अमेरिका में इन दिनों चुनाव के दौरान वोटर ID को अनिवार्य बनाने को लेकर एक बार फिर चर्चा गरम है। इस बहस के बीच टेक्सास के डेमोक्रेटिक नेता जेम्स टालारिको का एक बयान काफी वायरल हो रहा है। इसमें उनके वोटर ID का विरोध करने की बात कही जा रही है। हालांकि, जेम्स का कहना है कि वह वोटर ID के खिलाफ नहीं हैं। बल्कि उनकी आपत्ति पहचान पत्र के भेदभावपूर्ण नियमों और उन्हें लागू करने के तरीके को लेकर है।
उन्होंने माना कि वोट करने के लिए प्रमाण पत्र एक ही मान्य होना चाहिए। उदाहरण के लिए, टेक्सास में गन लाइसेंस से वोट डाला जा सकता है, लेकिन किसी सरकारी यूनिवर्सिटी का स्टूडेंट ID मान्य नहीं है। इस बयान के बाद स्टारलिंक के CEO एलन मस्क भी इस विवाद में कूद पड़े हैं। उन्होंने जेम्स को अमेरिका विरोधी तक बता दिया।
यह भी पढ़ें: बिना टेस्ट 3.8 लाख फर्जी कोविड रिपोर्ट बनाई, भारतीय मूल के लैब मालिक पर केस
जेम्स टालारिको का रुख
जेम्स टालारिको टेक्सास से डेमोक्रेटिक पार्टी के नेता हैं और पूर्व शिक्षक रह चुके हैं। वोटर ID को लेकर उठ रहे सवालों के बीच उन्होंने हाल ही में एक न्यूज चैनल पर स्पष्ट किया कि वह निष्पक्ष पहचान-पत्र व्यवस्था के पक्ष में हैं। उनका मुख्य विरोध वोटर ID से नहीं उसके नियमों से है। उनका कहना है कि नियम सबके लिए एक जैसा होना चाहिए। अगर सरकार एक तरह के फोटो ID को मान्य मानती है तो दूसरे वैध पहचान पत्रों को बाहर रखने का ठोस कारण होना चाहिए।
उनका कहना है कि नियम ऐसे न बनाए जाएं जिससे समाज के किसी खास वर्ग या युवाओं के लिए वोट डालना दूसरों की तुलना में मुश्किल हो जाए। पहचान पत्र की जांच इस तरह हो कि हर योग्य नागरिक बिना किसी परेशानी के अपना वोट डाल सके।
क्या 84% अमेरिकी वोटर ID के पक्ष में हैं?
सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि 84% अमेरिकी वोटर ID का समर्थन करते हैं। अलग-अलग सर्वे के आंकड़े देखें तो यह बात काफी हद तक सच साबित होती है। Pew Research Center के सर्वे के मुताबिक लगभग 83% अमेरिकी वयस्क वोटिंग के लिए सरकारी फोटो पहचान पत्र को जरूरी मानते हैं। इसमें 95% रिपब्लिकन और 71% डेमोक्रेट समर्थक शामिल हैं। Gallup के सर्वे में भी यह आंकड़ा 84% के आसपास दर्ज किया गया था। इन आंकड़ों से साफ है कि वोटर ID की अनिवार्यता पर रिपब्लिकन और डेमोक्रेट, दोनों पक्षों के आम लोगों का समर्थन हासिल है।
टेक्सास में वोटर ID के नियम क्या कहते हैं?
टेक्सास में पोलिंग बूथ पर जाकर वोट डालने के लिए 7 स्वीकृत फोटो ID में से किसी एक को दिखाना जरूरी होता है। ड्राइविंग लाइसेंस, राज्य का पहचान पत्र, चुनाव पहचान प्रमाणपत्र, हैंडगन लाइसेंस, सैन्य पहचान पत्र, अमेरिकी नागरिकता प्रमाणपत्र और अमेरिकी पासपोर्ट।
इस आधिकारिक सूची में किसी पब्लिक कॉलेज या यूनिवर्सिटी का स्टूडेंट कार्ड शामिल नहीं है। हालांकि, जिन वैलिड वोटर के पास ये 7 ID नहीं हैं उनके लिए वैकल्पिक दस्तावेज जैसे राशन कार्ड या बिजली बिल और एक फॉर्म भरकर वोट डालने की छूट दी जाती है।
यह भी पढ़ें: PM का भाषण, सेना का मंच और चुनावी नियम; इजरायल में क्या कहता है कानून?
असली बहस क्या है?
वोटर ID की इस पूरी बहस को दो नजरियों से देखा जा रहा है। समर्थकों का मानना है कि अनिवार्य वोटर ID से फर्जी मतदान रुकता है। इसके साथ ही चुनावी प्रक्रिया में लोगों का भरोसा मजबूत होता है। आलोचकों की चिंता है कि जब चुनिंदा पहचान पत्रों को ही मंजूरी दी जाती है तो गरीब या युवा मतदाताओं के लिए वोट डालना मुश्किल हो जाता है। अमेरिका में चल रहा यह विवाद वोटर ID को पूरी तरह हटाने का नहीं है बल्कि नियमों को पारदर्शी और निष्पक्ष बनाने का है।