logo

मूड

ट्रेंडिंग:

क्या परमाणु हमले की तरफ बढ़ रहा रूस? दिमित्री के लेख से यूरोप में हड़कंप

रूस की परमाणु हमले की धमकी और अंतरिक्ष में हथियारों की तैनाती ने वैश्विक चिंता बढ़ा दी है। यूरोप से अमेरिका तक क्यों मचा हड़कंप।

Vladimir Putin

व्लादिमीर पुतिन। (Photo Credit: AFP/PTI)

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप , चीन के शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने हाल ही में चीन के शेनझेन में मुलाकात की। तीनों नेताओं के बीच बैठक के बाद शेनझेन घोषणा पत्र जारी किया गया। इसमें तीनों नेताओं ने परमाणु जोखिम को कम करने पर जोर दिया। सहमति बनी कि परमाणु प्रसार और जोखिम को कम किया जाएगा।

 

मुलाकात और सहमति बनने को अभी 10 दिन भी नहीं बीते कि रूस ने परमाणु धमकी देकर दुनिया को हैरत में डाल दिया। उधर, उत्तर कोरिया टेक्टिकल न्यूक्लियर वैपन तैनात करने की तैयारी में है। एक खुफिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि रूस अंतरिक्ष में परमाणु हथियार तैनात करने वाला है। इससे अमेरिका और यूरोप की धड़कनें बढ़ गई हैं।

 

यह भी पढ़ें: अलीमा खान के खिलाफ फैसला बार-बार क्यों टल रहा है? अब 16 दिसंबर पर नजरें

अमेरिका और यूरोप को किसने डराया?

रूस की सिक्योरिटी काउंसिल के डिप्टी चेयरमैन दिमित्री मेदवेदेव ने मॉस्को जर्नल ऑफ इंटरनेशनल लॉ में 'स्टेट सॉवरेंटी एंड न्यूक्लियर वेपन्स: इंटरनेशनल लीगल एस्पेक्ट्स ऑफ एनश्योरिंग नेशनल सिक्योरिटी' नाम से एक लेख लिखा। इसमें उन्होंने लिखा कि नाटो देशों और यूक्रेन ने ऐसी स्थिति पैदा कर दी है कि रूस को परमाणु हमले की संभावना पर विचार करना पड़ रहा है। कोई भी निर्णय लेने से पहले मॉस्को इस बात का पूरा आकलन कर रहा है कि क्या जवाब नुकसान के हिसाब से सही होगा।

यह बयान क्यों चिंताजनक?

दिमित्री मेदवेदेव को रूस की सियासत का प्रभावशाली नेता माना जाता है। उनकी हर बात का दुनियाभर में विश्लेषण किया जाता है। वे रूस के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति तक रह चुके हैं। यही कारण है कि परमाणु हमले से जुड़ी उनकी बातों को न तो अमेरिका और न ही यूरोप हल्के में ले रहा है। अमेरिकी मीडिया में उनके इस बयान की खूब चर्चा है। अब सवाल उठता है कि ऐसी कौन सी परिस्थितियां पैदा की गईं, जिससे रूस परमाणु हमला करने पर विचार कर रहा है।

कैसे पहुंची परमाणु हथियार तक बात?

माना जा रहा है कि हाल के कुछ बड़े घटनाक्रमों ने रूस को भड़काया है। यूक्रेन ने फ्रंटलाइन से दूर रूसी जहाजों पर ड्रोन से हमला किया। रूस इन्हीं हमलों का जवाब देने की तैयारी में जुटा है। यूक्रेन ने ड्रोन हमले में रूसी कार्गो शिप स्पार्टा II को निशाना बनाया। जहाज पर यह हमला फिनलैंड के तट के करीब हुआ।

 

स्पार्टा पर हमले के कुछ घंटे बाद कैलिनिनग्राद एक्सक्लेव पर पहली बार ड्रोन गतिविधि दिखी। कैलिनिग्राद को रूस अपनी आखिरी लकीर मानता है। पुतिन खुद कह चुके हैं कि अगर कैलिनग्राद पर अटैक हुआ तो रूस परमाणु हमले की तरफ रुख करेगा।

 

22 नवंबर को लीबिया के बेनगाजी तट के पास दो रूसी जहाजों पर ड्रोन से हमला किया गया। इसमें एक जहाज कॉर्वेट मर्करी डूब गया। उसमें लदा एक हेलीकॉप्टर भी तबाह हो गया। एक अन्य शिप एवी अंगारा को भी नुकसान पहुंचा। यूक्रेन के राष्ट्रपति ने हमले की जिम्मेदारी ली। उन्होंने कहा कि बेनगाजी में रूसी जहाजों को सी ड्रोन से तबाह किया गया है। यह ड्रोन यूक्रेन में बने थे।

क्या अंतरिक्ष में परमाणु हथियार भेज रहा रूस?

परमाणु धमकी के बीच जर्मनी की एक खुफिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि रूस अगले 60 दिनों के भीतर अंतरिक्ष में परमाणु हथियार तैनात करने वाला है। हालांकि रूस ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है। जर्मनी ने इस खुफिया रिपोर्ट को नाटो देशों के साथ भी साझा किया।

जर्मन अखबारों का बड़ा दावा

जर्मनी के पब्लिक ब्रॉडकास्टर NDR और WDR के अलावा सुडड्यूशर जीतुंग अखबार ने अपनी रिपोर्ट में दावा किया कि रूसी सैटेलाइट स्पुतनिक-S में परमाणु वारहेड तैनात करने की क्षमता है। इसका इस्तेमाल अंतरिक्ष में अन्य सैटेलाइट को तबाह करने में हो सकता है। अगले दो महीने में रूस इस सैटेलाइट को लॉन्च करेगा। नाटो के मुखिया मार्क रूट ने अंतरिक्ष में रूस के परमाणु हथियार तैनात करने के सवाल पर कहा कि नाटो किसी भी खतरे से बचाव करेगा। हालांकि जर्मनी की रिपोर्ट से पूरे यूरोप में हड़कंप मचा है। हर देश रूस के इस कदम को अपने सुरक्षा जोखिम से जोड़कर देख रहा है। 

टैक्टिकल न्यूक्लियर वैपन पर नॉर्थ कोरिया का फोकस

नॉर्थ कोरिया के नेता किम जोंग उन ने साफ कर दिया है कि उनका देश परमाणु हथियारों को नहीं छोड़ेगा। परमाणु क्षमता आज एक हकीकत बन चुकी है। किम जोंग उन ने टैक्टिकल न्यूक्लियर वैपन तैनात करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तर कोरिया को अलग-अलग मिशन के लिए टैक्टिकल न्यूक्लियर हथियारों के इस्तेमाल करने की अपनी क्षमता पर फोकस करना चाहिए। उन्होंने इसे एक जरूरी और तुरंत किए जाने वाला काम बताया।

 

यह भी पढ़ें: छोटे से देश वानुअतु और फ्रांस के बीच तनाव, निर्जन द्वीपों पर कब्जे की लड़ाई


 किम जोंग उन के बयान के बाद सवाल उठ रहा है कि यह टैक्टिकल न्यूक्लियर हथियार क्या है? 2016 में पाकिस्तान के रक्षा मंत्री रहे ख्वाजा आसिफ ने भारत के खिलाफ टैक्टिकल न्यूक्लियर वेपन के इस्तेमाल की धमकी दी थी। उनका दावा था कि पाकिस्तान ने टैक्टिकल न्यूक्लियर वेपन विकसित किए हैं। यह केवल शोपीस नहीं है। पूर्व मंत्री शेख रसीद ने भी किलो-आधा किलो और पाव भर के परमाणु बमों का जिक्र किया था। 

क्या है स्ट्रेटेजिक न्यूक्लियर वैपन

दुनिया के परमाणु संपन्न देशों के पास स्ट्रेटेजिक न्यूक्लियर हथियारों का जखीरा है। मगर वर्तमान में रूस, अमेरिका और चीन जैसे देश टैक्टिकल न्यूक्लियर हथियारों पर फोकस करने में जुटे हैं। यह हथियार स्ट्रेटेजिक हथियारों की तुलना में छोटे होते हैं और इनका इस्तेमाल युद्ध के मैदानों को निशाना बनाने में किया जाएगा। दूसरी तरफ स्ट्रैटेजिक परमाणु हथियार दुश्मन देशों के शहरों को तबाह करने की क्षमता रखते हैं।

 

टैक्टिकल परमाणु हथियारों में एक्सप्लोसिव पावर 0.5 से 50 किलोटन तक होती है। यह परमाणु हथियार भले ही छोटे होते हैं, लेकिन हिरोशिमा में गिराए गए परमाणु बम की तुलना में अधिक तबाही मचा सकते हैं। दुनियाभर की परमाणु ताकतों को लगता है कि अगर दु्श्मन देश की सेना उसके इलाके में बढ़ती है तो टैक्टिकल न्यूक्लियर वैपन उन्हें रोकने का अच्छा विकल्प हो सकता है। इससे नुकसान एक सीमित दायरे में होगा। लेकिन इससे इस्तेमाल से बड़े स्तर पर परमाणु युद्ध छिड़ने के जोखिम पर कोई ध्यान नहीं देना चाहता है।

 


और पढ़ें