पूर्वी जापान भीषण बाढ़ की चपेट में है। नारिता एयरपोर्ट पर हजारों यात्री फंसे हैं। चिबा प्रांत में 26 हजार से अधिक घरों की बिजली गुल हो चुकी है। अब तक 8 लोगों की जान गई है। सोशल मीडिया पर बाढ़ के फोटो और वीडियो वायरल हैं। इसमें हर तरफ पानी ही पानी दिख रहा है। सड़क और रेल ट्रैक जलमग्न है। चिबा प्रांत राजधानी टोक्यो से सटा है। पिछले 24 घंटे में 360 मिमी से ज्यादा बारिश रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग ने और अधिक बारिश व बाढ़ की चेतावनी जारी की है।
जापान टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक चिबा और इबाराकी के अलावा सैतामा और गुन्मा प्रान्तों में 200 से अधिक निकासी केंद्रों की स्थापना की गई है। करीब चार लाख से अधिक लोगों के लिए निकासी आदेश जारी किया गया। नारिता एयरपोर्ट पर ही लगभग 7000 लोगों को रात बितानी पड़ी। चिबा प्रांत की सरकार ने आत्मरक्षा बलों का अनुरोध किया है, ताकि अपने घर लौटने में असमर्थ लोगों को सुरक्षित पहुंचाया जा सके। मौसम विभाग ने शनिवार तक भारी बारिश की संभावना जताई है।
यह भी पढ़ें: तुर्की में F-16 फाइटर जेट क्रैश, दो जगह उठते दिखा धुआं; क्या हमला हुआ?
ट्रेन सेवा प्रभावित, मेट्रो स्टेशन में फंसे यात्री
भारी बारिश की वजह से न केवल चिबा बल्कि टोक्यो के कुछ हिस्सों में यातायात व्यवस्था चरमरा चुकी है। मेट्रो स्टेशन पर बड़ी संख्या में यात्री फंसे हैं। करीब 1,800 लोगों ने चिबा प्रीफेक्चरल गवर्नमेंट बिल्डिंग में ही रात बिताई। कुछ स्थानों पर ट्रेन और एक्सप्रेस सेवाएं निलंबित रहीं।
घरों तक घुसा बाढ़ का पानी
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक आठ मृतकों में एक 70 वर्षीय महिला भी शामिल है। उसकी लाश एक वाहन के अंदर मिली। इसके अलावा इचिकावा में बाढ़ में फंसे एक व्यक्ति और सकुरा में कार में फंसी 66 वर्षीय महिला की भी जान गई। सड़कें, खेत, रेल ट्रैक और कारें जलमग्न हैं। बड़ी संख्या में लोगों के घरों में पानी घुस चुका है। इचिकावा, काशिवा और साकुरा शहरों में हालात सबसे अधिक खराब हैं।
चिबा के गवर्नर तोशिहितो कुमागाई ने कहा, 'जापान के ऐतिहासिक मौसम मानकों के हिसाब से यह मामला बेहद असामान्य है। मैंने अतीत में कई आपदाओं में सहायता की, लेकिन मैंने कभी इस तरह का मामला नहीं देखा।'
यह भी पढ़ें: कहानी कुर्दों की: अयातुल्ला से अमेरिका तक, जिन्हें हर किसी ने सिर्फ धोखा दिया
तीन गुना अधिक बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त
जापानी अधिकारियों के मुताबिक गुरुवार दोपहर को चिबा में प्रति घंटे 100 एमएम बारिश रिकॉर्ड की गई। यह अगस्त में होने वाली औसत बारिश से तीन गुना है। जापान में सबसे अधिक बारिश चिबा में ही रिकॉर्ड की गई। मौसम विभाग का कहना है कि पूर्वी हिस्से में बहने वाली गर्म और नम हवा ऊपर की ठंडी हवा के साथ मिलकर वायुमंडलीय स्थितियों को बेहद अस्थिर बना दिया है। बाढ़ इसी का नतीजा है।