अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान के खिलाफ फ्रांस से मदद मांगी। मगर फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने साफ इनकार कर दिया है। मैक्रों का यह सीधा जवाब शायद डोनाल्ड ट्रंप को पंसद नहीं आया। डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को लंच के वक्त इमैनुएल मैक्रों और उनकी पत्नी ब्रिगिट मैक्रोन का मजाक उड़ाया और इशारों-इशारों में मई 2025 की घटना का जिक्र कर दिया। मैक्रों का मजाक उड़ाने वाला यह वीडियो व्हाइट हाउस ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर अपलोड किया। हालांकि बाद में इसे हटा भी लिया।
इस बीच इमैनुएल मैक्रों गुरुवार को दक्षिण कोरिया पहुंचे। यहां डोनाल्ड ट्रंप के व्यवहार पर नाराजगी जताई। फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने कहा कि मेरी शादी के बारे में ट्रंप की बयानबाजी न तो शालीन थी और न ही मानक के अनुरूप। यही कारण है कि मैं उन्हें जवाब नहीं देने वाला हूं, वे जवाब देने लायक नहीं हैं।
यह भी पढ़ें: ट्रंप के बयान पर ईरान का पलटवार, कहा- सभी जोक्स को पीछे छोड़ दिया
क्या है पूरा मामला
वाशिंगटन में बुधवार को एक प्राइवेट लंच था। इसमें डोनाल्ड ट्रंप के अलावा कई अधिकारी और वाशिंगटन के धार्मिक नेता शामिल थे। ईरान मामले में फ्रांस से मदद मांगने का ट्रंप ने जिक्र किया। इसी दौरान उन्होंने न केवल इमैनुएल मैक्रो की मिमिक्री करने का प्रयास किया, बल्कि उनकी पत्नी तक भी मजाक उड़ा दिया। मैक्रों की नकल करते हुए ट्रंप ने कहा, 'हमें उनकी जरूरत नहीं थी, लेकिन फिर भी मैंने उनसे मदद मांगी। मैंने फ्रांस के मैक्रों को फोन किया, जिनकी पत्नी उनके साथ बेहद बुरा बर्ताव करती हैं। अब भी जबड़े पर लगे उस जोरदार मुक्के से उबर रहे हैं।'
ट्रंप ने आगे बताया, 'मैंने कहा, इमैनुएल खाड़ी में हमें मदद की बहुत जरूरत है। भले ही हम बुरे लोगों को हराने और बैलिस्टिक मिसाइलों को तबाह करने का रिकॉर्ड बना रहे हैं। हमें मदद की बेहद जरूरत है। अगर आप कर सकते हैं तो प्लीज तुरंत जहाज भेजें। ट्रंप ने आगे मैक्रों के जवाब को उन्हीं के लहजे में दोहराया, नहीं, नहीं... हम ऐसा नहीं कर सकते हैं, डोनाल्ड। हम युद्ध जीतने के बाद ऐसा कर सकते हैं।' ट्रंप ने आगे कहा, नहीं, नहीं, इमैनुएल, मुझे युद्ध जीतने के बाद जरूरत नहीं है।
यह भी पढ़ें: तो क्या नाटो से बाहर हो जाएगा अमेरिका? ट्रंप ने बताया क्या करने वाले हैं?
मैक्रों से जुड़ा मुक्का वाला मामला क्या है?
मई 2025 में इमैनुएल मैक्रों अपनी पत्नी ब्रिगिट मैक्रों के साथ वियतनाम की आधिकारिक यात्रा पर थे। यहां विमान से उतरते वक्त ऐसा लगा कि ब्रिगिट ने राष्ट्रपति मैक्रों के चेहरे को ढेकेला था। कुछ लोगों ने कहा कि उन्होंने मुक्का जड़ा तो किसी ने थप्पड़ की बात कही। बाद में राष्ट्रपति मैक्रों ने किसी भी तरह के घरेलू विवाद से इनकार किया। उन्होंने इतना कहा कि वे मजाक कर रहे थे। एसोसिएटेड प्रेस के एक कैमरा ऑपरेटर ने यह वीडियो रिकॉर्ड किया था। शायद ट्रंप का संदर्भ इसी वीडियो से है।