अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जंग को एक महीना पूरा हो गया है। शनिवार को भी इजरायली वायुसेना ने तेहरान में भीषण तबाही मचाई। ईरान सरकार के बुनियादी ढांचों को निशाना बनाया गया। जवाब में ईरान ने इजरायल पर मिसाइल दागी। एक बैलेस्टिक मिसाइल यरुशलम के करीब एश्टाओल के पास जा गिरी। हमले में एक व्यक्ति की जान गई और कई अन्य घायल हैं।
इजरायली मीडिया के मुताबिक मध्य इजरायल में ईरानी बैलेस्टिक मिसाइल हमले में एक व्यक्ति की जान गई है। दिनभर में ईरान ने करीब छह बार मिसाइलों से हमला किया। इन मिसाइलों में क्लस्टर बम लगा था। इनके गिरने से एक बड़े इलाके में अफरा तफरी मच गई। मृतक व्यक्ति की पहचान 52 वर्षीय सिक्योरिटी गार्ड के तौर पर हुई है। वहीं इलाके के कई घरों को भारी नुकसान पहुंचा है।
यह भी पढ़ें: ट्रंप और मोदी के साथ बात में एलन भी थे? विदेश मंत्रालय ने सच बताया
लेबनान में इजरायल का हमला, पत्रकार की गई जान
उधर, लेबनान से हिजबुल्लाह लगातार उत्तरी इजरायल पर रॉकेट की बारिश कर रहा है। शुक्रवार और शनिवार को हुई ताजा झड़प में दो इजरायली सैनिकों को गंभीर और सात को मामूली चोट आई है। हिजबुल्लाह ने एंटी टैंक रोधी मिसाइल से इजरायली सैनिकों को निशाना बनाया। ईरान के सर्वोच्च नेता अली खामेनेई की मौत के बाद हिजबुल्लाह ने इजरायल के खिलाफ मोर्चा खोल रखा है।
इजरायली वायुसेना ने दक्षिणी लेबनान में एयर स्ट्राइक की। इसमें हिजबुल्लाह से जुड़े पत्रकार अली शोएब की जान गई है। इजरायली सेना ने कहा कि हिजबुल्लाह के रादवान फोर्स से जुड़े होने के कारण पत्रकार शोएब को निशाना बनाया गया है। वह हिजबुल्लाह से जुड़े अल-मनार टीवी चैनल के लिए काम करता था।
यूक्रेन ने ईरान को क्यों कहा झूठा?
इजरायल के अलावा ईरान के खाड़ी देशों पर हमले भी जारी हैं। शनिवार को ईरान के आईआरजीसी ने संयुक्त अरब अमीरात में यूक्रेन के एक एंटी-ड्रोन सिस्टम डिपो को तबाह करने का दावा किया। हालांकि कुछ देर बाद ही यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय ने ईरानी दावों का खंडन किया। यूक्रेन ने कहा कि यह झूठ है। हम आधिकारिक तौर पर इसका खंडन करते हैं। ईरानी शासन अक्सर ऐसे दुष्प्रचार अभियान चलाता है। वहीं आईआरजीसी ने अपने बयान में कहा कि यूक्रेन की इस सुविधा का इस्तेमाल अमेरिकी सेना की मदद में किया जाता था।
यह भी पढ़ें: 'हिंदू डरपोक कौम है', 'धुरंधर 2' में 14 सेकंड के रोल से स्टार बने विवेक सिन्हा
UAE पर 20 बैलेस्टिक मिसाइल से हमला
यूएई के रक्षा मंत्रालय ने अपने एक बयान में बताया कि शनिवार को ईरान ने 20 बैलेस्टिक मिसाइल और 37 ड्रोन से हमला किया। हालांकि सभी को नाकाम बना दिया गया। ईरान अब तक यूएई पर 398 बैलेस्टिक मिसाइल, 15 क्रूज मिसाइल और 1872 ड्रोन से हमला कर चुका है। आठ लोगों की जान गई और 178 लोग घायल हुए हैं।