नेपाल के रसुवा क्षेत्र में भोटेकोशी नदी में भीषण बाढ़ से भारी तबाही हुई है। नेपाल के राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन प्राधिकरण (NDRRMA) के मुताबिक, बाढ़ प्रभावित इलाकों से अब तक 165 शव बरामद किए गए हैं। शवों की पहचान प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा, 826 लोग लापता हैं, जिनमें सेना, पुलिस और अर्धसैनिक बल के जवानों के साथ-साथ 579 पर्यटक भी शामिल हैं।
इस आपदा में प्रभावित लोगों की खोज और उनके बचाव कार्य के लिए रसुवा और नुवाकोट में नेपाली सेना और निजी हेलिकॉप्टर लगाए गए हैं। घायलों के इलाज के लिए नुवाकोट जिला अस्पताल में सेना, पुलिस, अर्धसैनिक बल और बड़े अस्पतालों के डॉक्टरों की टीमें भेजी गई हैं।
यह भी पढ़ें: Nepal Floods: कब, कहां और कैसे आई नेपाल में विनाशकारी बाढ़? भारत में कहां खतरा?
कहां, कितने लोगों की गई जान?
रिपोर्ट के मुताबिक, इस आपदा में 165 शव मिले हैं। धादिंग में 27, नुवाकोट में 12, रसुवा में 2, गोरखा में 20, नवलपरासी पूर्व में 26, तनहूं में 9, चितवन में 64 और नवलपरासी पश्चिम से 5 शव बरामद किए गए हैं। इसके अलावा, अब तक कुल 73 लोगों के घायल होने की पुष्टि हुई है। इनमें से रसुवा में 43, नुवाकोट में 27 और धादिंग में 3 लोग घायल हुए हैं।
प्रभावित लोगों के लिए तुरंत अस्थायी आवास, खाना, साफ पानी और दवाइयों की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही घायलों का तुरंत इलाज, लापता लोगों की खोज, राहत सामग्री बांटना, और सड़क, पुल, बिजली और पानी जैसी टूटी सुविधाओं की मरम्मत करने का काम चालू है।
826 लोग लापता
रिपोर्ट के मुताबिक, कुल 826 लोग लापता हैं। इनमें 28 नेपाली पुलिस, 44 नेपाली सेना, 13 अर्धसैनिक बल शामिल हैं। इसके अलावा, रसुवा (DEOC से मिली जानकारी में 161 लोग और नुवाकोट DEOC से मिली जानकारी में 1 लोगों के लापता होने की पुष्टि हुई है। वहीं, कुल 579 पर्यटक भी लापता हैं।
बचाव कार्य में कुल 7,415 सुरक्षाकर्मी लगाए गए हैं। इनमें 3,318 नेपाली पुलिस, 2,355 नेपाली सेना और 1,742 अर्धसैनिक बल तैनात हैं। अब तक हेलिकॉप्टर से कुल 239 लोगों को बचाया जा चुका है। इनमें से 211 लोगों को नेपाली सेना के हेलिकॉप्टर से, जबकि 28 लोगों को निजी हेलिकॉप्टर से सुरक्षित निकाला गया।
यह भी पढ़ें: सिक्किम, केदारनाथ और अब नेपाल, क्या है GLOF जिसकी वजह से हर बार मची तबाही?
भारत ने भेजी नेपाल को मदद
गाजियाबाद के हिंडन एयरबेस से बाढ़ प्रभावित नेपाल की मदद के लिए एक और विमान रवाना हुआ है। इस विमान में 37.5 टन राहत सामग्री भेजी गई है, जिसमें दवाइयां और खाने के पैकेट शामिल हैं। यह इस तरह की दूसरी उड़ान है, जो भारत की तरफ से नेपाल को आपदा राहत सहायता पहुंचा रही है।
बुधवार रात करीब 8:35 बजे भारत ने नेपाल के लिए राहत सामग्री की पहली खेप रवाना की थी। बुधवार रात करीब 8:35 बजे भारत ने नेपाल के लिए राहत सामग्री की पहली खेप रवाना की थी। इसमें कुल 10 टन राहत सामग्री भेजी गई, जिसमें अस्थायी शेल्टर, कंबल, स्वच्छता किट, सोलर लैंप और दवाइयां शामिल थीं।