अमेरिका के एक होटल में चल रही एक डिनर पार्टी के दौरान जोरदार धमाके सुने जाने के बाद खलबची मच गई है। जिस वक्त धमाके सुने गए उस वक्त वहां राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी मेलानिया ट्रंप भी मौजूद थीं। इस घटना के तुरंत बाद डोनाल्ड ट्रंप और उनकी पत्नी को वहां से सुरक्षित निकाल लिया गया है। बताया गया है कि साल 2015 के बाद डोनाल्ड ट्रंप पहली बार इस डिनर में शामिल हुए थे।
सामने आए एक वीडियो में देखा जा सकता है कि वॉशिंगटन हिल्टन होटल में डिनर चल ही रहा था कि अचानक गोली चलने या फिर बम के धमाके होने जैसी आवाजें आईं। उस वक्त डोनाल्ड ट्रंप डिनर टेबल पर बैठे थे। जैसे ही यह आवाज आई ट्रंप के साथ मौजूद सुरक्षाकर्मी उन्हें तुरंत वहां से निकालकर ले गए। बाकी के मेहमान टेबल के नीचे छिपते नजर आए।
यह भी पढ़ें: 'बहुत कुछ ऑफर हुआ लेकिन मैंने रिजेक्ट कर दिया', ईरान संग बातचीत पर बोले ट्रंप
गोलीबारी हुई लेकिन कोई घायल नहीं
थोड़ी देर बाद आए एक और वीडियो में देखा जा सकता है कि पूरे हॉल में अफरा-तफरी मच गई थी। वहां मौजूद लोग जल्दी-जल्दी निकलने की कोशिश में लगे हुए थे। रिपोर्ट के मुताबिक, व्हाइट हाउस कॉरेस्पोडेंट्स असोसिएन का यह डिनर वॉशिंगटन हिल्टन होटल में आयोजित किया गया था।
यह भी पढ़ें: ट्रंप के घटिया बयान का वैसा जवाब मोदी सरकार क्यों नहीं देती, जैसा ईरान देता है?
एक अधिकारी ने बताया है कि एक शख्स ने गोलीबारी की है लेकिन इसमें किसी को चोट नहीं लगी है। घटनास्थल पर मौजूद लोगों का कहना है कि पांच से आठ गोलियां चली हैं। जहां यह डिनर पार्टी चल रही थी, वहां सैकड़ों वरिष्ठ पत्रकार, सेलिब्रिटी, डोनाल्ड ट्रंप सरकार के प्रमुख नेता और अधिकारी मौजूद थे।
क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप?
इस घटना के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ पर पोस्ट करके लिखा है, 'वॉशिंगटन डीसी में सीक्रेट सर्विस और कानूनी एजेंसियों ने शानदार काम किया। उन्होंने तुरंत और बहादुरी से काम लिया। शूटर को पकड़ लिया गया है और मेरी राय है कि शो जारी रहना चाहिए लेकिन हमें सिर्फ लॉ एन्फोर्समेंट के हिसाब से काम करेंगे। वे जल्द ही फैसला लेंगे। हालांकि, अब यह शाम अलग होगी और अब हमें सबकुछ फिर से करना होगा।'
घटनास्थल पर मौजूद ANI की रिपोर्टर रीना भारद्वाज ने अपनी रिपोर्ट में बताया है, 'कुछ मिनट पहले ही हिल्टन होटल के बॉलरूम में खलबली मच गई थी। मैंने जोरदार आवाज सुनी और ऐसा लगा जैसे बर्तन टूट रहे हों लेकिन कुछ ही सेकेंड में मैंने देखा कि सर्व करने वाले लोग अपनी ट्रे लेकर तेजी से अंदर आए और छिपने की जगह ढूंढने लगे। तब मुझे लगा कि कुछ गड़बड़ है। सबसे पहले राष्ट्रपति को यहां से निकाला गया और फिर उनकी कैबिनेट के सदस्य स्कॉट बेसेंट, काश पटेल, पीट हेगसेथ और विटकॉफ आदि को निकाला गया। एलान किया गया है कि कुछ ही देर में कार्यक्रम फिर से शुरू होगा।'