भारतीय मूल के जोहरान ममदानी न्यूयॉर्क के मेयर बन गए हैं। न्यूयॉर्क, अमेरिका का सबसे बड़ा शहर है। मेयर चुनाव में उनकी जत लगभग तय मानी जा रही थी और वह जीत भी गए। उनकी जीत कई मायनों में ऐतिहासिक है। वह इसलिए, क्योंकि न्यूयॉर्क के मेयर बनने वाले ममदानी न सिर्फ पहले भारतवंशी हैं, बल्कि पहले दक्षिण एशियाई और पहले मुस्लिम भी हैं। इतना ही नहीं, ममदानी इस सदी के सबसे युवा मेयर भी हैं।
जोहरान ममदानी डेमोक्रेटिक पार्टी के उम्मीवार थे। उनका मुकाबला अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की रिपब्लिकन पार्टी के उम्मीदवार कर्टिस स्लीवा से था। मैदान में न्यूयॉर्क के पूर्व गवर्नर एंड्र्यू कुओमो भी थे, जिनका ट्रंप ने समर्थन किया था।
ट्रंप शुरुआत से ही जोहरान ममदानी के खिलाफ थे। ट्रंप ने ममदानी को 'पागल कम्युनिस्ट' बताया था। उन्होंने यह भी कहा था कि ममदानी अगर जीत जाते हैं तो न्यूयॉर्क में पूरी तरह से आर्थिक और सामाजिक अव्यवस्था फैल जाएगी।
यह भी पढ़ें-- क्या सीरिया के जैसे ढह जाएगा माली? अफ्रीकी देश में फैले विद्रोह की पूरी कहानी
कैसे जीते जोहरान ममदानी?
इस साल जून में प्राइमरी चुनाव हुए थे, जिसमें जोहरान ममदानी की जीत हुई थी। मेयर चुनाव में उनकी जीत तभी से तय मानी जा रही थी।
अब नवंबर में मेयर के लिए चुनाव हुए थे। 4 नवंबर को इसके लिए वोट डाले गए। न्यूयॉर्क बोर्ड ऑफ इलेक्शन ने बताया कि 1969 के बाद पहली बार मेयर चुनाव में 20 लाख से ज्यादा वोट डाले गए थे। ब्रुकलिन में 5.71 लाख, मैनहट्टन में 4.44 लाख, क्वींस में 4.21 लाख, ब्रान्क्स में 1.87 लाख और स्टेटन आइलैंड में 1.23 लाख वोट पड़े।
इलेक्शन बोर्ड ने बताया कि जोहरान ममदानी को 9,48,202 यानी 50.6% वोट मिले हैं। एंड्र्यू कुओमो को 7,76,547 यानी 41.3% और कर्टिस सिल्वा को 1,37,030 वोट मिले हैं।
यह भी पढ़ें: 'हमला करने की तैयारी करो', अब नाइजीरिया पर क्यों भड़के ट्रंप?
कौन हैं जोहरान ममदानी?
जोहरान ममदानी ने अपना चुनाव गरीबों और मजदूरों को ध्यान में रखकर लड़ा था। उनका कहना था कि वह अगर मेयर बनते हैं तो मजदूरों के आजीविका की लागत को कम कर देंगे।
उनकी मां मीरा नायर हैं, जो भारतीय मूल की फिल्म प्रोड्यूसर हैं। उनके पिता महमूद ममदानी कोलंबिया यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर थे। उनका जन्म युगांडा के कंपाला में 1991 में हुआ था। जब वह 7 साल के थे, तब उनका परिवार न्यूयॉर्क आ गया था। ममदानी 2018 में ही अमेरिकी नागरिक बने हैं।