में कई शहरों के नाम नदी और बांध को जोड़कर रखे गए हैं। इसके कुछ खास उदाहरण की बात करें तो एम्स्टर्डम शहर का नाम आता है।
नीदरलैंड के नदी और डैम के नाम से फेमस हुए कुछ शहर
एम्स्टर्डम (Amsterdam): यह शहर एम्स्टेल (Amstel) नदी पर बने बांध के पास बसा था। पहले इसे एम्स्टेलरेडैम कहा जाता था। बाद में इसका नाम एम्स्टर्डम हो गया।
रॉटरडैम(Rotterdam): यह शहर रोटे (Rotte) नदी पर बने बांध के आसपास विकसित हुआ। इसी वजह से इसका नाम रॉटरडैम पड़ा।
ज़ानडैम(Zaandam): इसका नाम ज़ान (Zaan) नदी पर बने बांध से जुड़ा है।
एडैम(Edam): यह शहर ई (E/Je) नदी पर बने बांध के पास बसा था। इसी से इसका नाम एडम पड़ा।
इस तरह नीदरलैंड के शहरों के नाम वहां के पुराने इतिहास और भौगोलिक स्थिति से जुड़े हैं। 'डैम' शब्द सिर्फ नाम का हिस्सा नहीं है, बल्कि यह बताता है कि इन शहरों की शुरुआत कैसे हुई थी।