माइक्रोसॉफ्ट के को-फाउंडर और अरबपति बिल गेट्स एक बार फिर अपनी पुरानी गलतियों की वजह से सुर्खियों में हैं। अमेरिकी न्याय विभाग की ओर से दोषी यौन अपराधी जेफरी एपस्टीन से जुड़े दस्तावेज जारी करने के बाद गेट्स ने अपनी चुप्पी तोड़ी है। गेट्स ने माना कि एपस्टीन के साथ उनका जुड़ाव एक बड़ी गलती थी और उन्हें उस आदमी के साथ बिताए 'हर एक मिनट' का बहुत पछतावा है।
हाल ही में जारी की गई लाखों फाइलों में जेफरी एपस्टीन का लिखा एक ड्राफ्ट ईमेल भी था। इस ईमेल में एपस्टीन ने बिल गेट्स पर कई गंभीर और पर्सनल आरोप लगाए थे। हालांकि, ऑस्ट्रेलिया के 9न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में गेट्स ने इन दावों को साफ तौर पर खारिज कर दिया। उन्होंने कहा, 'वह ईमेल कभी भेजा ही नहीं गया था और उसमें लिखी बातें पूरी तरह से झूठी हैं। मुझे समझ नहीं आता कि वह क्या सोच रहा था, शायद वह मुझ पर हमला करने की कोशिश कर रहा था।'
यह भी पढ़ें: US-इंडिया ट्रेड एग्रीमेंट की कमान किसने संभाली? जयशंकर ने अमेरिका में बताया
बिल गेट्स के प्रवक्ता ने यह भी साफ किया कि ये डॉक्यूमेंट्स सिर्फ जेफरी एपस्टीन की निराशा को दिखाते हैं। वह गेट्स के साथ रिश्ता बनाने में नाकाम रहा था, इसलिए उसने उन्हें फंसाने और बदनाम करने की कोशिश की।
क्यों हुई थी एपस्टीन से मुलाकात?
बिल गेट्स ने अपने बचाव में बताया कि वह जेफरी एपस्टीन से पहली बार 2011 में मिले थे। मीटिंग का खास मकसद परोपकारी कामों के लिए फंड इकट्ठा करना था। गेट्स के अनुसार, एपस्टीन ने दावा किया था कि वह ग्लोबल हेल्थ पहलों के लिए अमीर लोगों से डोनेशन दिलवा सकते हैं। हालांकि, गेट्स अब मानते हैं कि यह एक बेकार कोशिश साबित हुई। उन्होंने यह भी साफ किया कि वह कभी एपस्टीन के विवादित प्राइवेट आइलैंड पर नहीं गए।
यह भी पढ़ें: 'हम भारत के खिलाफ मैच नहीं खेलेंगे', शहबाज ने फिर दोहराया पाकिस्तान का फैसला
मेलिंडा गेट्स का छलका दर्द
इस खुलासे ने बिल गेट्स की पूर्व पत्नी मेलिंडा फ्रेंच गेट्स के पुराने जख्मों को फिर से हरा कर दिया है। एक इंटरव्यू में मेलिंडा ने कहा कि इन डॉक्यूमेंट्स के सामने आने से उनकी शादी के बेहद दर्दनाक पल वापस आ गए हैं। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि बिल गेट्स को सभी अनसुलझे सवालों के जवाब देने होंगे, क्योंकि इन मामलों से उनका कोई लेना-देना नहीं है। यह ध्यान देने वाली बात है कि बिल और मेलिंडा का 2021 में तलाक हो गया था।