अमेरिका और इजरायल ने एक साथ ईरान के कई शहरों पर बमबारी की। जवाब में ईरान ने इजरायल पर मिसाइलों से हमला कर दिया है। इजरायल के अधिकांश शहरों में सायरन बजने लगे हैं। लोगों से घरों पर रहने की सलाह दी गई है। इस बीच इजरायल में अमेरिकी राजदूत माइक हकाबी ने अपने दूतावास के कर्मचारियों से बड़ी अपील की है। उन्होंने कहा कि जो इजरायल से जाना चाहता है, वह आज ही वहां से निकल जाए।
हकाबी ने दूतावास के कर्मचारियों को एक ईमेल भेजा। इसमें कहा कि जहां से भी संभव हो, वहां से फ्लाइट बुक कर लें। उन्होंने लिखा, 'आज हवाई जहाज की सीटों की भारी मांग होने की संभावना है। किसी ऐसी जगह से टिकट बुक करें, जहां से आप वाशिंगटन डीसी के लिए अपनी यात्रा जारी रख सकें, लेकिन पहली प्राथमिकता देश से जल्द से जल्द बाहर निकलने को दें।'
यह भी पढ़ें: ईरान को मिटाने पर क्यों तुले डोनाल्ड ट्रंप? हमले के बाद बताया सीक्रेट प्लान
चीन ने अपने नागरिकों को किया अलर्ट
अमेरिका के अलावा चीन और फ्रांस ने भी अपने नागरिकों से सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है। चीनी दूतावास ने कहा कि चीनी नागरिकों से आग्रह है कि वे इजरायली अधिकारियों से मिल रही नई जानकारियों और घटनाक्रमों पर बारीकी से नजर रखें और अनावश्यक रूप से यात्रा से बचें। उधर, ईरान की यात्रा भी न करने की सलाह दी गई है।
ब्रिटेन अपने नागरिकों से इजरायल की गैर-जरूर यात्रा न करने की अपील की। वहीं उसने अपने कुछ यात्रियों को तेल अवीव से दूसरी जगह भेजा है। फ्रांस और इटली ने भी अपने नागरिकों को सतर्क रहने का अनुरोध किया।
यह भी पढ़ें: अकेला ईरान, झुंड में इजरायल-अमेरिका, अंजाम क्या होगा? तेहरान ने बताया
इजरायल और अमेरिका ने शनिवार सुबह लगभग पूरे ईरान पर बमबारी की। सबसे अधिक एयर स्ट्राइक राजधानी तेहरान में देखी गईं। फार्स समाचार एजेंसी के मुताबिक तेहरान में यूनिवर्सिटी स्ट्रीट और जोम्हूरी इलाके में कई मिसाइलें गिरी हैं। वहीं तेहरान ने भी जवाबी कार्रवाई शुरू कर दी है। अब तक इजरायल पर कई राउंड की मिसाइलें दागीं जा चुकी हैं। इजरायली सेना का दावा कि अधिकांश मिसाइलों को नष्ट कर दिया गया है। कोई हताहत नहीं है। बड़ी संख्या में इजरायली नागरिकों ने बंकर में शरण ले रखी है।