logo

मूड

ट्रेंडिंग:

किम जोंग उन की मौत की अफवाह उड़ी, नॉर्थ कोरिया ने तस्वीरें जारी कर किया खारिज

उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग उन को लेकर अफवाह फैली कि अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। इसके बाद अब उनकी नई तस्वीरें सामने आई हैं।

Kim Jong Un किम जोंग उन

किम जोंग उन, Photo Credit: Social Media

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

उत्तर कोरिया के सुप्रीम नेता किम जोंग उन की मौत को लेकर सोशल मीडिया पर अफवाह फैली हुई है। इन अफवाहों के बीच देश की सरकारी मीडिया ने उनकी नई तस्वीरें जारी की हैं। इन तस्वीरों में किम जोंग उन प्योंगयांग में कपड़ों और जूतों की एक प्रदर्शनी का दौरा करते नजर आ रहे हैं। यह तस्वीरें ऐसे समय में जारी की गई हैं जब दावा किया जा रहा था कि किम जोंग उन के दिमाग की नस फट गई है, जिसके बाद वह कोमा में चले गए और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

 

उत्तर कोरिया की सरकारी मीडिया के मुताबिक, किम ने 19 अक्टूबर को प्रदर्शनी का दौरा किया था और उनकी तस्वीरें अगले दिन जारी की गईं। इन तस्वीरों को उनकी मौत की अफवाहों के बीच उनके सार्वजनिक रूप से मौजूद होने के सबूत के तौर पर देखा जा रहा है। हालांकि, सोशल मीडिया पर किए जा रहे दावों का कोई ठोस आधार नहीं था। 

 

यह भी पढ़ें: हिमाचल के 7 शक्तिपीठों में 10 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

तस्वीरों में क्या दिखा?

उत्तर कोरिया के सरकारी अखबार रोडोंग सिनमुन और सरकारी समाचार एजेंसी केसीएनए की ओर से जारी तस्वीरों में किम जोंग उन अधिकारियों के साथ प्रदर्शनी का निरीक्षण करते दिखाई दे रहे हैं। एक तस्वीर में वह एक महिला के हाथ में पकड़े छोटे गुलाबी जूते को झुककर देखते नजर आते हैं। दूसरी तस्वीर में वह एक अधिकारी से बातचीत करते दिखाई देते हैं, जबकि तीसरी तस्वीर में महिलाओं के कोट को देखते नजर आ रहे हैं। कुछ तस्वीरों में उनकी बेटी किम जू ए भी उनके साथ दिखाई दीं। सरकारी मीडिया की ओर से इन तस्वीरों को जारी करना इसलिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है, क्योंकि इससे पहले कई दिनों तक किम की कोई नई सार्वजनिक तस्वीर सामने नहीं आई थी।

क्यों शुरू हुई मौत की अफवाह?

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, अमेरिका में रहने वाले चीनी असंतुष्ट वानजुन शिए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किम जोंग उन की मौत को लेकर कई दावे किए थे। उन्होंने दावा किया कि किम के दिमाग की नस फट गई थी और उन्हें गंभीर हालत में बीजिंग के एक अस्पताल में ले जाया गया था। शिए के अनुसार, डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके और उनका शव गुप्त रूप से उत्तर कोरिया वापस ले जाया गया। उन्होंने यह भी दावा किया कि उत्तर कोरिया में सत्ता को लेकर संकट पैदा होने की आशंका के बीच चीन ने प्योंगयांग में 9,000 सैनिक भेजे हैं। हालांकि, इन दावों के समर्थन में कोई विश्वसनीय सबूत या स्वतंत्र पुष्टि सामने नहीं आई। दक्षिण कोरिया के अधिकारियों ने भी कहा कि उन्हें किम की मौत से जुड़े दावों की पुष्टि करने वाली कोई जानकारी नहीं मिली है।

बहन को लेकर हो रहे दावे

किम की मौत की अफवाहों के साथ ही उनकी बहन किम यो जोंग के सत्ता संभालने की चर्चाएं भी तेज हो गई थीं। किम यो जोंग उत्तर कोरिया की राजनीति में प्रभावशाली भूमिका निभाती हैं और उन्हें अपने भाई के करीबी नेताओं में गिना जाता है। सोशल मीडिया पर दावा किया गया कि किम जोंग उन की मौत के बाद सत्ता उनकी बेटी किम जू ए के बजाय उनकी बहन के हाथों में चली गई है। लेकिन इस दावे की भी कोई स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई। किम जू ए पिछले कुछ वर्षों में कई सैन्य और सरकारी कार्यक्रमों में अपने पिता के साथ नजर आई हैं, जिसके कारण उत्तर कोरिया में भविष्य के नेतृत्व को लेकर अटकलें लगती रही हैं। 

 

यह भी पढ़ें: पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 6 IPS और 22 HPS के तबादले

पहले भी उड़ी थी मौत की अफवाह

किम जोंग उन की सेहत और उनके सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आने को लेकर पहले भी ऐसी अटकलें लगती रही हैं। साल 2020 में भी उनकी मौत की खबरें फैल गई थीं। उस समय दावा किया गया था कि दिल से जुड़ी सर्जरी के बाद उनकी हालत गंभीर हो गई और उनकी मौत हो गई। 

हालांकि, कुछ समय बाद किम सार्वजनिक रूप से सामने आए और मौत की खबरें गलत साबित हुईं। उत्तर कोरिया एक ऐसा देश है जिसके टॉप के नेताओं के बारे में सार्वजनिक तौर पर बहुत कम जानकारी रहती है। इस वजह से वहां के नेता लंबे समय तक सार्वजनिक रूप से नजर नहीं आते, तो अफवाहों को बढ़ने का मौका मिल जाता है। इस बार भी सरकारी मीडिया ने उनकी तस्वीरें जारी कर अफवाहों को खारिज किया है। 

 

Related Topic:#Kim Jong Un

और पढ़ें