अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के सबसे बड़े बेटे डोनाल्ड ट्रंप की शादी होने वाली है। अब चर्चा है कि डोनाल्ड ट्रंप ही इस शादी में शामिल नहीं होंगे। इसी के बारे में जब गुरुवार को उनसे सवाल पूछा गया तो ट्रंप का जवाब था कि अगर वह गए तो उन्हें मार डाला जाएगा। इसके आगे उन्होंने कहा कि अगर वह गए तब भी मारे जाएंगे और नहीं गए तब भी मारे जाएंगे और जाहिर है कि यह सब फेक न्यूज के चलते होगा। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान के चलते इस समय मुश्किल हालात हैं लेकिन वह कोशिश करेंगे कि अपने बेटे की शादी में जा पाएं।
ओवल ऑफिस में मीडिया से बातचीत के दौरान जब उनसे बेटे की शादी को लेकर सवाल पूछा गया तो उनका कहना है था कि ईरान की स्थिति ने उनके जाने को मुश्किल बना दिया है। हाल ही में खबरें आई थीं कि डोनाल्ड ट्रंप ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बात की थी लेकिन दोनों के बीच बहस हो गई थी। कहा जा रहा है कि अमेरिका अब इस मामले को खत्म करना चाहता है लेकिन इजरायल राजी नहीं है। यही वजह है कि अब यह आगे भी खिंचता जा रहा है।
क्या बोले डोनाल्ड ट्रंप?
बेटे की शादी के बारे में सवाल पूछे जाने पर डोनाल्ड ट्रंप ने कहा, 'वह (डोनाल्ड ट्रंप जूनियर) तो चाहेगा कि मैं जाऊं। यह एक छोटा सा और प्राइवेट कार्यक्रम होने वाला है। मैं पूरी कोशिश करूंगा कि जाऊं लेकिन मैं कहीं फंसा हुआ हूं। यह मेरे लिए सही टाइमिंग नहीं है। ईरान और कुछ अन्य मुद्दे हैं इसलिए मेरा जाना निश्चित नहीं है। मैं जाऊंगा तब भी मारा जाऊंगा, नहीं जाऊंगा तब भी। जाहिर है कि मैं फेक न्यूज की बात कर रहा हूं। मुझे उम्मीद है कि उनकी शादी शानदार होगी।'
https://x.com/Acyn/status/2057500004991009220
रिपोर्ट्स के मुताबिक, डोनाल्ड ट्रंप जूनियर की शादी बहामा के पाम बीच पर आयोजित होने वाले एक छोटे और प्राइवेट कार्यक्रम में होनी है। उनकी होने वाली पत्नी मॉडल बेटिना एंडरसन हैं। यह भी कहा जा रहा है कि शादी में बहुत कम लोगों को बुलाया गया है जिसमें परिवार के करीबी रिश्तेदार और कुछ चुने हुए दोस्त ही शामिल हैं। ट्रंप जूनियर और बेटिना एंडरसन ने पिछले साल दिसंबर में ही शादी करने का एलान किया था।
यह ट्रंप जूनियर की दूसरी शादी है। उनकी पहली पत्नी वनेसा ट्रंप से उनके कुल पांच बच्चे हैं और साल 2018 में ही दोनों का तलाक हो चुका था। तलाक के बाद उनकी सगाई किंबर्ली गिलफोयल से हुई थी जो अब ग्रीस में अमेरिका की राजदूत हैं। हालांकि, यह रिश्ता भी साल 2024 के आखिर तक टूट गया था।